SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

न रुका स्कूटर, न चूका निशाना: हवा में उछाला अखबार और सीधे पहुंचा दरवाजे के पार; हॉकर का टैलेंट देख दंग रह गए लोग

सुबह घर के बाहर अखबार गिरने की आवाज तो आपने कई बार सुनी होगी, लेकिन क्या कभी किसी अखबार वाले को ऐसा निशाना लगाते देखा है कि पेपर सीधे दरवाजे पर खड़े शख्स के हाथ में पहुंच जाए? सोशल मीडिया पर Paper Boy Deep नाम से मशहूर एक हॉकर का वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. वह चलते स्कूटर और साइकिल से ऐसे सटीक थ्रो करता है कि लोग उसे प्रोफेशनल खिलाड़ी से कम नहीं मान रहे.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 23, 2026, 12:17 PM IST | Updated: Oct 23, 2026, 12:27 PM IST
Image Credit: Instagram/@paper_boy_deep | पेपर ब्वॉय दीप के अखबार फेंकने का अंदाज वायरल!
Join

सुबह-सुबह गली में स्कूटर की आवाज आए और अगले ही पल अखबार घर के दरवाजे पर पहुंच जाए, तो आमतौर पर कोई इस पर ज्यादा ध्यान नहीं देता. लेकिन Paper Boy Deep के साथ मामला थोड़ा अलग है. उनका अखबार फेंकने का अंदाज ही ऐसा है कि लोग वीडियो को बार-बार देखकर हैरान हो रहे हैं.

इंस्टाग्राम पर Paper Boy Deep के नाम से पहचाने जाने वाले दीप अखबार बांटने के अपने खास तरीके की वजह से चर्चा में हैं. वह सड़क पर चलते हुए अखबार मोड़ते हैं, निशाना लगाते हैं और फिर एक झटके में उसे फिक्स जगह पर पहुंचा देते हैं. उनका निशाना इतना सटीक है कि लोगों के लिए वीडियो देखकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है.

कभी छोटे गैप से निकला अखबार, कभी सीधे हाथ में

दीप के वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान उनकी पिन प्वाइंट एक्यूरेसी खींचती है. कहीं अखबार किसी संकरी जगह से निकलकर सही ठिकाने पर पहुंचता है, तो कहीं घर के बाहर इंतजार कर रहे व्यक्ति के हाथ में जा गिरता है. खास बात यह है कि दीप को हर बार रुककर अखबार रखने की जरूरत नहीं पड़ती. वह अपनी रफ्तार बनाए रखते हुए डिलीवरी करते दिखाई देते हैं. उनके हाथ का अंदाज और निशाना देखकर ऐसा लगता है, जैसे उन्होंने इस काम की बाकायदा प्रैक्टिस की हो. हालांकि, इसके पीछे कोई जादू या खास तकनीक होने का दावा नहीं है. रोजाना एक ही तरह का काम करते हुए हाथों में आया अभ्यास और सही समय पर लगाया गया निशाना ही उनकी सबसे बड़ी ताकत नजर आता है.

 

 

स्कूटर हो या साइकिल, निशाना नहीं डगमगाता

दीप की डिलीवरी सिर्फ स्कूटर तक सीमित नहीं है. उनके वीडियो में साइकिल से अखबार बांटने के दौरान भी यही अंदाज देखने को मिलता है. वह गली-मोहल्लों से गुजरते हैं, अखबार को हाथ में तैयार करते हैं और फिर सही जगह देखकर उसे उछाल देते हैं. अखबार को किस तरह मोड़ना है, कितनी ताकत से फेंकना है और किस दिशा में निशाना लगाना है, इन सबका तालमेल इस काम में अहम है. जरा सी चूक होने पर पेपर गलत जगह गिर सकता है. लेकिन दीप के वीडियो में कई थ्रो इतने सटीक नजर आते हैं कि देखने वाले उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाते.

किसी ने बताया GPS वाला अखबार, किसी ने ओलंपिक खेल!

दीप के वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मजेदार कमेंट्स की भी भरमार है. लोग उनके निशाने की तुलना खिलाड़ियों से कर रहे हैं. कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि अखबार फेंकने को भी ओलंपिक में शामिल कर लेना चाहिए. एक यूजर ने उनको 'GPS वाला अखबार' बता दिया. वहीं, दूसरे ने मजाक में लिखा कि दीप ने सुबह-सुबह ही ज्योमेट्री का पूरा हिसाब समझ लिया है. कुछ लोगों ने उनके थ्रो की तुलना सुपरहीरो के अंदाज से भी की. दीप के वीडियो पर आने वाले ये कमेंट बताते हैं कि लोगों को उनका काम कितना दिलचस्प लग रहा है. जो काम आमतौर पर रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, वही अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.

 

 

वायरल होने के लिए नहीं, काम के लिए दिखाते हैं हुनर

सोशल मीडिया पर आजकल तरह-तरह के स्टंट और वीडियो देखने को मिलते हैं. कई वीडियो खास सेटअप, महंगे कैमरे या पहले से तैयार किए गए सीन के जरिए बनाए जाते हैं. लेकिन दीप की लोकप्रियता की वजह उनका रोज का काम है. वह कोई अलग खेल दिखाने के लिए मैदान में नहीं उतरते. उनका काम अखबार पहुंचाना है और उसी दौरान उनकी सटीकता लोगों को प्रभावित कर रही है. यही वजह है कि उनके वीडियो में दिखने वाला हुनर आम जिंदगी से जुड़ा महसूस होता है. कई लोग उनके काम को देखकर यह भी समझ रहे हैं कि किसी काम को रोज करते रहने से उसमें कितनी अच्छी पकड़ बन सकती है. जिस काम को दूसरे लोग मामूली समझ सकते हैं, उसी में मेहनत और अभ्यास से कोई अपनी अलग पहचान बना सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES