)
घूमने-फिरने के शौकीन लोग अक्सर अपनी जिंदगी में कुछ खास जगहों पर जाने का सपना देखते हैं. कोई पहाड़ों में वक्त बिताना चाहता है तो किसी को ऐतिहासिक इमारतें देखने का शौक होता है. लेकिन एक पाकिस्तानी लड़की की ख्वाहिश कुछ अलग है. वह भारत की उन जगहों को देखना चाहती है, जिनके बारे में उसने बचपन से सुना और फिल्मों में देखा है.
इस लड़की का नाम मुस्कान है. वह सोशल मीडिया पर @muskaan.travels नाम से अपना ट्रैवल कंटेंट शेयर करती है. अब तक 20 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुकी मुस्कान फिलहाल जर्मनी में रहती है. हाल ही में उसने इंस्टाग्राम पर भारत घूमने की इच्छा जाहिर करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया है.
मुस्कान ने वीडियो में अपनी बात कुछ इस अंदाज में रखी कि वह पाकिस्तानी जरूर है, लेकिन उसका दिल दिल्ली में बसता है. उसने बताया कि जिस दिन उसे जर्मन पासपोर्ट मिल जाएगा, भारत वह पहला देश होगा, जहां वह घूमने जाएगी. उसकी इस बात ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है. मुस्कान ने सिर्फ भारत आने की इच्छा नहीं जताई, बल्कि उन जगहों और अनुभवों की पूरी लिस्ट भी शेयर की है, जिन्हें वह यहां आकर देखना और महसूस करना चाहती है.
मुस्कान ने अपने पोस्ट के कैप्शन में बताया कि उसकी बकेट लिस्ट में शामिल कुछ चीजें ऐसी हैं, जिन्हें वह बचपन से देखना चाहती थी. उस समय वह बॉलीवुड फिल्में देखा करती थी और भारत की जगहों को देखकर उनके बारे में सोचती थी. वहीं, कुछ जगहों के बारे में उसे हाल ही में पता चला. इनमें मेघालय के लिविंग रूट ब्रिज भी शामिल हैं. इनके बारे में जानकर वह हैरान रह गई और उसने सवाल किया कि क्या सच में पेड़ों की जड़ों से बने ऐसे पुल भी होते हैं?
मुस्कान की इंडिया बकेट लिस्ट में सबसे खास अनुभवों में से एक वाराणसी की शाम की गंगा आरती है. वह नाव पर बैठकर गंगा के बीच से इस आरती को देखना चाहती है. इसके अलावा दिल्ली के लोटस टेंपल को भी अपनी आंखों से देखना उसकी इच्छा है. उसकी लिस्ट में ताजमहल भी शामिल है. मुस्कान यहां सूर्योदय के समय पहुंचना चाहती है, जिससे सुबह की रोशनी में इस ऐतिहासिक इमारत को देख सके.
मुस्कान की पसंद सिर्फ बड़े शहरों और मशहूर इमारतों तक सीमित नहीं है. वह मेघालय जाकर वहां के लिविंग रूट ब्रिज पर चलना चाहती है. ये पुल पेड़ों की जिंदा जड़ों को एक खास तरीके से बढ़ाकर तैयार किए जाते हैं. इन्हें देखने के लिए दुनिया भर से लोग मेघालय पहुंचते हैं. इसके अलावा वह नागालैंड के हॉर्नबिल फेस्टिवल में शामिल होकर वहां के ट्रेडिशनल नृत्य और संस्कृति को करीब से देखना चाहती है. ऋषिकेश में गंगा किनारे सुबह के समय योग करना भी उसकी लिस्ट में है.
मुस्कान भारत आकर होली भी खेलना चाहती है. भारतीय त्योहारों और यहां की रंगीन संस्कृति को करीब से महसूस करना उसके लिए खास अनुभव होगा. इसके साथ ही वह राजस्थान के जैसलमेर में रेगिस्तान के बीच कैंप लगाकर रात बिताना चाहती है. उसकी इच्छा है कि खुले आसमान के नीचे तारों को देखते हुए रात गुजारे. इस तरह उसकी बकेट लिस्ट में धार्मिक जगहों, प्राकृतिक नजारों, त्योहारों और एडवेंचर का अच्छा मेल दिखाई देता है.
मुस्कान की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी उसकी लिस्ट में कई जगहें जोड़ने की सलाह दी. एक यूजर ने लिखा कि भारत में घूमने के लिए बहुत कुछ है. वहीं, दूसरे यूजर ने उसे स्पीति वैली, लद्दाख और केरल जाने की सलाह दी. कुछ लोगों ने उसकी भारत घूमने की इच्छा की तारीफ भी की. फिलहाल मुस्कान की यह ट्रिप कब पूरी होगी, यह उसके जर्मन पासपोर्ट मिलने पर निर्भर करेगा. लेकिन उसकी बकेट लिस्ट देखकर इतना जरूर है कि भारत आने पर उसके पास घूमने के लिए जगहों की कमी नहीं होगी.