App

'सरहद पार भी गूंजा जय श्री राम': पाकिस्तान में चढ़ा रणबीर-यश की 'रामायण' का बुखार; मंदिर में पोस्टर लगा हिंदुओं ने मांगी दुआ

भारत से हजारों किलोमीटर दूर पाकिस्तान के कराची में एक मंदिर के बाहर ढोल बज रहे हैं, लोग 'जय श्रीराम' के नारे लगा रहे हैं और हाथों में फिल्म 'रामायण' के पोस्टर लेकर जश्न मना रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वहां के हिंदू समुदाय के लोग रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की आने वाली फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं. कुछ लोगों ने तो फिल्म को ऑस्कर मिलने की उम्मीद भी जताई है.

'सरहद पार भी गूंजा जय श्री राम': पाकिस्तान में चढ़ा रणबीर-यश की 'रामायण' का बुखार; मंदिर में पोस्टर लगा हिंदुओं ने मांगी दुआ
Image Credit: r/RamayanaTheFilm | पाकिस्तान में रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' का जश्न!

फिल्मों को लेकर लोगों की दीवानगी अक्सर देखने को मिलती है, लेकिन जब किसी फिल्म का जश्न सरहद पार तक पहुंच जाए, तो वह चर्चा का विषय बन जाता है. इन दिनों पाकिस्तान के कराची से सामने आया एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.

वीडियो में कराची के हिंदू समुदाय के कुछ लोग हाथों में फिल्म 'रामायण' के पोस्टर लेकर नजर आते हैं. कहीं ढोल बज रहे हैं, तो कहीं लोग गाने की धुन पर नाचते दिखाई देते हैं. इस दौरान 'जय श्रीराम' के नारे भी सुनाई देते हैं. हिंदू समुदाय के लोग एक लोकल मंदिर में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की आने वाली फिल्म 'रामायण' का पोस्टर लेकर दर्शन-पूजन करने भी गए थे. वीडियो में लोग फिल्म की सफलता की प्रार्थना करते और इसके ऑस्कर जीतने की कामना करते नजर आए. भारतीय फिल्मों पर बैन के बावजूद वहां इस फिल्म को लेकर जो उत्साह दिख रहा है, वह अपने आप में बेहद खास है.

पोस्टर लेकर सड़कों पर निकले लोग

वीडियो की शुरुआत में कुछ लोग रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म के पोस्टर लेकर दिखाई देते हैं. बैकग्राउंड में 'बजाओ ढोल स्वागत में मेरे घर राम आए हैं' गाना भी गाया जा रहा है. इस मौके पर बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग तक उत्साह के साथ शामिल होते नजर आते हैं. इसके बाद कुछ लोग पोस्टर लेकर कराची की सड़कों पर निकलते हैं. उनके साथ ढोल-ताशे बजाने वाले भी दिखाई देते हैं. लोग नाचते हुए फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हैं. वीडियो में एक महिला कहती हैं कि इस समय भारत में सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म 'रामायण' की हो रही है. उन्होंने रणबीर कपूर को अपना पसंदीदा अभिनेता बताते हुए फिल्म की सफलता की कामना की. उनका कहना है कि भगवान राम की कृपा सभी पर बनी रहे और यह फिल्म सुपरहिट हो.

मंदिर में लगाए गए फिल्म के बड़े पोस्टर

इस वीडियो का एक हिस्सा कराची के स्थानीय मंदिर का भी है. यहां हिंदू समुदाय के लोग एक जगह इकट्ठा होते हैं और फिल्म के बड़े-बड़े पोस्टर मंदिर की दीवारों पर लगाते हैं. वीडियो में युवा और बुजुर्ग हाथ जोड़कर फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते नजर आते हैं. लोग भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर, माता सीता की भूमिका में साई पल्लवी और रावण का किरदार निभाने वाले यश की तारीफ करते हैं. इस दौरान फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा की मेहनत का भी जिक्र किया जाता है. लोगों का कहना है कि यह फिल्म रामायण की कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाएगी.

 

 

फिल्म को ऑस्कर मिलने की भी जताई उम्मीद

वीडियो में कुछ लोग फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना करते दिखाई देते हैं. उनकी इच्छा है कि 'रामायण' दुनियाभर में खूब पसंद की जाए और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करे. कुछ लोगों ने यह उम्मीद भी जताई कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले और ऑस्कर जैसे बड़े अवॉर्ड तक भारत का नाम पहुंचे. उनके लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि रामायण की कहानी और उससे जुड़ी आस्था को बड़े पर्दे पर देखने का एक और मौका है.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो

यह वीडियो सुमित चांगराओ के यूट्यूब अकाउंट पर शेयर किया गया है. इसमें कराची की सड़कों पर पोस्टर लेकर निकलने से लेकर मंदिर पहुंचने और लोगों की प्रतिक्रियाओं तक के कई सीन दिखाए गए हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस पर खूब चर्चा हो रही है. कई लोग इसे सरहद पार भारतीय सिनेमा और रामायण के प्रति लोगों के लगाव के तौर पर देख रहे हैं. हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाले सभी लोगों की पहचान और उनके बयानों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों को लेकर चर्चा

भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव का असर दोनों देशों के सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े रिश्तों पर भी पड़ता है. पाकिस्तानी सिनेमाघरों में भारतीय फिल्मों की रिलीज को लेकर पाबंदियों और विवादों की खबरें आती रहती हैं. इसके बावजूद भारतीय फिल्मों और कलाकारों को लेकर पाकिस्तान में चर्चा होती रहती है. सोशल मीडिया के दौर में फिल्मों के ट्रेलर, गाने और पोस्टर सरहदों के पार भी लोगों तक पहुंच जाते हैं. इसी वजह से वहां के दर्शक भी भारतीय फिल्मों से जुड़ी खबरों और वीडियो पर प्रतिक्रिया देते दिखाई देते हैं. इससे पहले रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' को लेकर भी पाकिस्तान में काफी चर्चा थी. जबकि भारत की कई फिल्में पाकिस्तान में बैन होती हैं. 'धुरंधर' भी पाकिस्तान में बैन थी, इसके बाद भी इस फिल्म को 20 लाख (2 मिलियन) से ज्यादा बार डाउनलोड करके देखा गया था.

आस्था और सिनेमा का दिखा अनोखा मेल

कराची से सामने आए इस वीडियो की खास बात यह है कि यहां फिल्म का प्रचार या किसी कलाकार का सामान्य फैन मोमेंट नहीं दिखता. लोग मंदिर में इकट्ठा होकर फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना करते नजर आते हैं. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. फिल्म 'रामायण' को लेकर भारत में पहले से ही काफी उत्सुकता है और अब कराची के इस वीडियो ने भी लोगों का ध्यान खींचा है. पोस्टर, ढोल और 'जय श्रीराम' के नारों के बीच दिख रहा यह जश्न बताता है कि रामायण की कहानी और भारतीय सिनेमा को लेकर दिलचस्पी सरहदों तक पहुंच रही है. लोग इस वीडियो पर खूब कमेंट्स कर रहे हैं.

(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More