App

मुंबई इंडियंस से हार्दिक की विदाई तय या मिलेगा एक और मौका? कप्तानी की रेस में ये 2 खिलाड़ी सबसे आगे

इस बात की संभावना कम है कि आईपीएल 2027 में हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे. रोहित शर्मा या तिलक वर्मा में से किसी एक को टीम की कमान सौंपी जा सकती है. हालांकि, हार्दिक की विदाई भी टल सकती है.

मुंबई इंडियंस से हार्दिक की विदाई तय या मिलेगा एक और मौका? कप्तानी की रेस में ये 2 खिलाड़ी सबसे आगे
Image Credit: मुंबई इंडियंस से हार्दिक की विदाई तय या मिलेगा एक और मौका? (IPL/BCCI)

आईपीएल के अगले सीजन से पहले 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने कोचिंग स्टाफ में कई अहम बदलाव किए हैं. महेला जयवर्धने की जगह किरोन पोलार्ड को हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सबसे बड़ा सवाल ये है कि नई टीम मैनेजमेंट आईपीएल 2027 में नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरना चाहेगी या हार्दिक पांड्या को एक और चांस दिया जाएगा? फिलहाल इस बात की अटकलें तेज है कि मुंबई इंडियंस से हार्दिक की विदाई हो सकती है. हालांकि, इस बीच एक रिपोर्ट सामने आया है, जिसके मुताबिक, अगर फ्रेंचाइजी को सही रिप्लेसमेंट नहीं मिला तो हार्दिक पांड्या को इस साल रिलीज नहीं भी किया जा सकता है.

इस बात की संभावना बहुत कम है कि आईपीएल 2027 में हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे. फिलहाल उनके ट्रेड की अटकलें लगाई जा रही है, लेकिन फ्रेंचाइजी की तरफ से इसपर आधिकारिक बयान नहीं आया है. सपोर्ट स्टाफ में हुए बदलाव के बाद अब टीम प्रबंधन को ये तय करना है कि अगले सीजन में कप्तानी की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाए. दो नाम चर्चा में है, जिन्हें कप्तान नियुक्त किया जा सकता है.

रोहित शर्मा पर फिर भरोसा करेगी मुंबई इंडियंस?

हिंदी में एक मशहूर कहावत है, ''सुबह का भूला अगर शाम को घर लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते.'' मुंबई इंडियंस भी दोबारा रोहित शर्मा को कप्तान बना सकती है, जिनके नेतृत्व में इस टीम ने 5 खिताब जीते हैं. 2024 में रोहित से कप्तानी छीनकर हार्दिक को दी गई थी, लेकिन फ्रेंचाइजी का ये दांव फ्लॉप साबित हुआ है. पिछले तीन सालों से एमआई का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. पिछले सीजन मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल पर 9वें स्थान पर थी. फ्रेंचाइजी ने किरोन पोलार्ड को हेड कोच बनाया है, जो रोहित शर्मा के बेहद करीबी हैं. पोलार्ड को रोहित की अहमियत पता है, क्योंकि उन्हीं की कप्तानी में मुंबई इंडियंस रिकॉर्ड 5 बार चैंपियन बनी है. फ्रेंचाइजी के लिए एक बार रोहित पर भरोसा जताना सबसे सुरक्षित विकल्प साबित हो सकता है.

रोहित पर दांव क्यों हो सकता है सुपरहिट?

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते हैं.
अगले साल आईपीएल के दौरान रोहित शर्मा 40 साल के हो जाएंगे. माना जा रहा है कि अगला सीजन रोहित के लिए आखिरी आईपीएल सीजन भी हो सकता है. 2027 वर्ल्ड कप के बाद वो अपने करियर पर विराम लगा सकते हैं.
आईपीएल 2027 के बाद मेगा ऑक्शन होना है. मुंबई इंडियंस अगले सीजन के लिए रोहित शर्मा को कप्तान बना सकती है और उसके बाद मेगा ऑक्शन में नए सिरे से टीम तैयार कर सकती है.

भविष्य का सोचे तो तिलक वर्मा को मिलेगी जिम्मेदारी?

अगर मुंबई इंडियंस अभी से भविष्य के लिए टीम तैयार करने के बारे में सोचती है तो तिलक वर्मा पर दांव खेला जा सकता है. तिलक T20I में टीम इंडिया के उपकप्तान हैं. तिलक वर्मा को लंबे समय के लिए कप्तान बनाया जा सकता है. एक ऑप्शन ये भी है कि आईपीएल 2027 में रोहित को कमान सौंप तिलक को फ्यूचर के लिए तैयार किया जा सके. फिर मेगा नीलामी में तिलक को ध्यान में रखकर टीम संयोजन के बारे में सोचा जा सकता है. इस रणनीति से टीम को रोहित के रूप में अगले सीजन के लिए अनुभव और फिर तिलक के रूप में 3-4 सालों के लिए कप्तान भी मिल जाएगा.

टल सकती है हार्दिक पांड्या की विदाई?

मुंबई इंडियंस ने पिछले तीन सीजन के अपने कप्तान पांड्या के लिए किसी भी ट्रेड ऑफर की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस बात की संभावना कम ही है कि वो अगले सीजन टीम की कमान संभालेंगे. हालांकि, उनकी विदाई अगले साल के लिए टल सकती है. आईपीएल के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि अगर मुंबई इंडियंस को सही रिप्लेसमेंट नहीं मिलता है तो वो हार्दिक को रिलीज नहीं करेंगे.

आईपीएल के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ''हार्दिक झगड़ालू किस्म के इंसान नहीं हैं. अगर मुंबई इंडियंस को उनके लिए कोई सही ट्रेड नहीं मिलता है, तो वे पक्का एक साल और टीम के साथ रुकेंगे और अपना 110-120 प्रतिशत देंगे. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कप्तान हैं या नहीं, उनके कमिटमेंट में कोई कमी नहीं आएगी. लेकिन ट्रेड उनके हाथ में नहीं है. यह MI के मालिकों पर निर्भर करता है कि वे किसी भी ट्रेड ऑफर के नफे-नुकसान को कैसे देखते हैं.''

अगर हार्दिक पांड्या की गतिविधियों पर करीब से नजर रखने वालों की मानें, तो इस बात की 90 प्रतिशत से ज़्यादा संभावना है कि देर-सवेर उनका ट्रेड हो ही जाएगा. हालांकि, अगर MI को उनके लिए कोई सही विकल्प नहीं मिलता है, तो हार्दिक एक और सीजन के लिए टीम में बने रह सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More