)
जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार (29 अक्टूबर) को खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच को अफगानिस्तान ने 19 रन से जीत लिया. 3 मैचों की सीरीज में अफगान ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. गुरुवार को शारजाह में चमत्कार हुआ. जी हां, ऐसा हम इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 4 ओवर में महज 5 रन बनाकर 4 विकेट गंवा दिए थे. ऐसा लगा कि ये टीम मुश्किल से 100 रनों का आंकड़ा क्रॉस कर पाएगी, लेकिन कहते हैं ना कि क्रिकेट एक ऐसा खेल है, जहां हर प्रेडिक्शन फेल है.
4 ओवर में 5 रन और 4 विकेट खोने के बावजूद अफगानिस्तान ने 20 ओवरों में 221 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. अफगानिस्तान की पारी पहले 10 ओवर में कछुए की रफ्तार से चली, लेकिन आखिरी 60 गेंदों पर रनों का ऐसा तूफान आया, जिसने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को बर्बाद कर दिया. स्टार ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने अफगानिस्तान को संकट से निकालकर जिम्बाब्वे को मुसीबत में डाल दिया.
अजमतुल्लाह उमरजई जब क्रीज पर आए, तब टीम का स्कोर 5 रन पर 4 विकेट था. 9वें ओवर में अफगानिस्तान ने 5वां विकेट भी खो दिया और 10 ओवर से पहले ही आधी टीम पवेलियन लौट गई. 10 ओवर में अफगानिस्तान ने 5 विकेट खोकर 45 रन बनाए थे. उमरजई ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 20 रन बनाए थे. इसके बाद शुरू हुआ अफगानिस्तान का असली खेल.
12 छक्के और 5 चौके की मदद से अजमतुल्लाह उमरजई ने 50 गेंदों पर 116 रनों की तूफानी पारी खेली. युवा बल्लेबाज एजाज अहमद अहमदजई ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 27 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली. दोनों के बीच 59 गेंदों पर 142 रनों की रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप हुई. जिम्बाब्वे को जख्म देने में राशिद खान ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी और आखिरी ओवर में 4 छक्के जड़कर अफगानिस्तान का स्कोर 221 रन तक पहुंचा दिया. उमरजई के तूफान के दम पर अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 176 रन बनाए.
6️⃣.6️⃣.4️⃣.6️⃣.4️⃣ and a magnificent HUNDRED! 💯💯 Sensational Stuff from @AzmatOmarzay! 👏👏 #AfghanAtalan | #AFGvZIM | #GloriousNationVictoriousTeam https://t.co/OJ96kXWZwp
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) October 29, 2026
अफगानिस्तान के 221 रनों के जवाब में जिम्बाब्वे ने लड़ाई तो लड़ी, लेकिन 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 202 रन ही बना सके. कप्तान सिकंदर रजा ने 56 गेंदों पर 106 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में एक विकेट लेते ही स्टार स्पिनर राशिद खान ने इतिहास रच दिया. वो टी20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. राशिद ने तादिवानाशे मारुमानी को आउट कर ये बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है.
राशिद खान (अफगानिस्तान) - 200 विकेट
आदिल रशीद (इंग्लैंड) - 171 विकेट
एहसान खान (हांगकांग) - 165 विकेट
ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) 165 विकेट
टिम साउदी (न्यूजीलैंड) - 126 विकेट