)
मोहित गोमत/बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. डिबाई तहसील के छतारी कस्बे में रात करीब एक बजे एक मकान अचानक ढह गया. हादसे के समय मकान में मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए. सूचना मिलते ही पुलिस,फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया.
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला. इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल थीं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर किया गया.
छतारी नगर पंचायत के चेयरमैन हाजी सलीम के मुताबिक, हादसे में घायल दोनों पुरुषों की इलाज के दौरान मौत हो गई. दोनों आपस में चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं. वहीं, घायल महिला का अलीगढ़ में इलाज जारी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार ढहा हुआ मकान महज 4 से 5 साल पुराना ही बताया जा रहा है। मकान अचानक कैसे ढहा, इसके ठोस कारणों का अभी पता नहीं चल सका है.
हादसे की सूचना पर एसपी देहात और एडीएम वित्त समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एडीएम वित्त अभिषेक सिंह ने बताया कि मलबे में तीन लोगों के दबे होने की सूचना मिली थी, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया है. एहतियात के तौर पर मलबा हटाने का काम जारी रखा जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसके नीचे कोई और व्यक्ति न दबा हो. इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.