)
आईपीएल 2027 से पहले 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने पुराने खिलाड़ियों पर बड़ा दांव खेला है. किरोन पोलार्ड को हेड कोच बनाने के बाद अब फ्रेंचाइजी ने न्यूजीलैंड के पूर्व पेसर मिचेल मैक्लेनघन को गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है. वहीं, पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मैक्लेनघन 2015 से लेकर 2019 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेले और इस दौरान फ्रेंचाइजी को 3 बार चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया.
बात करें रॉबिन उथप्पा की तो उन्होंने 2008 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ ही की थी. अब वो कोचिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं और इस सफर की शुरुआत वो मुंबई इंडियंस के साथ ही करेंगे. पूर्व स्टार बल्लेबाज को आईपीएल 2027 के लिए बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है. वहीं, मुंबई इंडियंस ने टी. दिलीप को फील्डिंग कोच बनाया है, जो दो बार वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा रह चुके हैं.
हेड कोच- किरोन पोलार्ड
बल्लेबाजी कोच- रॉबिन उथप्पा
गेंदबाजी कोच- मिचेल मैक्लेनघन
फील्डिंग कोच- टी दिलीप
विकास बॉलिंग कोच- धवल कुलकर्णी
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भले ही मिचेल मैक्लेनघन बड़े नाम नहीं हैं, लेकिन मुंबई इंडियंस के तमाम फैंस उनकी अहमियत को अच्छी तरह से जानते हैं. बाएं हाथ का ये पूर्व गेंदबाज अपनी टीम के लिए पूरी ताकत झोंकने के लिए हमेशा तैयार रहता था. मैक्लेनघन को 2015 में मुंबई इंडियंस ने सिर्फ 30 लाख रुपये में खरीदा था. फ्रेंचाइजी को 2015, 2017 और 2019 में चैंपियन बनाने में मैक्लेनघन ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने आईपीएल में 56 मुकाबले खेले और 25.39 की औसत से 71 विकेट चटकाए. मैक्लेनघन लंबे समय से MI फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं. बतौर बॉलिंग कोच वो इंटरनेशनल लीग T20 में एमआई एमिरेट्स, SA20 में एमआई केपटाउन और MLC में एमआई न्यूयॉर्क को 1-1 ट्रॉफी जीता चुके हैं.
18 साल बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई है. हालांकि, इस बार वो बतौर प्लेयर नहीं, बल्कि बल्लेबाजी कोच की भूमिका में नजर आएंगे. उथप्पा ने आईपीएल डेब्यू इसी टीम के साथ 2008 में किया था. उथप्पा ने MI के साथ अपने एकमात्र सीजन में 14 मैचों में 30.58 की औसत और 114.69 के स्ट्राइक रेट से 320 रन बनाए. इसके बाद, वो IPL की पांच अन्य फ्रेंचाइजी के लिए खेले, उन्होंने 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ ट्रॉफी जीती. कुल मिलाकर, उथप्पा ने 205 IPL मैच खेले और 4952 रन बनाए.
मुंबई इंडियंस ने टी दिलीप को फील्डिंग कोच चुना है, जो लंबे समय ये ये रोल निभा रहे हैं. वो 2021 से लेकर 2026 (अगस्त) तक टीम इंडिया के फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. टी दिलीप 2024 और 2025 में टी20 विश्व विजेता टीम का हिस्सा रहे. मुंबई इंडियंस ने धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच के रूप में शामिल किया गया है, जो बैक रूम में नए हेड कोच कीरोन पोलार्ड के साथ जुड़ेंगे. भारत के लिए 12 ODI और 2 T20I खेल चुके कुलकर्णी 2008 से 2013 तक और फिर 2020-2021 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे.