App

LIVE: 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे', गुजरात के बनासकांठा में पीएम के सामने महिलाओं ने लगाए नारे; कैसा था प्रधानमंत्री का रिएक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंच गए हैं, जहां पर उन्होंने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी. सबसे पहले पीएम मोदी बनासकांठा पहुंचे, जहां पर उन्होंने रोड शो किया और फिर बनास डेयरी परिसर में महिलाओं से मुलाकात की. इस दौरान कुछ महिलाओं ने 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे' के नारे भी लगाए

LIVE: 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे', गुजरात के बनासकांठा में पीएम के सामने महिलाओं ने लगाए नारे;  कैसा था प्रधानमंत्री का रिएक्शन
Image Credit: पीएम मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात के दौरे पर. (फोटो- स्क्रीनग्रैब)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से दो दिवसीय गुजरात के दौरे पर पहुंच गए हैं. 30 और 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी गुजरात में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इस कड़ी में सबसे पहले पीएम बनासकांठा पहुंचे, जहां पर उन्होंने बनास डेयरी परिसर में रोड शो किया. इसके बाद पीएम मोदी ने बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी. पीएम मोदी ने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके साथ पीएम मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की. 

बनासकांठा में पीएम मोदी ने 'एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी–इन विट्रो फर्टिलाइजेशन' (ET-IVF) प्रयोगशाला और 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' (BBBRC) पशु फार्म का दौरा किया. बता दें कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने और उनके उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान किया. 

'मोदी कहीं नहीं जाएंगे'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा में भारत बोवाइन प्रजनन और अनुसंधान केंद्र (बीबीबीआरसी) पशु फार्म का दौर के दौरान पीएम मोदी के पास खड़ी महिलाओं ने एक साथ एक सुर में कहा कि 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे.' जिसका वीडियो सामने आया है. इस दौरान पीएम मोदी हंसते नजर आए. बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के बनासकांठा के भिलडी स्थित 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' (BBBRC) में महिलाओं से बातचीत भी की. 

बनासकांठा से पीएम मोदी के दौरे की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह बनासकांठा पहुंचे. सबसे पहले पीएम मोदी ने यहां पर रोड शो किया, जिसके बाद वह एक जनसभा को संबोधित कर रहे हैं. इससे पहले पीएम मोदी ने भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) से जुड़ी प्रयोगशाला का दौरा किया.

इसी मंच से पीएम मोदी ने गुजरात को करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी. इन परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ ही कई योजनाओं की आधारशिला भी रखी. पीएम मोदी ने अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई. 

चारपाई पर बैठकर पीएम मोदी को लोगों ने सुना 

बनासाकांठा में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के लोगों के लिए यह हैरानी की बात होगी कि यहाँ इस कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग 'चारपाइयों' पर बैठे हैं. बनासकांठा ने हमारे गाँवों की परंपराओं को फिर से जीवित किया है. अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को इसके बारे में बताया जाता, तो वे इसे एक विश्व रिकॉर्ड के रूप में स्वीकार कर लेते.

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी जाएंगे पीएम मोदी

अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता नगर पहुंचेंगे. यहां पर पीएम मोदी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.  इस साल सरदाल पटेल की 151वीं जयंती मनाई जाएगी. इस खास दिन पर पीएम मोदी राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी हिस्सा लेंगे.

इस दौरान वह नर्मदा आरती में हिस्सा लेंगे और एक साथ एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक कि विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान अहमदाबाद भी जाएंगे, जहां पर वे अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी की आधारशिला रखेंगे. जानकारी के अनुसार, फेज-2ए के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक कुल 6 किलोमीटर लंबा मेट्रो मार्ग बनाने की तैयारी है, जिसमें कुल 5 मेट्रो स्टेशन होंगे.

भारत पर्व का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के खास मौके पर पीएम मोदी एकता नगर में भारत पर्व का उद्घाटन भी करेंगे. बता दें कि यह महोत्सव देश की विविध परंपराओं और एकता की भावना को दर्शाता है. यहां पर देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कलाकार अपनी लोककलाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती देंगे. यह महोत्सव 15 नवंबर तक चलेगा. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More