App

'मिठाई का डिब्बा नहीं, सीधे सुपरकार': दुबई के CEO ने टॉप परफॉर्मर कर्मचारी को दिया 4 करोड़ का तोहफा; खुशी से छलक पड़े आंसू

दुबई की एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करने वाली महिला उस वक्त हैरान रह गई, जब साल की टॉप परफॉर्मर बनने पर उसे सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की लग्जरी कार भी मिल गई. कंपनी के CEO ने सबके सामने महिला को नीले रंग की लैम्बोर्गिनी उरुस गिफ्ट की. बताया जा रहा है कि महिला ने दो साल में 500 मिलियन डॉलर से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील पूरी की थीं. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

'मिठाई का डिब्बा नहीं, सीधे सुपरकार': दुबई के CEO ने टॉप परफॉर्मर कर्मचारी को दिया 4 करोड़ का तोहफा; खुशी से छलक पड़े आंसू
Image Credit: @richkey_properties | कंपनी ने टॉप परफॉर्मर कर्मचारी को गिफ्ट की लैम्बोर्गिनी उरुस!

दुबई में एक कंपनी के एनिवर्सरी सेलिब्रेशन के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. रिचकी प्रॉपर्टीज नाम की रियल एस्टेट कंपनी के CEO दाबान ओथमान ने अपनी एक महिला कर्मचारी को ऐसा तोहफा दिया कि वहां मौजूद लोग भी देखते रह गए.

मौका था कंपनी की तीसरी एनिवर्सरी और अवॉर्ड नाइट का. इस कार्यक्रम में कंपनी के बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जा रहा था. इसी दौरान नतालिया चावेज को साल 2026 की टॉप परफॉर्मर घोषित किया गया. नतालिया अपनी ट्रॉफी लेने के लिए स्टेज पर पहुंचीं. उन्हें लगा कि अवॉर्ड मिलने के बाद अब वह वापस अपनी सीट पर चली जाएंगी. लेकिन CEO ने उन्हें रोक लिया.

CEO बोले- अभी तो सरप्राइज बाकी है

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नतालिया अवॉर्ड लेकर वापस जाने लगती हैं, तभी CEO दाबान ओथमान उन्हें आवाज देकर रोकते हैं. वह कहते हैं कि नतालिया, तुम कहां जा रही हो? क्या तुम्हें लगता है कि कार्यक्रम खत्म हो गया? अभी तो कुछ और दिखाना बाकी है. इसके बाद CEO वहां मौजूद लोगों से पूछते हैं कि क्या वे तैयार हैं. फिर एक खास सरप्राइज के लिए काउंटडाउन शुरू होता है. नतालिया को भी अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ पलों में उनके साथ क्या होने वाला है?

रिबन हटते ही सामने आई नीली लैम्बोर्गिनी उरुस

काउंटडाउन खत्म होने के बाद रिबन हटाया जाता है और सामने खड़ी नीले रंग की चमचमाती लैम्बोर्गिनी उरुस दिखाई देती है. यह देखते ही नतालिया की खुशी का ठिकाना नहीं रहता. जिस महिला को कुछ देर पहले सिर्फ एक ट्रॉफी मिलने की उम्मीद थी, उसे अब करोड़ों रुपये की लग्जरी SUV गिफ्ट में मिल चुकी थी. कंपनी की तरफ से शेयर किए गए वीडियो के साथ लिखा गया कि Richkey में शानदार प्रदर्शन करने वालों को इसी तरह बड़े इनाम मिलते हैं. कंपनी ने नतालिया को उनकी मेहनत और कामयाबी के लिए बधाई भी दी.

 

 

दो साल में 500 मिलियन डॉलर की सेल्स

नतालिया को यह महंगी कार यूं ही नहीं मिली. कंपनी का कहना है कि उन्होंने पिछले दो साल में 500 मिलियन डॉलर से ज्यादा की प्रॉपर्टी सेल्स पूरी की हैं. रियल एस्टेट के इस बिजनेस में इतनी बड़ी डील हासिल करना उनकी मजबूत परफॉर्मेंस को दिखाता है. कंपनी में उनका प्रदर्शन पूरे साल चर्चा में रहा. साल की पहली तिमाही यानी Q1 में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था. इसके बाद दूसरी और तीसरी तिमाही में वह टॉप परफॉर्मर रहीं. अंत में उन्हें पूरे साल की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली कर्मचारी का खिताब मिला. इस खास रात में नतालिया को लैम्बोर्गिनी के अलावा चार बड़े अवॉर्ड भी मिले. यानी यह शाम उनके करियर के लिए कई मायनों में यादगार बन गई.

कितनी महंगी है लैम्बोर्गिनी उरुस?

लैम्बोर्गिनी उरुस दुनिया की चर्चित लग्जरी SUVs में शामिल है. दुबई में इसकी कीमत मॉडल और फीचर्स के हिसाब से करीब 9 लाख से 15.5 लाख दिरहम तक बताई जाती है. भारतीय रुपये में यह रकम लगभग 2.3 करोड़ से 4 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है. इसका मतलब कंपनी ने अपनी टॉप परफॉर्मर को जो कार गिफ्ट की है, उसकी कीमत किसी आम आदमी के लिए सपने जैसी है. यही वजह है कि इस गिफ्ट का वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे लेकर खूब चर्चा कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर लोग बोले- शानदार इनाम

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स नतालिया की कामयाबी और कंपनी के इस अंदाज की तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब किसी कर्मचारी की मेहनत से कंपनी को इतना बड़ा फायदा होता है, तो उसे इस तरह सम्मानित करना भी अच्छी बात है. नतालिया ने भी अपनी कामयाबी पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से महसूस हो गया था कि यह कंपनी उनके करियर को नई ऊंचाई तक ले जाने में मदद करेगी. फिलहाल नतालिया को मिला यह गिफ्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. किसी के लिए यह सिर्फ एक लग्जरी कार का गिफ्ट हो सकता है,लेकिन नतालिया के लिए यह उनकी दो साल की मेहनत और शानदार प्रदर्शन का बड़ा इनाम है.

(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More