SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

उल्टी करने के चक्कर में निगल लिया कांटा-चम्मच: 27 साल की महिला के साथ हुआ अजीब हादसा; डॉक्टरों ने सर्जरी कर बचाई जान

न्यूजीलैंड में 27 साल की एक महिला के साथ ऐसा अजीब हादसा हुआ, जिसके बारे में सुनकर डॉक्टर भी हैरान रह गए. महिला उल्टी करने की कोशिश कर रही थी, तभी उसके हाथ में मौजूद पूरा डिनर फोर्क यानी खाने वाला कांटा उसके पेट में चला गया. एक्स-रे में कांटा पेट के अंदर फंसा दिखाई दिया. डॉक्टरों ने पहले बिना ऑपरेशन उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन दो बार नाकाम रहने के बाद सर्जरी करनी पड़ी.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 23, 2026, 13:11 IST | Updated: Nov 23, 2026, 13:34 IST
Image Credit: @nzherald.co | न्यूजीलैंड में महिला ने उल्टी करने के चक्कर में निगला फोर्क!
Join

कई बार लोग किसी परेशानी या अजीब स्थिति में ऐसा कदम उठा लेते हैं, जिसका उन्हें अंदाजा भी नहीं होता कि आगे क्या नतीजा हो सकता है. न्यूजीलैंड की रहने वाली 27 साल की एक महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उल्टी करने की कोशिश में उसने गलती से खाने वाला पूरा कांटा ही निगल लिया.

इसके बाद महिला को अस्पताल के इमरजेंसी विभाग ले जाया गया. डॉक्टरों ने जब उसकी जांच की तो मामला सामान्य नहीं लगा. एक्स-रे कराया गया तो तस्वीर देखकर मेडिकल टीम भी चौंक गई. पूरा डिनर फोर्क महिला के पेट में फंसा हुआ था.

डॉक्टरों के लिए भी आसान नहीं था मामला

न्यूजीलैंड हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला न्यूजीलैंड के वाइकाटो हॉस्पिटल का है. यहां डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती कांटे को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की थी. कांटा आकार में काफी बड़ा था और उसे निकालते समय पेट या आसपास के अंगों को नुकसान पहुंचने का खतरा था. इस मामले के बारे में यूनिवर्सिटी ऑफ ऑकलैंड में सर्जरी के सीनियर लेक्चरर डॉ. जेसी फिशर ने न्यूजीलैंड हेराल्ड को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि महिला ने कांटा क्यों इस्तेमाल किया, इसकी पूरी वजह डॉक्टरों को नहीं बताई गई थी. डॉक्टर के अनुसार, यह घटना किसी सामाजिक मौके पर हुई थी. हालांकि, महिला उल्टी क्यों करना चाहती थी या यह किसी तरह का मजाक था, इसकी जानकारी साफ नहीं हो पाई.

मुंह के रास्ते निकालने की दो कोशिशें नाकाम

डॉक्टरों ने शुरुआत में ऑपरेशन से बचने की कोशिश की. इसके लिए एंडोस्कोपी प्रक्रिया अपनाई गई. इस तरीके में एक खास कैमरे और उपकरण की मदद से शरीर के अंदर मौजूद चीजों को बाहर निकाला जाता है. मेडिकल टीम ने दो बार मुंह के रास्ते कांटे को निकालने की कोशिश की. लेकिन दोनों ही प्रयास सफल नहीं हो सके. कांटा पेट में इस तरह फंसा था कि उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना आसान नहीं था. आखिरकार डॉक्टरों को सर्जरी का रास्ता चुनना पड़ा. महिला की हालत को देखते हुए टीम ने लेप्रोस्कोपिक सर्जरी करने का फैसला किया.

पेट में छोटा चीरा लगाकर निकाला गया कांटा

डॉक्टरों ने कीहोल सर्जरी की मदद से महिला के पेट से कांटा बाहर निकाला. इस प्रक्रिया में पेट पर करीब 4 सेंटीमीटर का चीरा लगाया गया. इसी रास्ते से पूरा कांटा बाहर निकाला गया और पेट में बने छेद को बंद किया गया. डॉ. फिशर ने बताया कि राहत की बात यह थी कि कांटे की वजह से महिला का पेट फटा नहीं था. यानी इतनी बड़ी और असामान्य घटना के बावजूद उसके पेट को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा था. डॉक्टरों के अनुसार, महिला की सेहत पहले से ठीक थी. उसके मेडिकल रिकॉर्ड में खाने से जुड़ी किसी बीमारी या मानसिक परेशानी का भी जिक्र नहीं था.

दो दिन बाद ही अस्पताल से मिली छुट्टी

सर्जरी के बाद महिला की हालत में तेजी से सुधार हुआ. उसे किसी तरह की बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के दो दिन बाद ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. इतना ही नहीं, घर लौटने के बाद वह सामान्य तरीके से खाना भी खा सकती थी. डॉक्टरों ने उसकी रिकवरी को काफी सामान्य और बिना किसी जटिलता वाला बताया. डॉ. फिशर ने इस पूरे मामले को असामान्य बताते हुए कहा कि यह अपने आप में हैरान करने वाली बात है कि इतना बड़ा कांटा महिला के पेट तक पहुंच भी गया.

डॉक्टरों ने दी ऐसी गलती न करने की सलाह

इस घटना के बाद डॉक्टरों ने लोगों को शरीर के साथ इस तरह के प्रयोग करने से बचने की सलाह दी है. किसी भी वजह से बाहरी चीजों को निगलना खतरनाक हो सकता है. कई बार ऐसी चीजें गले, खाने की नली या पेट में फंसकर गंभीर चोट पहुंचा सकती हैं. अगर गलती से कोई बाहरी वस्तु निगल ली जाए तो घरेलू तरीके आजमाने के बजाय तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए. खासकर नुकीली या बड़ी चीज निगलने पर देरी करना नुकसानदेह हो सकता है. फिलहाल इस मामले में महिला पूरी तरह ठीक होकर घर लौट चुकी है. लेकिन उल्टी करने की कोशिश में पूरा कांटा निगल जाने की यह घटना डॉक्टरों के लिए भी एक ऐसा मामला बन गई, जिसे वे लंबे समय तक याद रखेंगे.

यह भी पढ़ें:- ट्रक क्लीनर से इंटरनेट सेंसेशन बना अरुण: चाय पीते हुए हंसने का वीडियो हुआ था वायरल, बन गया मीम स्टार; संघर्ष की कहानी कर देगी भावुक

यह भी पढ़ें:- 'सरकारी नौकरी निकली टेंपरेरी तो टूट गई सगाई': मैट्रिमोनी ऐप पर झूठ बोलना दुल्हन को पड़ा भारी; वायरल पोस्ट पर मचा बवाल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES