SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लेम्बोर्गिनी से एंट्री और 24 कैरेट गोल्ड कॉफी: दुबई के बुर्ज खलीफा में छाए 'एलियन स्टार' मोतीलाल मेघवाल; Video हो रहा वायरल

राजस्थान के चूरू जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर सोशल मीडिया पर छाने वाले 13 साल के मोतीलाल मेघवाल, जिनको लोग 'एलियन स्टार' के नाम से जानते हैं, वो इन दिनों दुबई में हैं. मशहूर जमजम ब्रदर्स उन्हें अपने साथ दुबई घुमा रहे हैं. कभी लग्जरी गाड़ियों में सफर तो कभी बुर्ज खलीफा की ऊंचाई से दुबई का नजारा, उनके वीडियो इंटरनेट पर खूब पसंद किए जा रहे हैं. इसी दौरान गोल्ड कॉफी वाला वीडियो भी वायरल हो गया.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 02, 2026, 01:59 PM IST | Updated: Oct 02, 2026, 02:16 PM IST
Image Credit: @zamzam_brothers_official
Join

सोशल मीडिया की दुनिया में कब कौन सा चेहरा लोगों को पसंद आ जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. राजस्थान के चूरू जिले के चारियां गांव के रहने वाले मोतीलाल मेघवाल की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. महज 13 साल की उम्र में वह सोशल मीडिया पर 'एलियन स्टार' के नाम से अपनी एक अलग पहचान बना चुके हैं.

मोतीलाल के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं. उनके बोलने और सवाल पूछने का अपना अलग अंदाज है, जो लोगों को काफी पसंद आता है. अब यही छोटा सा इंटरनेट स्टार राजस्थान से निकलकर दुबई पहुंच गया है, जहां वह जमजम ब्रदर्स के साथ अलग-अलग जगहों पर घूम रहा है. अब इसके अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहे हैं.

जमजम ब्रदर्स के साथ कर रहे दुबई की सैर

जमजम ब्रदर्स सोशल मीडिया पर अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं. दुबई में उनका बिजनेस भी है और वे सोशल मीडिया के लिए लगातार वीडियो बनाते रहते हैं. वायरल होने वाले कई कंटेंट क्रिएटर्स को अपने पास दुबई बुलाकर उनके साथ वीडियो बनाते हैं. इस बार उनके साथ 'एलियन स्टार' दिखाई दे रहे हैं. दोनों भाई मोतीलाल को दुबई की मशहूर जगहों पर ले जा रहे हैं. कभी वह महंगी गाड़ियों में घूमते नजर आते हैं तो कभी दुबई की चमक-दमक को करीब से देखते हैं. इन वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला वीडियो बुर्ज खलीफा का है.

बुर्ज खलीफा पहुंचते ही मिला खास सरप्राइज

दुबई पहुंचे एलियन स्टार को जमजम ब्रदर्स बुर्ज खलीफा लेकर गए. यहां उन्होंने एलियन स्टार को एक खास तरह की गोल्ड कॉफी दिखाई. सामने कप आते ही एलियन स्टार ने अपने मासूम अंदाज में सवाल कर दिया कि आखिर यह कॉफी सोने की बनी है क्या? जमजम ब्रदर्स ने मजाकिया अंदाज में हां कहा. इसके बाद एलियन स्टार ने जो सवाल पूछा, उसने पूरे वीडियो को और मजेदार बना दिया. उसने पूछा कि अगर वह यह कॉफी पी लेगा तो क्या वह भी सोने का बन जाएगा?

 

 

'पीयोगे तो अमीर बन जाओगे'

जमजम ब्रदर्स ने उसके सवाल का जवाब भी उसी अंदाज में दिया. उन्होंने कहा कि इसे पीने से वह अमीर बन जाएगा. इसके बाद एलियन स्टार कॉफी को लेकर और उत्सुक हो गया. उसने पूछा कि इसे पीना कैसे है. फिर जमजम ब्रदर्स ने उसे बताया कि कॉफी के ऊपर लगी सोने की परत को मिलाकर पीना है. वीडियो में मोतीलाल पूरी गंभीरता से कॉफी पीता दिखाई देता है, जैसे वह सच में किसी खास जादू का इंतजार कर रहा हो. कॉफी पीने के बाद जब उससे पूछा गया कि कुछ हुआ या नहीं, तो एलियन स्टार का जवाब फिर लोगों को हंसा गया. उसने कहा कि न तो वह सोने का बना और न ही अमीर हुआ.

24 कैरेट गोल्ड प्लेटेड कॉफी का दावा

वीडियो में जमजम ब्रदर्स ने बताया कि वे बुर्ज खलीफा की ऊंची मंजिलों में से एक पर मौजूद हैं. वायरल जानकारी के मुताबिक, बुर्ज खलीफा के एक लग्जरी लाउंज में 24 कैरेट गोल्ड प्लेटेड कॉफी भी सर्व की जाती है. इस तरह की कॉफी की कीमत करीब 160 से 200 दिरहम यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 3,200 से 4,600 रुपये के आसपास बताई जाती है. हालांकि, अलग-अलग पैकेज और सर्विस के हिसाब से इसकी कीमत बदल सकती है. इसका मतलब जिस कॉफी को लेकर एलियन स्टार मजाक में सोच रहा था कि उसे पीते ही वह अमीर बन जाएगा, उसके एक कप की कीमत ही आम कॉफी के मुकाबले काफी ज्यादा है.

 

 

कौन है राजस्थान का 'एलियन स्टार'?

अब कुछ लोगों के मन में सवाल होगा कि आखिर यह एलियन स्टार है कौन, जिसके साथ दुबई में घूमते हुए वीडियो वायरल हो रहे हैं? तो आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर 'एलियन स्टार' के नाम से मशहूर इस बच्चे का असली नाम मोतीलाल मेघवाल बताया जाता है. मोतीलाल राजस्थान के चूरू जिले की सुजानगढ़ तहसील के चारियां गांव से आते हैं. महज 13 साल की उम्र में उनकी सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी पहचान बन चुकी है. उनके वीडियो में सबसे खास चीज उनका सहज अंदाज और बिना किसी झिझक के सवाल पूछना है. इसी अंदाज ने उन्हें इंटरनेट पर एक अलग पहचान दिलाई. अब उनके दुबई वाले वीडियो भी उसी वजह से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं.

कौन हैं जमजम ब्रदर्स?

जमजम ब्रदर्स को सोशल मीडिया पर 'बड़े भाई' और 'छोटे भाई' के नाम से भी जाना जाता है. दोनों दुबई में स्थित जमजम इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं. उनके वीडियो में अक्सर दुबई की लाइफस्टाइल, लग्जरी और अलग-अलग जगहों की झलक देखने को मिलती है. सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है और कई वीडियो वायरल होते रहे हैं. अब उनके साथ एलियन स्टार की जोड़ी लोगों को खूब पसंद आ रही है. एक तरफ राजस्थान के गांव से आया 13 साल का बच्चा है, जिसका अपना अलग अंदाज है, तो दूसरी तरफ दुबई की चमक-दमक और लग्जरी लाइफ. यही कॉम्बिनेशन इन वीडियो को लोगों के लिए दिलचस्प बना रहा है.

 

 

गोल्ड कॉफी से ज्यादा चर्चा एलियन स्टार के अंदाज की

एलियन स्टार का गोल्ड कॉफी वाला वीडियो सिर्फ इसलिए वायरल नहीं हो रहा कि कॉफी पर सोने की परत है. लोगों को मोतीलाल के सवाल और उसका जवाब देने का अंदाज ज्यादा पसंद आ रहा है. 'क्या इसे पीकर मैं भी सोने का बन जाऊंगा?' और फिर 'मैं न तो सोने का बना, न अमीर हुआ' जैसे उसके मासूम सवाल वीडियो को मजेदार बना देते हैं. यही सहज अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आता है.

राजस्थान से दुबई तक का सफर

कुछ समय पहले तक चूरू के एक गांव से ताल्लुक रखने वाला यह बच्चा अपने वीडियो की वजह से इंटरनेट पर पहचाना जाने लगा. अब वही एलियन स्टार दुबई की ऊंची इमारतों, लग्जरी गाड़ियों और महंगे एक्सपीरियंस के बीच नजर आ रहा है. बुर्ज खलीफा में गोल्ड कॉफी पीते हुए उसका वीडियो भले ही कुछ सेकंड का हो, लेकिन इसके पीछे सोशल मीडिया की बदलती दुनिया की एक बड़ी तस्वीर भी दिखती है. आज किसी छोटे शहर या गांव का बच्चा भी अपने अलग अंदाज से इंटरनेट पर पहचान बना सकता है और देखते ही देखते ऐसी जगहों तक पहुंच सकता है, जिनके बारे में उसने शायद कभी सिर्फ वीडियो में देखा हो.

(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES