SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

5 अरब की ब्रा पहन काइली जेनर ने किया कैटवॉक, Victoria's Secret ने पुराने सुपरमॉडल्स को छोड़ इन्हें क्यों चुना?

विक्टोरियाज सीक्रेट के फैशन शो में इस बार काइली जेनर ने ऐसा अंदाज दिखाया कि हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी. काइली करीब 50 मिलियन डॉलर यानी लगभग 5 अरब रुपये की फैंटेसी ब्रा पहनकर रैंप पर उतरीं. इस खास ब्रा में 4,411 हीरे और सोने का इस्तेमाल किया गया है. लेकिन सवाल सिर्फ इसकी कीमत का नहीं है. आखिर इस खास मौके के लिए कंपनी ने पुराने सुपरमॉडल्स के बजाय काइली को ही क्यों चुना?

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 20, 2026, 02:58 PM IST | Updated: Oct 20, 2026, 03:15 PM IST
Image Credit: @Victoria's Secret | 450 करोड़ की ब्रा पहन रैंप पर उतरीं काइली जेनर!
Join

फैशन की दुनिया में विक्टोरियाज सीक्रेट के शो का अपना अलग ही जलवा रहा है. यहां मॉडल्स के कपड़ों से लेकर उनके रैंप पर चलने के अंदाज तक, हर चीज चर्चा में रहती है. लेकिन इस बार सबकी नजरें काइली जेनर पर टिक गईं.

क्योंकि फैशन शो में काइली ने कंपनी की मशहूर फैंटेसी ब्रा पहनकर रैंप पर एंट्री की. इसकी अनुमानित कीमत 50 मिलियन डॉलर बताई गई है. इसको भारतीय रुपये में देखें, तो यह करीब 5 अरब रुपये के बराबर है. लेकिन जब काइली जेनर ने इस 'फैंटेसी ब्रा' को पहनकर कैटवॉक किया, तो फैशन की दुनिया में जश्न के बजाय विवाद का बवंडर खड़ा हो गया. लोगों ने कहा कि कंपनी ने Victoria's Secret की पुरानी सुपरमॉडल्स के बजाय काइली को ही क्यों चुना?

पहली बार किसी नॉन-एंजल को मिला मौका

आपको बता दें कि काइली के लिए यह शो कई मायनों में खास रहा. वह पहली ऐसी महिला बनीं, जो विक्टोरियाज सीक्रेट की पारंपरिक 'एंजल' मॉडल्स में शामिल नहीं होने के बावजूद इस खास ब्रा को पहनकर रैंप पर उतरीं. इससे पहले गिजेल बुंडचेन, हाइडी क्लम, टायरा बैंक्स, एड्रियाना लीमा, एलेसांद्रा एम्ब्रोसियो और कैंडिस स्वानेपोल जैसी मशहूर मॉडल्स इस खास डिजाइन को पहन चुकी हैं. ऐसे में काइली को यह जिम्मेदारी मिलना फैशन इंडस्ट्री में काफी अहम माना जा रहा है.

आखिर कंपनी ने काइली को ही क्यों चुना?

Victoria's Secret के चीफ क्रिएटिव ऑफिसर एडम सेलमैन ने वोग को दिए इंटरव्यू में इसकी वजह बताई. उन्होंने कहा कि काइली की पहचान सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं है. वह टीवी, पॉप कल्चर और सोशल मीडिया की दुनिया में भी अपनी अलग जगह बना चुकी हैं. सेलमैन का मानना है कि विक्टोरियाज सीक्रेट का शो भी अब सिर्फ कपड़ों और मॉडल्स तक सीमित नहीं है. यह एक बड़ा एंटरटेनमेंट इवेंट बन चुका है. ऐसे में काइली जैसी शख्सियत शो को और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस साल शो का बड़ा आइडिया फैंस के जुनून और उनकी पसंद के इर्द-गिर्द रखा गया था. कंपनी दर्शकों को एक तरफ मशहूर फैंटेसी ब्रा दिखाना चाहती थी और दूसरी तरफ इसे पहनने के लिए किसी ऐसे चेहरे को चुनना चाहती थी, जिसकी मौजूदगी लोगों को चौंका दे.

4,411 हीरे और सोने से तैयार हुई ब्रा

इस फैंटेसी ब्रा की खासियत सिर्फ इसकी कीमत नहीं है. इसमें एक पीला हीरा सबसे खास जगह पर लगाया गया है, जिसकी कीमत करीब 22 मिलियन डॉलर बताई गई है. इसके अलावा इसमें 4,410 दूसरे नेचुरल हीरे भी जड़े गए हैं. इस तरह ब्रा को बनाने में कुल 4,411 हीरों का इस्तेमाल हुआ है. इसे तैयार करना भी आसान नहीं था. डिजाइनर जैकब अरबो ने बताया कि इस खास डिजाइन को बनाने में जैकब एंड कंपनी के 15 कारीगरों ने 1,000 घंटे से ज्यादा समय लगाया. इसका वजन करीब चार पाउंड से थोड़ा कम, यानी लगभग 1.8 किलोग्राम बताया गया है. आम ब्रा के मुकाबले इसे पहनना और शरीर के हिसाब से फिट करना बड़ी चुनौती थी.

कपड़ा नहीं, सोना और हीरे ही हीरे

डिजाइनर जैकब अरबो ने वोग को बताया कि इस ब्रा में सामान्य कपड़े का इस्तेमाल नहीं किया गया. यह पूरी तरह सोने और हीरों से तैयार की गई थी. इसलिए इसे इस तरह बनाना जरूरी था कि यह देखने में शानदार होने के साथ शरीर पर सही तरीके से फिट भी हो सके. उनके अनुसार, कागज पर लिए गए नाप और असल शरीर पर फिटिंग में फर्क होता है. डिजाइन के हर हिस्से, हर हीरे और सोने के हर टुकड़े को सावधानी से अपनी जगह पर लगाना पड़ा, जिससे इसे पहनने वाली मॉडल को परेशानी न हो. यही वजह है कि इस ब्रा को तैयार करने में सिर्फ इसकी खूबसूरती ही नहीं, बल्कि आराम का भी ध्यान रखा गया.

बॉयफ्रेंड और मां ने बढ़ाया हौसला

रैंप पर काइली अकेली नहीं थीं. उनके बॉयफ्रेंड टिमोथी शैलमे और मां क्रिस जेनर भी उन्हें चीयर करते नजर आए. शो के बाद काइली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फैंटेसी ब्रा पहने हुए अपनी तस्वीर शेयर की और लिखा, 'BEST DAY EVER'. उनके इस अंदाज से साफ था कि यह मौका उनके लिए कितना खास था. हालांकि, काइली की लोकप्रियता पहले से ही दुनिया भर में है, लेकिन विक्टोरियाज सीक्रेट के इस खास शो में उन्हें मिली जिम्मेदारी ने फैशन की दुनिया में उनकी मौजूदगी को एक नया रंग दे दिया.

फैंटेसी ब्रा से ज्यादा चर्चा काइली के नाम की

इस बार शो में महंगे हीरे, सोना और शानदार डिजाइन तो चर्चा में रहे ही, लेकिन काइली का चयन भी उतना ही बड़ा मुद्दा बन गया. कंपनी ने एक बार फिर यह दिखाने की कोशिश की कि आज के फैशन शो में सिर्फ मॉडलिंग का अनुभव ही नहीं, बल्कि दर्शकों से जुड़ने की ताकत भी मायने रखती है. काइली जेनर के पास फैशन, मनोरंजन और सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ा फैन बेस है. यही वजह है कि कंपनी ने उन्हें इस खास मौके के लिए चुना. अब लगभग 5 अरब रुपये की बताई जा रही फैंटेसी ब्रा के साथ उनका यह रैंप वॉक विक्टोरियाज सीक्रेट के 2026 शो के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES