थार की रेत पर गुजारी रात, सुबह आंख खुली तो रह गई हैरान: जापानी सोलो ट्रैवलर ने बताया जैसलमेर का अनुभव; बोली- जीवनभर याद रहेगा यह पल
जापान से अकेले भारत घूमने आई एक महिला इन दिनों जैसलमेर की खूबसूरती की दीवानी हो गई है. थार रेगिस्तान में एक रात बिताने के बाद उसने अपना अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया. महिला के अनुसार, रेगिस्तान में सुबह आंख खुलना किसी जादुई एहसास से कम नहीं था. उसने जैसलमेर जाने वाले लोगों को भी डेजर्ट कैंपिंग जरूर करने की सलाह दी है.
भारत घूमने आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए यहां की संस्कृति, खानपान और अलग-अलग जगहों का अनुभव हमेशा खास रहता है. जापान की एक महिला सोलो ट्रैवलर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. पहली बार भारत आई इस महिला ने अपनी यात्रा की शुरुआत राजस्थान के जैसलमेर से की और यहां के नजारे देखकर काफी खुश नजर आई.
इंस्टाग्राम पर @miu_japan_33m नाम से मौजूद इस महिला का नाम MIU बताया गया है. वह जापान में अपनी जिंदगी और विदेशों में अकेले घूमने के अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती है. MIU करीब एक महीने की भारत यात्रा पर आई है. उसकी यह ट्रिप 29 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक है. इस दौरान वह अलग-अलग जगहों पर घूम रही है और वहां के अनुभव अपने फॉलोअर्स के साथ शेयर कर रही है.
जैसलमेर पहुंचते ही दिखा सुनहरा नजारा
MIU ने अपनी पोस्ट में बताया कि भारत पहुंचने के बाद वह सबसे पहले जैसलमेर गई. यहां पहुंचने के बाद उसने एक रात रेगिस्तान में बिताई. अगली सुबह जब उसकी आंख खुली तो सामने का नजारा देखकर वह हैरान रह गई. वीडियो में वह कहती है कि पिछली रात ही वह पहली बार जैसलमेर पहुंची थी. सुबह उठते ही उसे सामने इतना खूबसूरत सुनहरा नजारा दिखाई दिया कि उसे अपनी किस्मत पर यकीन नहीं हो रहा था. उसने बताया कि दिन की शुरुआत ऐसे नजारे के साथ होना उसके लिए बेहद खास था. MIU 6 नवंबर तक जैसलमेर में रही और इस दौरान उसने शहर के साथ-साथ आसपास के इलाकों को भी करीब से देखा.
पहली बार चखी भारतीय मसाला चाय
जैसलमेर में MIU को सिर्फ रेगिस्तान का नजारा ही पसंद नहीं आया, बल्कि यहां की रोजमर्रा की जिंदगी भी उसे काफी दिलचस्प लगी. एक दूसरी पोस्ट में उसने सुबह-सुबह चाय पीने का अपना अनुभव शेयर किया. महिला ने बताया कि वह पहली बार ऐसी जगह गई थी, जहां लोकल लोग हर सुबह चाय पीने के लिए इकट्ठा होते हैं. वहां बैठकर उसने भारतीय चाय का स्वाद लिया. MIU ने बताया कि जापान में आमतौर पर लोग ग्रीन टी पीते हैं. वहां भारत जैसी मसालों वाली चाय का चलन नहीं है. ऐसे में जब उसने पहली बार यहां की चाय पी तो उसका स्वाद उसके लिए बिल्कुल नया था. उसने इस छोटे से अनुभव को भी अपनी यात्रा का खास हिस्सा बताया. उसके अनुसार, किसी जगह को समझने के लिए वहां के लोगों के साथ कुछ पल बिताना और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी देखना भी जरूरी है.
थार रेगिस्तान में बिताई पूरी रात
जैसलमेर की यात्रा के दौरान MIU ने थार रेगिस्तान में डेजर्ट कैंपिंग भी की. यानी शहर की भीड़भाड़ से दूर रेत के बीच बने कैंप में रात बिताई. इस अनुभव को लेकर उसने इंस्टाग्राम पर लिखा कि अगर कोई जैसलमेर घूमने जाता है तो उसे थार रेगिस्तान में एक रात जरूर बितानी चाहिए. उसके अनुसार, यह ऐसा अनुभव है, जिसे पहले महसूस न किया हो तो इसकी खूबसूरती का अंदाजा लगाना मुश्किल है. उसने खास तौर पर अगली सुबह का जिक्र किया. MIU का कहना है कि रेगिस्तान में सुबह आंख खुलना बिल्कुल जादुई लगता है. चारों तरफ फैली रेत और सुबह का शांत माहौल इस अनुभव को और भी खास बना देता है.
भारत की विविधता देखने आई है जापानी महिला
भारत आने से पहले MIU ने अपनी एक पोस्ट में यहां की संस्कृति और लोगों को लेकर उत्साह जताया था. उसने लिखा था कि जापान में वह अक्सर सुनती रही है कि भारत सांस्कृतिक रूप से बहुत विविध देश है. यहां जगह बदलने के साथ ही नजारे और रहन-सहन भी बदल जाते हैं. उसने यह भी कहा था कि भारत के लोग अपने मिलनसार और अपनापन दिखाने वाले स्वभाव के लिए जाने जाते हैं. अब वह इन बातों को खुद अनुभव करना चाहती है.
सोशल मीडिया पर पसंद आ रहा अनुभव
MIU की जैसलमेर यात्रा से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो को लोग पसंद कर रहे हैं. खासकर रेगिस्तान में रात बिताने और सुबह के खूबसूरत नजारे वाले अनुभव ने लोगों का ध्यान खींचा है. उसकी पोस्ट यह भी दिखाती है कि किसी देश की यात्रा सिर्फ मशहूर जगहों पर घूमने तक सीमित नहीं होती. वहां की चाय, स्थानीय लोगों के साथ बिताए पल और सुबह का एक छोटा सा अनुभव भी सफर को यादगार बना सकता है. MIU के लिए जैसलमेर की यह रात भी कुछ ऐसी ही रही, जिसे वह लंबे समय तक याद रखना चाहेगी.
यह भी पढ़ें:- यूरोप में पैसा बहुत पर अंदर से बेचैन हैं लोग: उत्तराखंड के गांव में सुकून तलाश रही जर्मन व्लॉगर; मेहमाननवाजी पर हुई फिदा
यह भी पढ़ें:- कभी 20 रुपये को तरसती थी, आज जापान में ₹1 लाख सैलरी: अरुणाचल की बेटी ने सुनाई रुला देने वाली कहानी; VIDEO वायरल