Indian Blogger In China: जब भी दुनिया भर में सफाई की बात आती है, तो भारत को अक्सर ट्रोल किया जाता है. विदेशी टूरिस्ट हों या खुद देश के लोग, हर कोई पब्लिक प्लेस पर फैले कचरे के लिए इंडिया की आलोचना करता है. लेकिन हाल ही में एक इंडियन ब्लॉगर ने चीन का ऐसा वीडियो शेयर कर दिया है, जिसने इस पुरानी धारणा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. चीन के गुआंगझोउ सिटी में एक पतली और गंदी गली से गुजरते हुए इस ट्रैवलर ने जो कुछ देखा, उसने उसे भारत की याद दिला दी.
प्रणव नाम के एक भारतीय ट्रैवल ब्लॉगर ने हाल ही में चीन के गुआंगझोउ सिटी के हैझू इलाके का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है. इस क्लिप में वह शहर की एक टेढ़ी-मेढ़ी गलियों में टहलते नजर आ रहे हैं. वीडियो की शुरुआत में ही प्रणव कहते हैं कि उन्हें लग ही नहीं रहा कि वह चीन में हैं. उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वह भारत की ही किसी गली में घूम रहे हों. वहां की सड़कें, पुरानी इमारतें और कंट्रक्शन बिल्कुल वैसा ही दिख रहा था जैसा अमूमन भारत के कई शहरों में देखने को मिलता है.
ब्लॉगर ने वीडियो में दिखाया कि किस तरह पतली गली के दोनों तरफ पुराने घर, उलझे हुए बिजली के तार और सड़क किनारे भारी मात्रा में कचरा बिखरा हुआ था. दुकानों के बाहर प्लास्टिक की थैलियां और बोतलें पड़ी थीं. इतना ही नहीं, दीवारों पर नौकरी और कमरे किराए पर देने से जुड़े विज्ञापन चिपके हुए थे. यह नजारा देखकर प्रणव ने कहा कि यह जगह काफी गंदी है और दीवारों पर चिपके विज्ञापनों को देखकर ऐसा लगता है जैसे लोग इन्हें पढ़ते भी होंगे.
जैसे-जैसे प्रणव गली में आगे बढ़े वहां का नजारा और भी अजीब होता गया. दुकानों के बाहर कचरा देखकर उन्होंने कहा कि हमारे यहां के लोकल बाजार तो इससे कहीं ज्यादा साफ और बेहतर होते हैं. उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि चीन जैसे विकसित देश के बाजारों और गलियों का ऐसा हाल होगा. इस वीडियो के जरिए उन्होंने एक बड़ा सवाल उठाया कि जब हर देश में ऐसे इलाके मौजूद हैं, तो इंटरनेट और सोशल मीडिया पर सिर्फ भारत को ही गंदा और अस्वच्छ देश कहकर क्यों बदनाम किया जाता है?
प्रणव का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों के कमेंट्स की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने ब्लॉगर की बात से सहमति जताई और कहा कि अक्सर विदेशी मीडिया और सोशल मीडिया पर किसी देश का सिर्फ चमकता हुआ चेहरा ही दिखाया जाता है. एक यूजर ने लिखा कि हमारा भारत इससे काफी बेहतर है. वहीं दूसरी तरफ कुछ यूजर्स ने ब्लॉगर को रियलिटी चेक देने की कोशिश भी की.
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि चीन की किसी एक गंदी गली को देखकर भारत से तुलना करना गलत है. उसने लिखा कि जाग जाओ, हमारे देश के कई शहरों की गलियां इससे भी बुरी हालत में होती हैं. वहीं एक अन्य यूजर का कहना था कि हर देश का एक ऐसा हिस्सा होता है जो पोस्टरों में नहीं दिखता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम अपनी कमियों को देखना बंद कर दें.