परिवार ने छोड़ा तो वृद्धाश्रम में मिला हमसफर: 75 साल के कन्हैया और 63 की सविना ने रचाई शादी; ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ जश्न
जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर अक्सर लोग अपनों के साथ और सहारे की उम्मीद करते हैं. लेकिन हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में रहने वाले 75 साल के कन्हैया लाल और 63 साल की सविना की कहानी कुछ अलग है. दोनों की मुलाकात एक ओल्ड एज होम में हुई, जहां वे अपनी-अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. धीरे-धीरे दोस्ती हुई, फिर एक-दूसरे का साथ पसंद आने लगा. अंत में दोनों ने शादी कर नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया.
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में स्थित अपना घर ओल्ड एज होम इन दिनों एक खास वजह से चर्चा में है. यहां रहने वाले दो बुजुर्गों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जिंदगी की नई शुरुआत की है. 75 साल के कन्हैया लाल और 63 साल की सविना ने पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ शादी की.
उनकी शादी के इस खास मौके पर ओल्ड एज होम का माहौल किसी आम शादी समारोह जैसा हो गया. महिला संगीत हुआ, मंगलगीत गाए गए और दूल्हा-दुल्हन ने भी खुशी से डांस किया. इस शादी में बिलासपुर की डिप्टी कमिश्नर किरण भड़ाना भी पहुंचीं. उन्होंने नवविवाहित जोड़े को बधाई दी और उनके आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं.
भाइयों को जमीन दी, फिर घर से होना पड़ा दूर
कन्हैया लाल मूल रूप से मंडी जिले के जंजैहली के रहने वाले हैं. उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा खेती-किसानी करते हुए बिताया. लेकिन उम्र बढ़ने के साथ उनकी जिंदगी में मुश्किलें भी बढ़ती चली गईं. बताया जाता है कि कन्हैया लाल की कोई संतान नहीं थी. करीब चार साल पहले उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी. इसके बाद आरोप है कि उन्हें अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा. घर छूटने के बाद उनकी हालत ऐसी हो गई कि उन्हें जंगल में एक गुफा में रहना पड़ा. अकेलेपन और परेशानियों के बीच उनका जीवन काफी मुश्किल हो गया था.
जंगल की गुफा से अपना घर तक पहुंचे
कन्हैया लाल की हालत की जानकारी मिलने के बाद एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल की अगुवाई वाली टीम ने उन्हें वहां से रेस्क्यू किया. प्रकाश चंद बंसल ही बिलासपुर में अपना घर ओल्ड एज होम चलाते हैं. टीम कन्हैया लाल को अपने साथ आश्रय गृह लेकर आई. यहां उन्हें रहने की जगह और देखभाल मिली. लंबे समय बाद उन्हें ऐसा माहौल मिला, जहां उनकी जरूरतों का ध्यान रखने वाले लोग मौजूद थे. हालांकि, उनके जीवन में अभी एक और बदलाव आना बाकी था. इसी ओल्ड एज होम में उनकी मुलाकात सविना से हुई.
रास्ता भटककर पहुंची थीं सविना
63 साल की सविना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं. उनकी जिंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव से गुजरी. बताया जाता है कि सफर के दौरान वह रास्ता भटक गई थीं और उनके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं था. इसी दौरान वह शिमला के पास मशोबरा पहुंच गईं. वहां पुलिस ने उन्हें पाया और उनकी मदद करते हुए महिला आश्रय गृह पहुंचाया. बाद में उन्हें बिलासपुर के अपना घर ओल्ड एज होम में शिफ्ट कर दिया गया. इस तरह कन्हैया लाल की तरह सविना को भी एक ऐसी जगह मिली, जहां उन्हें सुरक्षा और सहारा मिल सका.
अकेलेपन ने करीब लाए दो दिल
ओल्ड एज होम में रहने के दौरान कन्हैया लाल और सविना की मुलाकात हुई. दोनों की जिंदगी की परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन एक बात दोनों में समान थी. दोनों ने अकेलेपन और मुश्किल समय का सामना किया था. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी. एक-दूसरे के साथ समय बिताते हुए उनकी दोस्ती गहरी होती गई. उन्हें महसूस हुआ कि जीवन के इस पड़ाव पर भी कोई ऐसा साथी मिल सकता है, जिसके साथ आगे का सफर आसान हो जाए. समय के साथ यह दोस्ती रिश्ते में बदल गई. दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का फैसला किया. इसके बाद ओल्ड एज होम में ही उनकी शादी की तैयारियां शुरू हो गईं.
शादी में झूमे बुजुर्ग, गूंजे मंगलगीत
शादी के दिन अपना घर ओल्ड एज होम में खुशी का माहौल था. पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया. महिला संगीत के दौरान गाने गाए गए. कन्हैया लाल और सविना भी इस खुशी में शामिल हुए और जमकर डांस किया. वहां मौजूद लोगों के लिए यह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि दो लोगों को नया सहारा मिलते देखने का खास मौका था. डिप्टी कमिश्नर किरण भड़ाना ने भी इस मौके पर पहुंचकर दोनों को शुभकामनाएं दीं.
उम्र नहीं, साथ की जरूरत सबसे बड़ी
कन्हैया लाल और सविना की यह कहानी इसलिए खास है क्योंकि दोनों ने जिंदगी के उस दौर में शादी करने का फैसला लिया, जब आमतौर पर लोग नई शुरुआत के बारे में सोचते भी नहीं हैं. एक ने अपना घर और सहारा खोया था, तो दूसरी को सफर के दौरान अपनों से दूर होकर आश्रय लेना पड़ा. लेकिन दोनों को एक ही जगह पर ऐसा साथी मिल गया, जिसके साथ वे आगे की जिंदगी बिताना चाहते हैं. यह कहानी याद दिलाती है कि रिश्ते बनाने और नई शुरुआत करने की कोई तय उम्र नहीं होती. कभी-कभी जिंदगी का सबसे खूबसूरत मोड़ उसी वक्त आता है, जब इंसान को लगता है कि अब शायद कुछ नया नहीं होगा.