SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'बॉस, मैं GTA 6 खेलने जा रहा हूं': गेम खेलने के लिए कर्मचारी ऑफिस से ले रहे छुट्टी; कंपनियों ने भी निकाली खास पॉलिसी

13 साल लंबे इंतजार के बाद GTA 6 को लेकर गेमर्स की दीवानगी ऐसी है कि अब ऑफिस का काम भी उनके सामने छोटा पड़ता दिख रहा है. कोई चार दिन की छुट्टी लेकर गेम खेलने की तैयारी कर रहा है तो किसी ने अपनी लीव एप्लिकेशन में वजह ही 'GTA 6' लिख दी. हैरानी की बात यह है कि कुछ कंपनियां भी कर्मचारियों के इस शौक को समझते हुए उन्हें गेमिंग के लिए खास छुट्टी दे रही हैं.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 20, 2026, 07:08 IST | Updated: Nov 20, 2026, 07:22 IST
Image Credit: GTA 6 खेलने के लिए कर्मचारियों ने मांगी छुट्टी!
Join

आमतौर पर लोग छुट्टी के लिए शादी, घूमने जाने, परिवार के साथ वक्त बिताने या किसी जरूरी काम का कारण बताते हैं. लेकिन इस बार कुछ कर्मचारियों की छुट्टी की वजह थोड़ी अलग है. वे ऑफिस से छुट्टी इसलिए चाहते हैं, जिससे घर बैठकर आराम से अपना पसंदीदा वीडियो गेम खेल सकें.

गेमिंग की दुनिया में इस समय GTA 6 को लेकर जबरदस्त उत्साह है. लंबे इंतजार के बाद इस गेम को लेकर फैंस की उम्मीदें इतनी बढ़ गई हैं कि कई लोग इसकी रिलीज को किसी बड़े त्योहार की तरह ले रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी ऐसे पोस्ट और किस्से चर्चा में हैं, जिनमें कर्मचारी गेम खेलने के लिए अपनी छुट्टियों का प्लान बना रहे हैं.

हर पांच में से एक कर्मचारी लेना चाहता है छुट्टी

USA Today की रिपोर्ट के अनुसार, नौकरी करने वाले कर्मचारियों में करीब हर पांचवां व्यक्ति GTA 6 खेलने के लिए अपनी पेड लीव इस्तेमाल करने की प्लानिंग बना रहा है. खास बात यह है कि इनमें से कई लोग सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि औसतन चार दिन की छुट्टी लेने के बारे में सोच रहे हैं. इस मामले में युवा जनरेशन सबसे आगे नजर आ रही है. रिपोर्ट के अनुसार, Gen Z के करीब 32 प्रतिशत कर्मचारी गेम खेलने के लिए छुट्टी लेने की प्लानिंग कर रहे हैं. वहीं, मिलेनियल्स में यह आंकड़ा 27 फीसदी बताया गया है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि GTA 6 का इंतजार सिर्फ गेमिंग कम्युनिटी तक सीमित नहीं है. इसका असर अब ऑफिस की छुट्टियों के प्लान और कर्मचारियों की दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है.

 

 

 

 

कंपनियां भी दे रही हैं गेमिंग के लिए छुट्टी

इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प बात यह है कि कुछ कंपनियां कर्मचारियों के इस उत्साह को रोकने के बजाय इसे समझने की कोशिश कर रही हैं. कैलिफोर्निया की टेक कंपनी लॉजिटेक ने इसी महीने कर्मचारियों के लिए एक खास पहल शुरू की. कंपनी ने इसे GTO यानी 'गेमिंग टाइम ऑफ' नाम दिया है. इसके तहत कर्मचारियों को काम से कुछ समय निकालकर गेम खेलने का मौका दिया जाता है. इसका मतलब है कि गेमिंग के शौकीनों को अब अपने इस पसंदीदा काम के लिए छुट्टी लेने पर अलग से सफाई देने की जरूरत नहीं होगी. यह पहल दिखाती है कि कुछ कंपनियां कर्मचारियों के निजी शौक और काम के बीच संतुलन बनाने के नए तरीके अपना रही हैं. हालांकि, यह सुविधा हर कंपनी में उपलब्ध नहीं है.

 

 

छुट्टी की वजह पूछी तो लिख दिया GTA 6

GTA 6 को लेकर कर्मचारियों की दीवानगी का एक और मजेदार उदाहरण अमेरिका के कैनसस सिटी से सामने आया है. यहां 34 साल के कैमरन लोगन कॉक्स एक म्यूजिक लेबल में फिल्ममेकर और क्रिएटिव डायरेक्टर के तौर पर काम करते हैं. जब उन्होंने छुट्टी के लिए अप्लाई किया तो वजह बताने में ज्यादा शब्द खर्च नहीं किए. उन्होंने सीधे अपनी लीव एप्लिकेशन में 'GTA 6' लिख दिया. CBS न्यूज से बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने छुट्टी के कारण के तौर पर सचमुच सिर्फ GTA 6 ही लिखा था. उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. आमतौर पर कर्मचारी छुट्टी के लिए लंबी-चौड़ी वजह बताते हैं, लेकिन यहां गेम का नाम ही काफी समझा गया.

 

 

सोशल मीडिया पर भी छाया गेमिंग का जुनून

GTA 6 को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह के किस्से सामने आ रहे हैं. कोई लंबा वीकेंड प्लान कर रहा है तो कोई गेम खेलने के लिए घर में पहले से तैयारी कर रहा है. कुछ लोग तो परिवार के सदस्यों से भी कह रहे हैं कि गेम खेलते समय उन्हें परेशान न किया जाए. इस पूरे ट्रेंड में सबसे दिलचस्प बात यह है कि गेम खेलने के लिए छुट्टी मांगना अब कई लोगों के लिए मजाकिया पोस्ट से आगे बढ़कर एक असली प्लान बन चुका है. कुछ गेमर्स के लिए यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सालों से इंतजार किए जा रहे गेम का अनुभव लेने का मौका है.

GTA 6 में ऐसा क्या खास है?

रॉकस्टार गेम्स की इस मशहूर सीरीज का नया हिस्सा खिलाड़ियों को एक बार फिर वाइस सिटी की दुनिया में ले जाता है. यह शहर अमेरिका के फ्लोरिडा से प्रेरित काल्पनिक राज्य लियोनिडा में दिखाया गया है. गेम की कहानी दो किरदारों लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवाल के आसपास घूमती है. दोनों छोटे-मोटे अपराधों की दुनिया से जुड़े हैं, लेकिन धीरे-धीरे एक बड़ी साजिश में उलझ जाते हैं. कहानी में क्राइम, एक्शन और खुली दुनिया में घूमने का अनुभव शामिल है. GTA सीरीज की लोकप्रियता पहले से ही दुनिया भर में रही है. ऐसे में नए गेम को लेकर फैंस की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं. यही वजह है कि इसकी रिलीज को लेकर गेमिंग कम्युनिटी में लंबे समय से चर्चा बनी हुई है.

गेम के आगे ऑफिस की जिम्मेदारियां भी छोटी पड़ गईं!

GTA 6 को लेकर कर्मचारियों का यह क्रेज बताता है कि आज गेमिंग लोगों की जिंदगी का कितना बड़ा हिस्सा बन चुकी है. किसी के लिए यह दिनभर की थकान मिटाने का तरीका है तो किसी के लिए सालों से इंतजार किया गया खास अनुभव. अब देखना यह है कि गेम के आने के बाद कितने कर्मचारी सच में अपनी छुट्टियां गेम खेलने में बिताते हैं. फिलहाल इतना जरूर है कि GTA 6 ने ऑफिस की दुनिया में भी हलचल मचा दी है. जहां पहले लोग छुट्टी के लिए घूमने जाने का बहाना ढूंढते थे, वहीं अब कुछ कर्मचारियों के लिए बॉस से बस इतना कहना काफी है कि 'मैं GTA 6 खेलने जा रहा हूं!'

यह भी पढ़ें:- 'पत्नी को लग रहा है मेरा अफेयर चल रहा, पर मैं होटल में गेम खेल रहा': GTA 6 की रिलीज के बाद इंटरनेट पर मचा तहलका; मीम्स देखकर नहीं रुकेगी हंसी

यह भी पढ़ें:- हार्ट सर्जन का शौक देख दुनिया रह गई हैरान: घर में जमा कर रखी हैं दिल के शेप वाली 3,200 चीजें; गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES