App

खाटू श्याम का जन्मोत्सव: 1400 सुरक्षाकर्मी, 270 CCTV, देश-विदेश के फूलों से सजा दरबार, नो व्हीकल जोन, आतिशबाजी और VIP दर्शन पर रोक

खाटूश्यामजी में आज 20 नवंबर को बाबा श्याम का दो दिवसीय पाटोत्सव मेला आयोजित होगा. 1400 सुरक्षाकर्मी, 270 CCTV कैमरे और 10 लाख पानी के पाउच की व्यवस्था की गई है. रींगस-खाटू मार्ग 44 घंटे नो व्हीकल जोन रहेगा.

खाटू श्याम का जन्मोत्सव: 1400 सुरक्षाकर्मी, 270 CCTV, देश-विदेश के फूलों से सजा दरबार, नो व्हीकल जोन, आतिशबाजी और VIP दर्शन पर रोक
Image Credit: खाटूधाम में बाबा श्याम का जन्मोत्सव.

सीकर जिले की विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के कार्तिक शुक्ल एकादशी और द्वादशी पर 20 नवंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय पाटोत्सव मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मंदिर कमेटी, जिला प्रशासन और नगरपालिका ने सुरक्षा, यातायात, दर्शन, पेयजल, चिकित्सा और सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है. मेले में करीब 1400 सुरक्षाकर्मी और होमगार्ड तैनात रहेंगे. मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 270 सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी.

सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है. मेला क्षेत्र में करीब 1400 सुरक्षाकर्मी एवं होमगार्ड तैनात किए जाएंगे. इसके साथ ही 270 सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसर, प्रमुख रास्तों और मेला क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी. मेले की तैयारियां फाल्गुनी मेले की तर्ज पर करने को कहा गया है.

रींगस से तय रास्ते से मंदिर तक पहुंचेंगे श्रद्धालु
महंत मोहनदास महाराज चौहान के अनुसार, रींगस रोड से आने वाले श्रद्धालु लामिया तिराहा, चारण मेला मैदान और लखदातार ग्राउंड होते हुए 75 फीट मार्ग से मुख्य मेला ग्राउंड पहुंचेंगे. भीड़ बढ़ने की स्थिति में चारण मेला मैदान में बनाई गई तीन कतारों के जरिए भक्तों को मंदिर की ओर भेजा जाएगा. इसके बाद लखदातार ग्राउंड में तैयार छह ब्लॉकों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आगे बढ़ाया जाएगा.

44 घंटे रींगस-खाटू मार्ग रहेगा नो व्हीकल जोन
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में पदयात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रींगस से खाटूश्यामजी जाने वाले मार्ग को 44 घंटे के लिए नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है. श्रद्धालु रींगस से लांपुवा और चौमू पुरोहितान होते हुए खाटूधाम तक पदयात्रा कर सकेंगे. पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बेरिकेडिंग की जा रही है.

वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्ता भी तय किया गया है. नेशनल हाईवे-52 से ठिकरिया और शाहपुरा होते हुए खाटूश्यामजी जाने वाला मार्ग खुला रहेगा. रींगस थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने श्रद्धालुओं और आमजन से यातायात निर्देशों का पालन करने, प्रतिबंधित मार्ग पर वाहन नहीं ले जाने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा है.

पेयजल, एंबुलेंस और मेडिकल कैंप की व्यवस्था
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 लाख पानी के पाउच उपलब्ध करवाए जाएंगे. आपात चिकित्सा सहायता के लिए तीन एंबुलेंस और पांच मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे. उपजिला अस्पताल में चार डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे. इसके अलावा पांच प्रमुख स्थानों पर चिकित्सा कैंप संचालित किए जाएंगे. आपात स्थिति से निपटने के लिए चार दमकल गाड़ियां भी तैनात रहेंगी.

सफाई, शौचालय और यातायात में ये इंतजाम
मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभालने के लिए 350 कर्मचारी और आठ ट्रैक्टर लगाए जाएंगे. एक बड़ी और चार छोटी क्रेन तैनात रहेंगी. खोया-पाया संबंधी सूचनाएं देने के लिए तीन उद्घोषणा केंद्र बनाए जाएंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट सहित 20 से 25 स्थानों पर 24 घंटे शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में भी शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा.

नगरपालिका के ईओ सहदेवदान चारण ने बताया कि अस्थायी अतिक्रमण हटाने, रास्तों को व्यवस्थित रखने और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. मार्गों पर टीनशेड लगाए गए हैं. नगरपालिका को सेल्फी पॉइंट बनाने और मंदिर के निकास मार्ग पर बने निर्माणाधीन गड्ढे को तत्काल भरवाने के निर्देश भी दिए गए हैं.

वीआईपी दर्शन पर रोक, आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित
आम श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए प्रोटोकॉल के अलावा वीआईपी दर्शन व्यवस्था बंद रहेगी. जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान आतिशबाजी पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन कर आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. जन्मोत्सव के दौरान आतिशबाजी करने के साथ-साथ आतिशबाजी सामग्री के क्रय-विक्रय पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

बिजली सुरक्षा और मंदिर सजावट पर भी खास ध्यान
विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंदिर कमेटी, नगरपालिका और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से ऑडिट करेंगे. निर्देश हैं कि किसी भी स्थान पर बिजली के तार झूलते हुए नहीं मिलने चाहिए.

आज 20 नवंबर को बाबा श्याम का पाटोत्सव मनाया जाएगा. मंदिर परिसर को भव्य रूप देने के लिए सजावट का काम जारी है. मंदिर कमेटी की ओर से मथुरा और वृंदावन से आए कारीगर सजावट कर रहे हैं. परिसर में राधा-कृष्ण, श्रीकृष्ण, श्रीराम और अन्य देवी-देवताओं की झांकियां तैयार की जा रही हैं. देश-विदेश से मंगवाए गए विभिन्न प्रकार के कृत्रिम फूलों से श्याम दरबार का विशेष श्रृंगार होगा. वृंदावन और मथुरा की तर्ज पर बनाई जा रही कलाकृतियां और फूलों की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी.

प्रशासन की अपील
पुलिस ने लोगों से तय मार्गों का उपयोग करने, नो व्हीकल जोन के नियमों का पालन करने और आतिशबाजी से दूर रहने की अपील की है. इनका उद्देश्य भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है. सभी से प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashok Singh Shekhawat

Ashok Singh Shekhawat

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो