App

हैप्पी बर्थडे बाबा श्याम: 20 नवंबर को खाटूधाम में उत्सव, 56 भोग और 8 आरतियां, 24 घंटे होंगे दर्शन

खाटूश्यामजी में देवउठनी एकादशी पर बाबा श्याम का पाटोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. इसके लिए मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है. बाबा को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे और दिनभर में आठ विशेष आरतियां होंगी. श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट 24 घंटे खुले रहेंगे. देशभर से हजारों भक्त बाबा का जन्मोत्सव मनाने खाटूधाम पहुंच रहे हैं.

हैप्पी बर्थडे बाबा श्याम: 20 नवंबर को खाटूधाम में उत्सव, 56 भोग और 8 आरतियां, 24 घंटे होंगे दर्शन
Image Credit: बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर खास तैयारी

सीकर जिले के खाटूश्यामजी में विश्वविख्यात धार्मिक नगरी खाटूधाम में कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर कल बाबा श्याम का पाटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा. बाबा श्याम के पाटोत्सव को लेकर श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं.

मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, गुब्बारों और रंग-बिरंगी सजावटी सामग्री से भव्य रूप दिया गया है. बाबा श्याम का अलौकिक और मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. पाटोत्सव में शामिल होने के लिए देशभर से श्याम भक्तों के खाटूधाम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है.

फूलों और आकर्षक सजावटी सामग्री से सजा श्याम दरबार 
श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शक्तिसिंह चौहान ने बताया कि बाबा श्याम के पाटोत्सव को लेकर मंदिर कमेटी की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं. बाबा के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया है. मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार के फूलों और आकर्षक सजावटी सामग्री से मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप दिया गया है. मंदिर परिसर में भगवान के दशावतार के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाई गई हैं. रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट के बीच श्याम दरबार की छटा देखते ही बनेगी.

56 भोग की झांकी सजाकर लगाएंगे बाबा को भोग 
बाबा श्याम के पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर में 56 भोग की भव्य झांकी सजाई जाएगी. श्री श्याम मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान ने बताया कि कार्तिक शुक्ल एकादशी की शाम को बाबा श्याम को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालु भव्य 56 भोग की झांकी के दर्शन कर सकेंगे. पाटोत्सव के अवसर पर बाबा को विशेष भोग अर्पित कर उनकी आराधना की जाएगी.

दिनभर में होंगी आठ आरतियां, 24 घंटे होंगे दर्शन
श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि सामान्य दिनों में मंदिर में बाबा श्याम की पांच आरतियां होती हैं लेकिन कार्तिक महोत्सव के अवसर पर विशेष रूप से आठ आरतियों का आयोजन किया जाएगा. मोहनदास चौहान ने बताया कि मंगला आरती, श्रृंगार आरती, भोग आरती, ग्वाल आरती और शयन आरती के अलावा रात्रि 12 बजे, रात 2 बजे और रात 4 बजे विशेष आरतियां की जाएंगी. पाटोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम के मंदिर के पट 24 घंटे खुले रहेंगे, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालु लगातार बाबा के दर्शन कर सकेंगे.

केक काटकर मनाएंगे बाबा श्याम का पाटोत्सव
बाबा श्याम के पाटोत्सव को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है. देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु खाटूधाम पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु बाबा के दरबार में केक काटकर उनका पाटोत्सव मनाएंगे. कई भक्त एक किलोग्राम से लेकर क्विंटल तक के केक बाबा को अर्पित करेंगे और हैप्पी बर्थडे बाबा श्याम बोलकर अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे. भक्त बाबा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना करेंगे.

सुगम दर्शन के लिए मंदिर कमेटी ने किए विशेष इंतजाम
मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पाटोत्सव पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है. श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. व्यवस्थाओं में लगे कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

Khatu Shyam Ji

श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी हैं बाबा श्याम के चमत्कारों की कथाएं
बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के कोने-कोने से भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर खाटूधाम पहुंचते हैं. अनेक श्रद्धालु अपने जीवन में आए संकटों और बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा से जुड़े अनुभव साझा करते हैं. श्याम भक्त अशोक शर्मा ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था. उस कठिन समय में महाराज मोहनदास से बाबा का चरणामृत प्राप्त हुआ. उनका मानना है कि इसके बाद उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिला. उन्होंने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए कहा कि बाबा श्याम के प्रति उनकी आस्था और भी मजबूत हो गई.

इसी तरह मोहनदास महाराज चौहान ने गंगानगर की एक महिला श्रद्धालु का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि कई साल पहले वह महिला खाटूधाम आई थी जिसकी दोनों आंखों की रोशनी नहीं थी. आलूसिंह महाराज ने उसे बाबा के दर्शन करने श्याम कुंड में स्नान करने और बाबा का जल आंखों में लगाने की सलाह दी थी. उनके अनुसार इसके बाद महिला को दिखाई देने लगा. ऐसे प्रसंगों को श्रद्धालु बाबा श्याम की कृपा और चमत्कार के रूप में देखते हैं. एक अन्य श्याम भक्त अशोक कुमार ने बताया कि करीब 15 साल पहले आए कठिन समय में बाबा श्याम की कृपा से उन्हें नया जीवन मिला. वहीं, एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि बाबा के दरबार में जो भी मन्नत मांगी, वह पूरी हुई. इसी विश्वास के चलते वह प्रत्येक एकादशी को खाटूधाम में बाबा के दर्शन करने पहुंचते हैं.

आस्था और भक्ति के रंग में रंगेगा खाटूधाम
कार्तिक शुक्ल एकादशी पर बाबा श्याम का पाटोत्सव खाटूधाम में भक्ति और उत्साह का विशेष माहौल लेकर आएगा. मंदिर में फूलों की सजावट, 56 भोग की झांकी, विशेष आरतियां और 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी. बाबा श्याम के जयकारों से खाटूधाम का वातावरण भक्तिमय होगा और देशभर से आए श्रद्धालु अपने आराध्य के पाटोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे.  
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashok Singh Shekhawat

Ashok Singh Shekhawat

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो