)
सीकर जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी एवं पाटोत्सव मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी एवं पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन कर आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. मेले की व्यवस्थाएं फाल्गुनी मेले की तर्ज पर करने के निर्देश दिए गए.
VIP दर्शन बंद, आम श्रद्धालुओं को मिलेगी प्राथमिकता
वहीं, आम श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन करवाने के लिए प्रोटोकॉल को छोड़कर वीआईपी दर्शन व्यवस्था बंद रहेगी. चिकित्सा सुविधाओं के लिए उपजिला अस्पताल में चार डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे.
पांच मेडिकल कैंप और 24 घंटे डॉक्टर रहेंगे तैनात
इसके अलावा पांच प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट सहित 20 से 25 स्थानों पर 24 घंटे शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
20 से 25 स्थानों पर शौचालय, होटल-धर्मशालाओं को भी निर्देश
होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में भी शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा. विद्युत सुरक्षा को लेकर मंदिर कमेटी, नगरपालिका और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से ऑडिट करेंगे. कहीं भी बिजली के तार झूलते नहीं मिलने चाहिए.
बिजली सुरक्षा का होगा ऑडिट, झूलते तारों पर प्रशासन सख्त
नगरपालिका को सेल्फी पॉइंट बनाने और मंदिर निकास मार्ग पर बने निर्माणाधीन गड्ढे को तत्काल भरवाने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि मेले के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
राजा रूप सिंह चौहान ने कराया था खाटूश्याम मंदिर का निर्माण
कहानियों के अनुसार, खाटू श्याम जी को महाभारत के वीर योद्धा बर्बरीक (घटोत्कच के पुत्र और भीम के पोते) का कलयुग में अवतार माना जाता है. इन्हें 'हारे का सहारा' और 'कलियुग के देवता' के रूप में पूजा जाता है. इस मूल मंदिर का निर्माण राजा रूप सिंह चौहान ने विक्रम संवत 1027 (1027 ईस्वी) में कराया था और 1720 ईस्वी में इसका जीर्णोद्धार अभय सिंह द्वारा किया गया. इस मंदिर के गर्भ गृह में केवल शीश (सिर) की पूजा की जाती है.