App

पुष्कर मेले में 'गरमा गर्म' झाग वाली ऊंटनी के दूध की चाय, रबड़ी में लथपथ मालपुए का जायका, एक बार चख लिया तो याद रहेगा स्वाद

Pushkar Fair 2026: राजस्थान के पुष्कर मेले में ऊंट-घोड़ों के साथ खाने-पीने की भी कई खास चीजें मिलती हैं. यहां रबड़ी मालपुआ, खस्ता कचौड़ी, दाल-बाटी चूरमा और ऊंटनी के दूध की चाय का स्वाद ले सकते हैं. जानिए पुष्कर मेले में खाने की कौन-कौन सी चीजें हैं खास.

पुष्कर मेले में 'गरमा गर्म' झाग वाली ऊंटनी के दूध की चाय, रबड़ी में लथपथ मालपुए का जायका, एक बार चख लिया तो याद रहेगा स्वाद
Image Credit: Pushkar Fair 2026

Pushkar Fair 2026 Food: राजस्थान का पुष्कर मेला सिर्फ ऊंटों और घोड़ों की खरीद-बिक्री के लिए ही नहीं, बल्कि अपने खास खानपान के लिए भी जाना जाता है. अगर आप खाने-पीने के शौकीन हैं और अलग-अलग जगहों का स्वाद चखना पसंद करते हैं, तो पुष्कर मेला आपके लिए खास हो सकता है. यहां राजस्थान के मशहूर दाल-बाटी चूरमा से लेकर रबड़ी मालपुआ, खस्ता कचौड़ी और ऊंटनी के दूध की चाय तक कई चीजें मिलती हैं. खास बात यह है कि पुष्कर में देसी राजस्थानी खाने के साथ विदेशी व्यंजनों का स्वाद भी चख सकते हैं.

इस साल पुष्कर मेला 17 नवंबर से 24 नवंबर तक आयोजित हो रहा है. मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. यहां ऊंट-घोड़ों की दौड़ और खरीद-बिक्री के साथ स्थानीय बाजारों में घूमने और खरीदारी का भी मौका मिलता है. पुष्कर अपने घाटों और वहां होने वाली आरती के लिए भी मशहूर है. ऐसे में अगर आप मेले में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां की इन सात खास चीजों का स्वाद जरूर चख सकते हैं.

1. रबड़ी मालपुआ: पुष्कर की सबसे मशहूर मिठाइयों में शामिल
पुष्कर घूमने जाएं और यहां का रबड़ी मालपुआ न खाएं, तो खाने का मजा अधूरा रह सकता है. यहां के मालपुए आम मालपुओं से थोड़े अलग होते हैं. इन्हें रबड़ी और मावे से तैयार घोल से बनाया जाता है. इसके बाद घी या तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तला जाता है. फिर इलायची वाली मीठी चाशनी में डुबोकर परोसा जाता है. पुष्कर के बाजारों में कई हलवाई दिनभर ताजा मालपुए बनाते हैं.

2. खस्ता कचौड़ी: चटपटा खाने वालों के लिए खास
अगर आपको सुबह के नाश्ते में कुछ मसालेदार खाना पसंद है, तो पुष्कर की खस्ता कचौड़ी जरूर चखें. इसमें मूंग दाल की मसालेदार स्टफिंग भरी जाती है. कचौड़ी को तोड़कर ऊपर से मीठी और खट्टी चटनी डालकर परोसा जाता है. यहां कढ़ी कचौड़ी भी काफी पसंद की जाती है. ब्रह्मा मंदिर रोड पर मोहनजी भुजियावाले की कढ़ी कचौड़ी और मेथी पकौड़े वाली कढ़ी मशहूर है. हल्का नाश्ता करना चाहें तो पोहा-जलेबी भी खा सकते हैं.

3. दाल-बाटी चूरमा: राजस्थान का पारंपरिक स्वाद
राजस्थान के खाने की बात हो और दाल-बाटी चूरमा का नाम न आए, ऐसा कैसे हो सकता है. पुष्कर मेले में भी इसका स्वाद चखने का मौका मिलता है. गेहूं के आटे से बनी बाटी को सेंककर तैयार किया जाता है. इसके बाद घी में डुबोकर पंचमेल दाल के साथ परोसा जाता है. साथ में गुड़ या चीनी से तैयार मीठा चूरमा खाने का स्वाद और बढ़ा देता है.

4. मिर्ची वड़ा और चीज पराठा: शाम की भूख मिटाने के लिए
मेले में घूमते-घूमते कुछ चटपटा खाने का मन हो तो मिर्ची वड़ा अच्छा विकल्प है. इसमें बड़ी हरी मिर्च के अंदर मसालेदार आलू भरकर बेसन के घोल में तला जाता है. वहीं, पुष्कर के मेन मार्केट रोड पर अलग-अलग तरह के पराठे भी मिलते हैं. इनमें चुकंदर, गाजर, शिमला मिर्च और आलू जैसी सब्जियां भरी जाती हैं. ऊपर से कद्दूकस किया हुआ चीज और चटनियां डालकर परोसा जाता है.

5. ऊंटनी के दूध की चाय: पुष्कर मेले का अनोखा स्वाद
पुष्कर मेले की सबसे अलग चीजों में ऊंटनी के दूध से बनी चाय भी शामिल है. मेले में आने वाले राइका और रबारी समुदाय के पशुपालक इसे पारंपरिक तरीके से आग पर तैयार करते हैं. इसका स्वाद सामान्य दूध की चाय से थोड़ा अलग और हल्का नमकीन हो सकता है. स्थानीय लोग इसे रोटले के साथ भी पीते हैं. यहां ऊंटनी के दूध से बने पनीर और दूसरी चीजें चखने का मौका भी मिल सकता है.

6. कुल्हड़ लस्सी और गुलकंद: मीठे के शौकीनों के लिए
पुष्कर की गलियों और मेले में घूमने के बाद कुछ ठंडा पीने का मन करे तो कुल्हड़ लस्सी या मखनिया लस्सी ट्राई कर सकते हैं. इसके अलावा पुष्कर अपने गुलाबों के लिए भी जाना जाता है. यहां गुलाब से तैयार गुलकंद, गुलाब जल और एसेंस मिलते हैं. इन्हें अपने साथ घर ले जाने के लिए भी खरीद सकते हैं.

7. इजरायली खाना: देसी के साथ विदेशी स्वाद भी
पुष्कर में सिर्फ राजस्थानी खाना ही नहीं, बल्कि विदेशी व्यंजन भी मिलते हैं. यहां आने वाले इजरायली पर्यटकों का स्थानीय कैफे और रेस्टोरेंट के मेन्यू पर खास असर देखने को मिलता है. इसी वजह से यहां हम्मस, फलाफल, लबने और जाअतर जैसी डिशेज भी मिलती हैं. इसके अलावा पास्ता, पिज्जा, रैवियोली और वेगन बर्गर जैसे विकल्प भी मौजूद हैं.

पुष्कर में बिना प्याज-लहसुन का खाना भी मिलेगा
पुष्कर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां नॉनवेज और शराब की बिक्री नहीं होती. खास बात यह है कि यहां बिना प्याज-लहसुन के बने खाने का स्वाद भी चख सकते हैं. ऐसे में पुष्कर मेले में घूमने और खरीदारी के साथ राजस्थान के देसी व्यंजनों से लेकर विदेशी खाने तक का लुत्फ उठा सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More