लाखों की नौकरी और सरकारी रुतबा छोड़ा: CBI इंस्पेक्टर अब नर्मदा किनारे गुफा में बिता रहा जिंदगी; बताया क्यों चुना संन्यास
एक तरफ CBI जैसी बड़ी एजेंसी में इंस्पेक्टर की नौकरी, सरकारी पावर और तमाम सुख-सुविधाएं थीं, तो दूसरी तरफ जंगल की गुफा और नर्मदा किनारे सुकून भरी जिंदगी. इस शख्स ने बिना ज्यादा सोचे अपनी पुरानी जिंदगी छोड़ दी. पढ़ाई में होनहार रहे और डॉक्टर की डिग्री हासिल करने के बाद CBI में पहुंचे इस पूर्व अधिकारी का कहना है कि नौकरी में सब कुछ था, लेकिन मन का सुकून नहीं था. अब उनका यह वीडियो वायरल है.
CBI में चयन होने के बाद शुरुआत में उन्हें लगा कि जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी मिल गई है. लेकिन धीरे-धीरे नौकरी के भीतर का माहौल उन्हें परेशान करने लगा. उनके अनुसार, जिस व्यवस्था में वह काम कर रहे थे, वहां कई बार इंसान की अपनी पसंद और सोच के लिए जगह नहीं बचती थी.
उनका कहना है कि कानून लागू करने के दौरान लोगों के साथ सख्ती करनी पड़ती थी, जबकि उनका स्वभाव ऐसा नहीं था. उन्हें विभाग के कामकाज और अधिकारियों के व्यवहार में भी कई ऐसी बातें दिखीं, जिनसे उनका मन उस नौकरी से हटने लगा. उनका कहना है कि सरकारी सिस्टम के प्रोटोकॉल ने उन्हें आजाद जिंदगी जीने नहीं दी. अब उन्हें सुकून संन्यास में मिला है.
सरकारी पावर थी, लेकिन अपनी मर्जी नहीं
पूर्व इंस्पेक्टर ने वीडियो में बताया कि नौकरी में रहते हुए उन्हें महसूस हुआ कि पद और प्रोटोकॉल के कारण इंसान की निजी जिंदगी भी सीमित हो जाती है. किससे मिलना है, किसके साथ उठना-बैठना है और किस तरह व्यवहार करना है, कई चीजें पद के हिसाब से तय होती थीं. उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि अगर कोई गरीब चरवाहा प्यार से उनके पास आकर बैठना चाहे, तो वह चाहकर भी उससे वैसी सहज दोस्ती नहीं कर सकते थे. उन्हें लगता था कि सरकारी पद ने उनके आसपास एक ऐसी दीवार खड़ी कर दी है, जिसके पार आम इंसान से खुलकर मिलना मुश्किल हो जाता है.
महंगी जिंदगी में भी महसूस होने लगा खालीपन
धीरे-धीरे उन्हें अपनी जिंदगी की दिशा पर सवाल उठने लगे. उनके पास नौकरी थी, गाड़ी थी और रहने के लिए सरकारी घर भी था. बाहर से देखने पर सब कुछ अच्छा लग सकता था, लेकिन अंदर से वह संतुष्ट नहीं थे. उनके विचारों के अनुसार, आम आदमी हो या बड़ा अधिकारी, आखिरकार हर कोई अपनी जरूरतें पूरी करने और बेहतर जिंदगी पाने की दौड़ में लगा है. फर्क सिर्फ इतना है कि किसी की जरूरतें छोटी हैं और किसी की महंगी. उन्हें लगने लगा कि वह भी इसी दौड़ का हिस्सा बनकर रह गए हैं.
नर्मदा किनारे पहुंचकर बदली जिंदगी
इसी बेचैनी के बीच उन्होंने नौकरी और घर-परिवार की पुरानी जिंदगी छोड़ने का फैसला किया. अलग-अलग जगहों पर भटकने के बाद वह मां नर्मदा के किनारे पहुंचे. यहां आकर उन्हें वह शांति महसूस हुई, जिसकी तलाश लंबे समय से थी. बताया जाता है कि बचपन में ही उन्हें गुरु से दीक्षा मिली थी. नर्मदा के किनारे पहुंचकर पुराने संस्कार फिर जागने लगे. इसके बाद उन्होंने अपनी जिंदगी को आध्यात्मिक रास्ते पर आगे बढ़ाने का फैसला कर लिया.
नंगे पैर परिक्रमा के दौरान मिला सहारा
नर्मदा परिक्रमा के दौरान ओंकारेश्वर के पास उनके साथ एक ऐसा अनुभव हुआ, जिसे वह आज भी मां नर्मदा की कृपा मानते हैं. उन्होंने वीडियो में बताया कि जब वह परिक्रमा कर रहे थे, तो रास्ते में नुकीले पत्थरों पर चलते हुए उनके पैर बुरी तरह जख्मी हो गए थे. उनके पास न तो चप्पल थी और न ही बिछाने के लिए कोई कपड़ा. खाने का भी इंतजाम नहीं था. उन्होंने मन ही मन मां नर्मदा को याद किया और आगे बढ़ने लगे. कुछ दूरी पर उन्हें चट्टान पर एक टाट-पट्टी, चप्पल और खाने से भरा टिफिन मिला. उन्होंने इसे मां का आशीर्वाद माना. इस घटना ने उनके मन में आध्यात्मिक विश्वास को और मजबूत किया.
साढ़े तीन साल मंदिर में रहे, बच्चों को पढ़ाया
आगे चलकर एक पहाड़ी मंदिर में उन्हें एक महात्मा का साथ मिला. वह वहां करीब साढ़े तीन साल तक रहे. इस दौरान उन्होंने आसपास के गांवों के बच्चों को पढ़ाना शुरू किया. धीरे-धीरे नेचर और साधारण जीवन से उनका जुड़ाव बढ़ता गया. आज वह जंगल की गुफाओं में रहते हैं. खाने के लिए खुद चूल्हा जलाते हैं और आटे से राम रोट यानी मोटी टिक्कड़ बनाते हैं. इसे शुद्ध घी के साथ खाते हैं. उनके लिए अब यही सादा जीवन संतोष का जरिया है.
भ्रष्टाचार की शुरुआत घर से होती है
समाज में फैले भ्रष्टाचार को लेकर भी उनके विचार अलग हैं. उनका मानना है कि इसकी जड़ें कई बार हमारे अपने घरों में ही होती हैं. जब माता-पिता बच्चों की तुलना दूसरों की दौलत और संपत्ति से करने लगते हैं, तो उन पर ज्यादा कमाने और आगे निकलने का दबाव बनने लगता है. उनके अनुसार, यही सोच आगे चलकर गलत रास्ते की वजह बन सकती है. इसलिए बच्चों को सिर्फ IAS, IPS, डॉक्टर या इंजीनियर बनाने की चिंता नहीं करनी चाहिए. सबसे पहले उन्हें अच्छा इंसान बनाने पर ध्यान देना चाहिए.
कपड़े बदलना नहीं, ईमानदारी से जीना है असली संन्यास
उनका कहना है कि संन्यासी बनने का मतलब सिर्फ भगवा कपड़े पहन लेना या घर छोड़ देना नहीं है. असली बात अपने काम और जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाना है. कोई व्यक्ति अपने काम में सच्चाई और सेवा का भाव रखता है, तो उसके अंदर भी साधुता हो सकती है. CBI की नौकरी से जंगल की गुफा तक का उनका सफर इसी सोच को सामने रखता है. जिस जिंदगी को कभी लोग बड़ी कामयाबी मानते थे, उसे छोड़कर उन्होंने अपने लिए सुकून का रास्ता चुना. अब उनके पास न सरकारी पद है और न पहले जैसी सुख-सुविधाएं, लेकिन उन्हें वह शांति मिल गई है, जिसकी तलाश में उन्होंने सब कुछ पीछे छोड़ दिया था.
यह भी पढ़ें:- भारत छोड़ते समय रो पड़ा अमेरिकी कपल: 5 हफ्ते की यात्रा के बाद VIDEO में बयां किया अपना दर्द; कही दिल छू लेने वाली बात
(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)