)
कभी-कभी जिंदगी में ऐसे पल आते हैं, जब किसी को सोचने का मौका ही नहीं मिलता. मिस्र के गीजा गवर्नरेट में रहने वाले अहमद रागब के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. वह अपने पिता की दुकान के बाहर खड़े थे. आसपास हमेशा की तरह भीड़भाड़ थी और इलाके की संकरी सड़क पर लोगों की आवाजाही चल रही थी.
तभी उन्हें ऊपर से कुछ आवाजें सुनाई दीं. रागब ने जब ऊपर देखा तो एक बच्चा दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिरता नजर आया. पूरा नजारा इतना अचानक था कि किसी को समझने का मौका तक नहीं मिला. लेकिन अहमद रागब ने बिना एक सेकंड गंवाए किसी फरिश्ते की तरह हवा में ही बच्चे को लपक लिया.
बच्चा करीब चार साल का बताया जा रहा है. वह बालकनी से नीचे गिरा तो सीधे जमीन पर नहीं पहुंचा. बीच में लगी कपड़े सुखाने वाली तार में उसका शरीर उलझ गया. यही कुछ सेकंड उसके लिए बेहद अहम साबित हुए. तार में उलझने से बच्चे की गिरने की रफ्तार कुछ कम हुई और नीचे खड़े अहमद रागब को उसे बचाने का मौका मिल गया. लोकल मीडिया से बात करते हुए रागब ने बताया कि उनके पास सोचने या खतरे का हिसाब लगाने का समय ही नहीं था. उनकी नजर सिर्फ बच्चे पर थी. अगर वह थोड़ी भी देर करते तो बच्चे के साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
Un acto heroico y de instinto protector de hombre, quedó grabado en video al atrapar en el aire y salva me a un niño que cayó de un tercer piso Ard El Lewa, la provincia egipcia de Guiza https://t.co/y0qnG7kXXk
— Valeria Marcial (@ValeriaMarcial) October 4, 2026
CCTV कैमरे में कैद वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा नीचे की तरफ गिर रहा है और रागब तेजी से उसकी तरफ दौड़ते हैं. वह अपने दोनों हाथ आगे करते हैं और बच्चे को जमीन पर गिरने से पहले ही पकड़ लेते हैं. कुछ सेकंड के इस पूरे घटनाक्रम में रागब खुद भी बुरी तरह हिल जाते हैं. बच्चे को पकड़ने के बाद वह उसे अपनी बाहों में लेकर कुछ कदम आगे जाते हैं और फिर सड़क किनारे रखे एक गद्दे के सहारे टिक जाते हैं. ऐसा लगता है जैसे उस वक्त उन्हें खुद भी समझ नहीं आ रहा था कि अभी-अभी क्या हो गया.
लोकल मीडिया से बातचीत में अहमद रागब ने बताया कि जब उन्होंने बच्चे को गिरते देखा तो उनके दिमाग में कोई दूसरा ख्याल नहीं आया. उन्हें सिर्फ यही लगा कि बच्चे को जमीन से टकराने से पहले बचाना है. उन्होंने कहा कि उनके पास खतरे के बारे में सोचने या यह हिसाब लगाने का समय नहीं था कि अगर वह बच्चे को पकड़ने में नाकाम रहे तो क्या होगा. वह बस बच्चे को बचाने के लिए दौड़ पड़े. बाद में जब बच्चा सुरक्षित था, तब जाकर उन्हें एहसास हुआ कि यह कितना बड़ा खतरा था. रागब ने बताया कि घटना के बाद वह खुद काफी घबरा गए थे.
घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया तो देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो में रागब की तेजी और बच्चे को पकड़ने का तरीका देखकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने उन्हें हीरो बताया. लोगों का कहना है कि अगर रागब उस समय कुछ सेकंड भी देर करते तो नतीजा बेहद खतरनाक हो सकता था. वीडियो ने यह भी दिखाया कि कई बार किसी की जान बचाने के लिए बड़े इंतजाम नहीं, बल्कि सही वक्त पर लिया गया एक फैसला काफी होता है.
बच्चे को बचाने के बाद रागब ने माता-पिता से भी अपील की कि वे छोटे बच्चों को बालकनी या खिड़की के पास अकेला न छोड़ें. उन्होंने खास तौर पर कहा कि अगर बालकनी के पास कुर्सी, टेबल या कोई दूसरी चीज रखी है, तो बच्चों के लिए वहां पहुंचना आसान हो सकता है. इसलिए ऐसी जगहों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सावधानी जरूरी है. रागब ने बच्चों से यह भी कहा कि फिल्मों में दिखने वाले सुपरहीरो की तरह उड़ने या ऊंचाई से छलांग लगाने की कोशिश बिल्कुल न करें.
मिस्र में लोगों के दूसरों की जान बचाने वाले कई वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं. हालांकि हर घटना का अंत इतना अच्छा नहीं रहा. अगस्त में एक 18 वर्षीय लड़के ने अलेक्जेंड्रिया के तट पर डूब रहे छह लोगों को बचाने की कोशिश की थी. इस दौरान उसकी खुद की जान चली गई थी. वहीं पिछले साल शारकिया गवर्नरेट में एक फ्यूल सप्लाई ट्रक में आग लगने के बाद ड्राइवर उसे आबादी वाले इलाके से दूर ले गया था. उसने लोगों की जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उसकी मौत हो गई.