SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रावण दहन बना 'गोलमाल 3' का सीन: भीड़ की तरफ आने लगे पटाखे-रॉकेट, जान बचाकर भागे लोग; VIDEO वायरल

दशहरे पर रावण दहन देखने पहुंचे लोगों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि कुछ ही पलों में उन्हें अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ेगा. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रावण के जलते पुतले से पटाखे और रॉकेट भीड़ की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं. फिर क्या था, देखते ही देखते वहां ऐसी अफरा-तफरी मची कि लोगों को अक्षय कुमार की फिल्म 'भागम भाग' याद आ गई.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 22, 2026, 10:19 AM IST | Updated: Oct 22, 2026, 10:51 AM IST
Image Credit: @urr._.ammu._.07 | दशहरा मेले में हुआ रियल लाइफ 'भागम भाग' एक्शन!
Join

दशहरे पर रावण दहन का इंतजार बच्चों से लेकर बड़ों तक को रहता है. पुतला जलते ही आतिशबाजी शुरू होती है और आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से भर जाता है. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में नजारा कुछ ऐसा बदला कि लोगों की खुशी अचानक घबराहट में बदलती दिखाई दी.

वीडियो में एक शख्स रावण के पुतले के निचले हिस्से में आग लगाता नजर आता है. आग धीरे-धीरे पूरे पुतले में फैलने लगती है. कुछ ही देर में उसके अंदर लगाए गए पटाखे तेजी से फूटने लगते हैं. शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन अगले ही पल आतिशबाजी अलग-अलग दिशाओं में जाने लगती है और लोग भागने लगते हैं.

पटाखे भीड़ की तरफ गए, फिर शुरू हुई भागम भाग

पुतले से निकलने वाले कुछ पटाखे और रॉकेट ऊपर जाने के बजाय दर्शकों की तरफ जाते दिखाई देते हैं. चिंगारियां और आतिशबाजी अपने आसपास देखकर लोग पीछे हटने लगते हैं. इसके बाद वहां ऐसी भागमभाग मचती है कि हर कोई सुरक्षित जगह की तलाश करता नजर आता है. यही वह पल है, जिसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया. जिस जगह लोग रावण दहन देखने के लिए इकट्ठा हुए थे, वहीं अचानक बचने के लिए इधर-उधर दौड़ने की नौबत आ गई. वीडियो को इंस्टाग्राम अकाउंट @urr..ammu..07 से शेयर किया गया है. पोस्ट को 2.2 करोड़ से ज्यादा बार देखे जाने का दावा किया गया है. हालांकि, घटना की सही जगह और इसमें किसी के घायल होने की जानकारी वीडियो से साफ नहीं होती.

रावण का पलटवार या 'गोलमाल 3' जैसा कन्फ्यूजन?

इस वीडियो को देखकर कई लोगों को बॉलीवुड की कॉमेडी फिल्म 'गोलमाल 3' याद आ गईं. फिल्म में अजय देवगन और उनके सामने वाले किरदार दोनों ने पटाखे की दुकानें खोली होती है. ऐसे में जैसे ही वह एक-दूसरे की दुकान पर पटाखे फोड़ते हैं. रॉकेट और तमाम पटाखे फूटने चालू हो जाते हैं. वायरल वीडियो में रावण दहन में भी ऐसा ही कुछ होता है. हालांकि, यहां पब्लिक की गलती बस इतनी होती है कि वह रावण के पास खड़ी होती है. ऐसे में पुतले को आग लगते ही उसके अंदर के पटाखे फूटकर पब्लिक की ओर आने लगते है. कई लोगों ने मजाक में इसे रावण का पलटवार बताया. एक यूजर ने लिखा, 'ये तो रावण का काउंटर अटैक है.' वहीं, कुछ लोगों को यह पूरा नजारा किसी फिल्मी सीन जैसा लगा. हालांकि, पर्दे पर दिखने वाला कन्फ्यूजन मनोरंजन का हिस्सा होता है, लेकिन असल जिंदगी में ऐसी स्थिति लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है.

 

 

किसी ने कहा 'गजब सीन', किसी ने उठाए सवाल

वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी कम दिलचस्प नहीं हैं. कुछ यूजर्स ने इसे देखकर मजाक किया, तो कुछ ने लिखा कि भारत में कभी भी कुछ भी देखने को मिल सकता है. एक कमेंट में इसे 'अनएक्सपेक्टेड सिनेमा' बताया गया. लेकिन सभी लोग इस घटना को मजाक की तरह नहीं देख रहे. कई यूजर्स ने कहा कि पटाखे अगर भीड़ की तरफ जा रहे थे, तो किसी को गंभीर चोट भी लग सकती थी. लोगों ने सवाल उठाया कि पुतले में आतिशबाजी लगाने और उसे जलाने से पहले सुरक्षा का ध्यान रखा गया था या नहीं. एक यूजर ने इंसानों के साथ-साथ जानवरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई. तेज आवाज और अचानक इधर-उधर जाने वाले रॉकेट आसपास मौजूद पशुओं के लिए भी खतरा बन सकते हैं.

रावण के पुतले में पटाखे लगाने पर उठे सवाल

दशहरे पर रावण दहन की परंपरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. कई जगह पुतलों के अंदर पटाखे और रॉकेट लगाए जाते हैं, जिससे दहन के दौरान आतिशबाजी हो सके. लेकिन इस तरह के आयोजन में पटाखों की दिशा, भीड़ से दूरी और सुरक्षा इंतजामों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. अगर आतिशबाजी तय दिशा में नहीं जाती, तो कुछ ही सेकंड में हालात बिगड़ सकते हैं. इसलिए पुतले में आग लगाने से पहले यह देखना जरूरी होता है कि दर्शक सुरक्षित दूरी पर खड़े हों और पटाखों से किसी को नुकसान पहुंचने का खतरा न हो.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES