App

30वीं मंजिल पर लटक रहा था पेंटर, बुजुर्ग ने काट दी सुरक्षा रस्सी, वजह जानकर माथा पकड़ लेंगे आप

इंसान की लापरवाही कभी-कभी किसी की जान पर कैसे बन सकती है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला चीन से सामने आया है. आइए जानते हैं पूरा मामला...

30वीं मंजिल पर लटक रहा था पेंटर, बुजुर्ग ने काट दी सुरक्षा रस्सी, वजह जानकर माथा पकड़ लेंगे आप
Image Credit: लापरवाही का यह मामला चीन के गुआंगडोंग प्रांत के फोशान शहर से सामने आया है.

जरा सोचिए, आप 30वीं मंजिल पर रस्सी के सहारे लटके काम कर रहे हों और नीचे से कोई आपकी वही रस्सी काट दे, वो भी सिर्फ इसलिए कि उसे कपड़े सुखाने के लिए डोरी चाहिए थी. चीन से ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग ने बालकनी में कपड़े सुखाने के चक्कर में काम कर रहे मजदूर की सेफ्टी रस्सी पर कैंची चला दी. गनीमत ये रही कि मजदूर ने समय रहते खुद को संभाल लिया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, यह मामला चीन के गुआंगडोंग प्रांत के फोशान शहर का है. यहां 17 सितंबर को लियू नाम का एक पेंटर बहुमंजिला इमारत की बाहरी दीवार पर मरम्मत और पेंटिंग का काम कर रहा था. काम पूरा करने के बाद जब वह 30वीं मंजिल से रस्सी के सहारे धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा, तो दूसरी मंजिल के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसके होश उड़ गए, क्योंकि उसकी करीब 120 मीटर लंबी मजबूत सुरक्षा रस्सी में से 10 मीटर से ज्यादा हिस्सा गायब था. लिहाजा वो पहली मंजिल तक उतर ही नहीं पा रहा था.

कपड़े सुखाने के चक्कर में बुजुर्ग ने काट दी 10 मीटर रस्सी

जब इस मामले की जांच हुई तो हैरान करने वाली वजह सामने आई. हुआ ये कि दूसरी मंजिल पर रहने वाले एक बुजुर्ग ने कपड़े सुखाने के लिए रस्सी का 10 मीटर हिस्सा काटकर अपनी बालकनी में बांध लिया था. गनीमत ये रही कि जिस वक्त बुजुर्ग ने रस्सी पर कैंची चलाई, उस समय मजदूर उस पर लटका नहीं था, वरना एक बड़ा हादसा तय था.

बुजुर्ग ने क्या दलील दी?

जब बुजुर्ग से वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह रस्सी ऊपर काम कर रहे किसी मजदूर की लाइफलाइन है. उन्हें अपनी बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए डोरी चाहिए थी, तो उन्होंने लटकती रस्सी देखी और काट ली. मजदूर लियू ने बुजुर्ग की ढलती उम्र को देखते हुए पुलिस में केस दर्ज नहीं कराया. उसने सीधे बिल्डिंग के मैनेजमेंट से बात की और रस्सी के नुकसान की भरपाई के लिए 400 युआन (60 डॉलर) का हर्जाना मांगकर मामला रफा-दफा कर दिया.

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

चीन के सोशल मीडिया पर जैसे ही यह खबर फैली, बहस छिड़ गई. इस खबर को 6 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा और बुजुर्ग की इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत पर जमकर गुस्सा निकाला. कुछ लोगों का कहना था कि बुजुर्ग होने या अनजान होने की आड़ में किसी की जिंदगी से खिलवाड़ करने की छूट नहीं मिलनी चाहिए. कई यूजर्स ने तो इसे सीधे तौर पर 'हत्या की कोशिश' करार दिया और कहा कि मजदूर को नरमी दिखाने के बजाय सीधे पुलिस में FIR दर्ज करानी चाहिए थी.

2017 में हुआ था भयानक हादसा

एक ऐसा ही मामला साल 2017 में सामने आया था. उस साल दिसंबर में हेनान प्रांत के झेंगझोऊ शहर में भी कंस्ट्रक्शन के विवाद में एक शख्स ने मजदूर की सुरक्षा रस्सी काट दी थी. उस हादसे में मजदूर चौथी मंजिल से सीधे जमीन पर आ गिरा था और उसकी कई हड्डियां टूट गई थीं. तब आरोपी को अदालत ने जानबूझकर चोट पहुंचाने के जुर्म में 9 महीने की सजा सुनाई थी, लेकिन ताजा मामले में मजदूर की किस्मत अच्छी थी कि उसकी जान बच गई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More