)
कल्पना कीजिए, आप किसी शॉप में पहुंच गए हैं, जहां आपसे पूछा जाए कि शरीर के किस हिस्से में खुजली (स्क्रैचिंग) करवानी है. सुनने में यह आइडिया थोड़ा अजीब जरूर लग रहा है, लेकिन चीन में अब ऐसा बिजनेस चल रहा है, जहां बाकायदा पैसे लेकर यह काम किया जा रहा है.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, झांग शियाओचियाओ ने मई में ग्वांगडोंग प्रांत के शेनझेन में पहली 'इच-रिलीफ शॉप' शुरू की थी. करीब 40 दिन बाद उन्होंने दूसरी जगह भी यह सर्विस शुरू कर दी. दुकान का प्रमोशनल स्लोगन भी सीधा और मजेदार रखा गया है. इसमें लिखा है, 'हम आपको संतुष्टि देने वाली बैक स्क्रैच देंगे.' मतलब जिस काम के लिए लोग आमतौर पर घर में किसी करीबी की मदद मांगते हैं, उसे अब एक पेड सर्विस में बदल दिया गया है.
इस शॉप की खासियत सिर्फ बैक स्क्रैचिंग नहीं है. यहां ग्राहक शरीर के अलग-अलग हिस्सों के लिए स्क्रैचिंग सर्विस चुन सकते हैं. इसके लिए हाथों के बजाय खास तरह के टूल इस्तेमाल किए जाते हैं, जिन्हें उंगलियों के नाखून जैसा डिजाइन दिया गया है. इन टूल्स से त्वचा पर हल्के हाथ से स्क्रैच किया जाता है. ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से बॉडी एरिया और सर्विस का समय चुन सकते हैं. इसका मतलब किसी को सिर्फ सिर और पीठ की स्क्रैचिंग चाहिए तो उसके लिए अलग पैकेज है, जबकि पूरे शरीर की सर्विस का ऑप्शन भी मौजूद है.
इस अनोखी सर्विस की कीमत समय और शरीर के हिस्से के हिसाब से अलग-अलग रखी गई है. SCMP की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 मिनट की हेड और बैक स्क्रैचिंग की कीमत करीब 100 युआन है. वहीं 60 मिनट के अपर बॉडी सेशन के लिए करीब 200 युआन लिए जाते हैं. लेकिन ग्राहकों के बीच सबसे ज्यादा डिमांड 80 मिनट के फुल बॉडी सेशन की है. इसकी कीमत करीब 289 से 299 युआन के बीच बताई गई है. झांग के मुताबिक, करीब 70 फीसदी ग्राहक इसी लंबे फुल बॉडी पैकेज को चुनते हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग यहां सिर्फ किसी एक जगह की खुजली मिटाने नहीं, बल्कि लंबे समय तक रिलैक्स होने के लिए पहुंच रहे हैं.
इस बिजनेस का सबसे दिलचस्प हिस्सा शायद यही है. झांग का दावा है कि हर 10 में से करीब छह या सात ग्राहक स्क्रैचिंग सेशन के दौरान सो जाते हैं. इसका मतलब इस सर्विस को सिर्फ 'खुजली खुजाने' के तौर पर नहीं देखा जा रहा. हल्की स्क्रैचिंग, पहले से तय दबाव और एक जैसी रफ्तार से किए जाने वाले मूवमेंट को रिलैक्सेशन एक्सपीरियंस के तौर पर पेश किया जा रहा है. यह कुछ हद तक उस अनुभव जैसा है, जब सिर में हल्की मालिश या पीठ पर हल्के हाथ से मसाज करने पर शरीर को आराम महसूस होता है. फर्क बस इतना है कि यहां मुख्य फोकस मसाज के बजाय स्क्रैचिंग पर है.
झांग के मुताबिक, इस सर्विस के ग्राहकों में करीब 60 से 70 फीसदी पुरुष हैं, जिनमें बड़ी संख्या शहरों में ऑफिस में काम करने वाले लोगों की है. इसके पीछे वजह भी समझी जा सकती है. लंबे समय तक ऑफिस में बैठकर काम करना, स्क्रीन के सामने रहना और लगातार काम के दबाव में रहना लोगों को ऐसे अनुभवों की तरफ खींच सकता है, जिन्हें वे तनाव कम करने या थोड़ी देर दिमाग को आराम देने के लिए इस्तेमाल कर सकें. हालांकि, यह कहना अलग बात होगी कि स्क्रैचिंग किसी बीमारी या मानसिक तनाव का इलाज है. दुकान इसे मुख्य रूप से रिलैक्सेशन और आराम की सर्विस के तौर पर पेश कर रही है.
झांग ने इस बिजनेस को अचानक शुरू नहीं किया था. उन्होंने दावा किया कि सर्विस शुरू करने से पहले उन्होंने शरीर के उन हिस्सों पर काफी रिसर्च की, जहां आमतौर पर खुजली ज्यादा महसूस होती है. उनके मुताबिक, शरीर में पांच प्रमुख 'इच जोन' और 30 से ज्यादा छोटे-छोटे हिस्से होते हैं, जहां अलग-अलग तरह की स्क्रैचिंग की जरूरत महसूस हो सकती है. उन्होंने करीब चार महीने तक अपने परिचितों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स पर इस सर्विस को टेस्ट किया. इस दौरान उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि किस हिस्से पर कितना दबाव होना चाहिए, स्क्रैचिंग का सही क्रम क्या हो और इसकी स्पीड कितनी रखी जाए. मतलब दुकान खोलने से पहले झांग ने इस अजीब लगने वाले आइडिया को एक तय प्रोसेस में बदलने की कोशिश की.
शुरुआत में एक आउटलेट से शुरू हुआ यह बिजनेस अब दूसरी जगह तक पहुंच चुका है. झांग के मुताबिक, दोनों दुकानों से मिलाकर हर महीने करीब 1.6 लाख युआन की कमाई हो रही है. इससे पता चलता है कि अजीब दिखने वाला बिजनेस आइडिया भी सही ग्राहक और सही मार्केट मिलने पर चल सकता है. चीन के बड़े शहरों में लोग अब सिर्फ पारंपरिक मसाज या स्पा जैसी सर्विस नहीं, बल्कि अलग तरह के रिलैक्सेशन एक्सपीरियंस भी आजमाने के लिए तैयार दिखाई दे रहे हैं.
खुजली होने पर स्क्रैच करने से तुरंत राहत मिलने का अनुभव लगभग हर व्यक्ति को होता है. लेकिन जब यही काम किसी दूसरे व्यक्ति के हाथों या खास टूल से एक तय तरीके से किया जाए, तो अनुभव अलग हो सकता है. इस बिजनेस की पूरी कहानी इसी सामान्य मानवीय अनुभव को एक सर्विस में बदलने की है. जहां घर पर कोई दो मिनट पीठ खुजा देता था, वहीं अब चीन में उसी काम के लिए लोग तय समय और पैसे खर्च कर रहे हैं. यह ट्रेंड आगे कितना बड़ा होगा, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी. लेकिन शेनझेन की इन दुकानों ने इतना जरूर दिखा दिया है कि रिलैक्स होने के तरीके भी बदल रहे हैं. कभी मसाज और स्पा आराम का तरीका हुआ करते थे, अब कुछ लोग 80 मिनट की 'स्क्रैचिंग सर्विस' में सुकून तलाश रहे हैं.