एक तरफ गहरी खाई, दूसरी तरफ हवा में झूलता सस्पेंशन ब्रिज: बीच में फंसे टूरिस्ट ने केबल पकड़कर बचाई जान; VIDEO देख कांप उठेंगे आप
चिली के मशहूर टॉरेस डेल पाइन नेशनल पार्क में घूमने पहुंचे एक जर्मन टूरिस्ट के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसे देखकर किसी की भी सांसें थम जाएं. वह एक सस्पेंशन ब्रिज पार कर रहा था, तभी तेज हवाओं ने पुल को बुरी तरह हिलाना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में पुल दाएं-बाएं झूलने लगा. टूरिस्ट ने किसी तरह केबल पकड़कर खुद को संभाला. इस खौफनाक पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.
घूमने-फिरने के दौरान कई बार ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जिन्हें लोग जिंदगी भर याद रखते हैं. लेकिन चिली के टॉरेस डेल पाइन नेशनल पार्क पहुंचे एक टूरिस्ट के लिए यह सफर खूबसूरत याद के बजाय डरावना अनुभव बन गया.
दक्षिणी चिली के मैगलेन्स इलाके में मौजूद इस नेशनल पार्क में एक सस्पेंशन ब्रिज है. इसी पुल को पार करते समय एक टूरिस्ट तेज हवाओं के बीच फंस गया. शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन अचानक हवा इतनी तेज हो गई कि पुल बुरी तरह हिलने लगा. पुल दाएं-बाएं इतनी तेजी से हिल रहा था कि उसका वीडियो देखकर लोगों की रूह कांप गई.
गर्लफ्रेंड पहले पार कर चुकी थी पुल
चिली के न्यूज चैनल 24 Horas की रिपोर्ट के अनुसार, इस टूरिस्ट की पहचान हेनरी के रूप में हुई है. वह जर्मनी के डसेलडॉर्फ का रहने वाला है. हेनरी ने बताया कि पुल पार करने से पहले उसकी गर्लफ्रेंड दूसरी तरफ पहुंच चुकी थी. उसने बताया कि जब उसकी गर्लफ्रेंड पुल पार कर रही थी, तब हवा बिल्कुल शांत थी. पुल भी सामान्य तरीके से स्थिर था. इसी वजह से उसने भी पुल पार करने का फैसला किया. हेनरी के अनुसार, अगर उसे पहले से पता होता कि हवा इतनी तेज चलने लगेगी तो वह पुल पर कदम रखने की हिम्मत नहीं करता.
तेज हवा में दाएं-बाएं झूलने लगा पुल
हेनरी के साथ मौजूद एक साथी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया. इसमें वह पुल के बीच में फंसा नजर आता है. तेज हवा के झोंकों से पुल कभी एक तरफ झुकता है तो कभी दूसरी तरफ. ऐसे में हेनरी के लिए अपने पैरों पर संतुलन बनाए रखना भी मुश्किल हो जाता है. वीडियो में वह पुल की केबल को कसकर पकड़े हुए दिखाई देता है. उसके लिए उस वक्त सबसे जरूरी काम किसी तरह खुद को संभालना और सुरक्षित दूसरी तरफ पहुंचना था. उसके साथी ने बताया कि हवा इतनी तेज हो गई थी कि उस समय दिमाग में सिर्फ एक ही बात चल रही थी कि पुल को मजबूती से पकड़े रहना है और किसी भी हालत में हाथ नहीं छोड़ना है.
180 डिग्री तक घूम गया सस्पेंशन ब्रिज
इस घटना को और डरावना बनाने वाली बात यह थी कि पुल सिर्फ झूल ही नहीं रहा था, बल्कि हवा के दबाव से उसकी दिशा तक बदल गई थी. ग्रुप के एक अन्य सदस्य मार्टिन एस्टेबन गोंजालेज लोपेज ने मीडिया को बताया कि जब वे खाई के पार जा चुके थे, तब पुल करीब 180 डिग्री तक पलट गया. उनके अनुसार, कुछ देर बाद पुल वापस अपनी सामान्य स्थिति में आ गया, लेकिन तेज हवाओं के कारण उसका हिलना जारी रहा. यह नजारा देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुल पर मौजूद लोगों के लिए उस समय हालात कितने मुश्किल रहे होंगे.
पार्क रेंजर ने देर से उठाया कदम?
न्यूज चैनल 24 Horas की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रुप के पुल पार कर लेने के बाद चिली की नेशनल फॉरेस्ट्री कॉरपोरेशन यानी CONAF का एक पार्क रेंजर मौके पर पहुंचा. उसने दूसरे पर्यटकों को पुल पर जाने से रोक दिया. हालांकि, ग्रुप के एक सदस्य ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए. उसका कहना था कि जब इतनी तेज हवा चल रही थी और पर्यटक लगातार पुल का इस्तेमाल कर रहे थे, तो रेंजर को पहले ही वहां पहुंचकर लोगों को रोकना चाहिए था. उसने दावा किया कि रेंजर करीब 30 मिनट की देरी से पहुंचा.
सोशल मीडिया पर लोगों ने टूरिस्ट को ही घेरा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं. कई यूजर्स ने पुल की हालत देखकर चिंता जताई, वहीं कुछ ने सवाल किया कि जब मौसम खराब था तो टूरिस्ट ने पुल पार करने का फैसला ही क्यों किया. एक यूजर ने लिखा कि आखिर उसने हवा तेज होने के बावजूद पुल पर कदम क्यों रखा और इंतजार क्यों नहीं किया. एक अन्य यूजर ने पर्यटकों के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब खतरा सामने दिख रहा था तो ऐसी गलती करने की क्या जरूरत थी. वहीं, कुछ लोगों ने वीडियो को बेहद डरावना बताया. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में इसे 'टॉम्ब रेडर' जैसा अनुभव बताया. कुछ लोगों ने यह भी पूछा कि वीडियो बनाने वाला शख्स कौन था और उसने पहले ही पुल पार करने से क्यों नहीं रोका.
खूबसूरत जगह पर एक छोटी सी लापरवाही पड़ सकती थी भारी
टॉरेस डेल पाइन नेशनल पार्क अपनी खूबसूरत वादियों, पहाड़ों और प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है. यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचते हैं. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर याद दिलाया है कि पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज कभी भी बदल सकता है. खासकर सस्पेंशन ब्रिज जैसे रास्तों पर तेज हवाओं को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है. ऐसे में पार्क प्रशासन की वार्निंग और सेफ्टी रूल का पालन करना जरूरी है. फिलहाल इस घटना का वीडियो लोगों को हैरान कर रहा है. हेनरी और उसके साथी सुरक्षित पुल पार कर गए, यह राहत की बात है. लेकिन हवा में बुरी तरह झूलते पुल का वह नजारा देखकर इतना तो साफ है कि उस वक्त एक गलत कदम भी भारी पड़ सकता था.
यह भी पढ़ें:- कभी अफगानियों पर बरसाता था बम, अब बना आलीशान होटल: सोवियत हेलिकॉप्टर का बदला रूप देख विदेशी व्लॉगर रह गई हैरान; VIDEO वायरल