सबसे प्यारी डिलीवरी: कस्टमर ने जब Blinkit एजेंट से पूछा पिल्ले का राज, तो सामने आई रूह को सुकून देने वाली कहानी
ब्लिंकिट से सामान मंगाने पर जब डिलीवरी बॉय एक छोटे पिल्ले के साथ पहुंचा, तो ग्राहक को उसकी दिल दहला देने वाली और प्यारी कहानी पता चली. जानिए क्या है पूरा वायरल मामला.
लिंक्डइन पर मुंबई के एक प्रोफेशनल ने ब्लिंकिट डिलीवरी से जुड़ा एक ऐसा ही प्यारा वाकया शेयर किया है जो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है. जब एक ग्राहक ने आर्डर डिलीवर करने आए डिलीवरी बॉय के साथ एक छोटे से पिल्ले को देखा, तो उसने उत्सुकता से इसके बारे में पूछा. डिलीवरी मैन ने जो कहानी सुनाई, उसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं.
मुंबई के रहने वाले एक प्रोफेशनल रोशन म्हात्रे ने भी हाल ही में ब्लिंकिट से कुछ सामान ऑर्डर किया था. महज 15 मिनट के अंदर डिलीवरी पार्टनर उनके दरवाजे पर सामान लेकर पहुंच गया. लेकिन डिलीवरी मैन अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ बाइक पर एक छोटा सा प्यारा सा पिल्ला भी बैठा हुआ था. इस नजारे को देखकर रोशन हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत अपने फोन से उस डिलीवरी पार्टनर और पिल्ले की तस्वीर खींच ली.
क्या है इस पिल्ले के पीछे की कहानी?
जब रोशन ने डिलीवरी पार्टनर से उस छोटे से डॉगी के बारे में पूछा, तो उसने जो जवाब दिया उसने सबका दिल जीत लिया. डिलीवरी मैन ने बताया कि कुछ समय पहले यह पिल्ला एक कार के टायर के नीचे आ गया था और इसकी हालत बहुत ज्यादा गंभीर थी. उस इलाके के ब्लिंकिट डिलीवरी वर्कर्स ने आपस में मिलकर इस बेजुबान की देखभाल की और इसे मौत के मुंह से खींचकर ठीक कर लिया. अब वह पिल्ला पूरी तरह से स्वस्थ हो चुका है और वेयरहाउस में ही रहता है. इतना ही नहीं, वह डिलीवरी पार्टनर्स के साथ बाइक पर बैठकर उनके साथ डिलीवरी पर भी जाने लगा है.
इंटरनेट पर छाया डिलीवरी बॉय का प्यार
रोशन म्हात्रे ने इस पूरी घटना को लिंक्डइन पर शेयर करते हुए लिखा कि यह अनुभव बेहद शानदार और दिल छू लेने वाला था. सोशल मीडिया पर यह पोस्ट आते ही वायरल हो गई और लोग इस पर जमकर प्यार बरसाने लगे. यूजर्स इन डिलीवरी वर्कर्स की दरियादिली की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं, जिन्होंने एक लावारिस और घायल जानवर की जान बचाकर उसे अपने परिवार का हिस्सा बना लिया. कई लोगों ने तो यह कहा कि इस तरह की पॉजिटिव कहानियां उनके पूरे दिन को खुशनुमा बना देती हैं.