SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

समुद्र में हजारों फीट नीचे दिखा 'एलियन' जैसा जीव: लंबे हाथों और ट्रांसपेरेंट शरीर वाला दुर्लभ बिगफिन स्क्विड कैमरे में कैद, Video Viral

समंदर की गहराई में कैमरे में कैद हुआ बिगफिन स्क्विड इन दिनों लोगों का ध्यान खींच रहा है. इस अजीब दिखने वाले जीव का शरीर भले छोटा हो, लेकिन इसके हाथ और टेंटेकल्स शरीर से करीब 20 गुना तक लंबे हो सकते हैं. वैज्ञानिकों ने कैलिफोर्निया के तट के पास इसे 10 हजार फीट से ज्यादा गहराई में रिकॉर्ड किया है, जिसे नॉर्थईस्टर्न पैसिफिक में इसका पहला कन्फर्म्ड लाइव ऑब्जर्वेशन माना जा रहा है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Sep 12, 2026, 12:08 PM IST | Updated: Sep 12, 2026, 01:00 PM IST
Join

समंदर की दुनिया जितनी खूबसूरत है, उतनी ही रहस्यमयी भी. पानी की सतह से कुछ हजार फीट नीचे जाते ही ऐसे जीव दिखाई देने लगते हैं, जिनका आकार और शरीर देखकर पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो जाता है. अब ऐसा ही एक जीव कैमरे में कैद हुआ है, जिसे देखकर सोशल मीडिया पर लोग इसे एलियन जैसा बता रहे हैं.

इस जीव के शरीर के मुकाबले इसके हाथ और टेंटेकल्स इतने लंबे हैं कि देखने वाले कुछ सेकंड के लिए हैरान रह जाएं. वैज्ञानिकों के लिए भी यह रिकॉर्डिंग खास है, क्योंकि बिगफिन स्क्विड को इतनी गहराई में जिंदा देखना और उसके व्यवहार को कैमरे में रिकॉर्ड करना बेहद दुर्लभ माना जाता है.

10 हजार फीट से ज्यादा नीचे मिला

यह खास वीडियो कैलिफोर्निया के तट से दूर नॉर्थईस्टर्न पैसिफिक में रिकॉर्ड किया गया. वैज्ञानिकों की टीम समुद्र के अंदर मौजूद सीमाउंट्स यानी पानी के नीचे बने पहाड़ों की जांच कर रही थी. इसी दौरान उनकी नजर एक ऐसे जीव पर पड़ी, जिसकी लंबी-लंबी भुजाएं पानी में अजीब तरीके से मुड़ी हुई थीं. वैज्ञानिकों ने जब कैमरे की रिकॉर्डिंग को देखा तो पता चला कि यह कोई अनजान समुद्री जीव नहीं, बल्कि बिगफिन स्क्विड है. यह जीव समुद्र की सतह से 10 हजार फीट यानी करीब 3 हजार मीटर से ज्यादा नीचे दिखाई दिया. Monterey Bay Aquarium Research Institute यानी MBARI के वैज्ञानिकों ने 7 अगस्त को इसकी रिकॉर्डिंग की. रिसर्च टीम के मुताबिक, नॉर्थईस्टर्न पैसिफिक इलाके में बिगफिन स्क्विड का यह पहला कन्फर्म्ड लाइव ऑब्जर्वेशन है.

हाथ देखकर वैज्ञानिक भी रह गए हैरान

वीडियो में बिगफिन स्क्विड समुद्र की तलहटी के ऊपर धीरे-धीरे मंडराता हुआ दिखाई देता है. उसका शरीर देखने में बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन उसके लंबे टेंटेकल्स इस पूरे जीव को बेहद अजीब रूप देते हैं. सबसे दिलचस्प बात यह थी कि उसके लंबे हाथ करीब 90 डिग्री के एंगल पर मुड़े हुए थे. वैज्ञानिकों ने इस खास मुद्रा को 'एल्बो पोज' नाम दिया है. पहली नजर में ऐसा लगता है जैसे जीव के हाथ हवा में मुड़े हुए हैं और वह किसी अनजान चीज का इंतजार कर रहा है. यही वजह है कि वीडियो देखने वाले कई लोग इसे एलियन से जोड़कर देख रहे हैं.

ऐसे करता होगा शिकार?

अब सबसे बड़ा सवाल है कि बिगफिन स्क्विड अपने इतने लंबे टेंटेकल्स का करता क्या है? MBARI की डीप-सी इकोलॉजिस्ट और पोस्टडॉक्टरल फेलो ओलिविया सोआरेस परेरा के मुताबिक, इस खास मुद्रा का संबंध उसके शिकार करने के तरीके से हो सकता है. वैज्ञानिकों का अनुमान है कि स्क्विड अपने लंबे हाथों को इस तरह फैलाकर रखता है कि वे आपस में उलझें नहीं. समंदर की गहराई में छोटे-छोटे जीव लगातार पानी में घूमते रहते हैं. ऐसे में बिगफिन स्क्विड अपने लंबे टेंटेकल्स को काफी दूर तक फैलाकर रख सकता है. अगर कोई छोटा समुद्री जीव इनके संपर्क में आता है, तो स्क्विड उसे बिना ज्यादा पीछा किए पकड़ सकता है. हालांकि, वैज्ञानिक अभी इसे एक संभावना के तौर पर ही देखते हैं. बिगफिन स्क्विड के व्यवहार को लेकर अभी काफी कुछ जानना बाकी है.

शरीर से 20 गुना लंबे टेंटेकल्स

बिगफिन स्क्विड की सबसे बड़ी पहचान ही उसके असाधारण रूप से लंबे हाथ और टेंटेकल्स हैं. इनकी लंबाई उसके शरीर की लंबाई से करीब 20 गुना तक ज्यादा हो सकती है. इस बार कैमरे में दिखाई दिया बिगफिन करीब 4.1 फीट यानी लगभग 1.25 मीटर लंबा था. इसमें उसका पूरा शरीर, हाथ और टेंटेकल्स शामिल हैं. लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस आकार के बावजूद इसे समुद्र की बेहद गहरी जगहों पर रहने वाले स्क्विड्स में गिना जाता है. वैज्ञानिकों ने बिगफिन स्क्विड को समुद्र की सतह से 20 हजार फीट यानी करीब 6 हजार मीटर से भी ज्यादा नीचे तक देखा है.

दुनिया में बहुत कम बार दिखा है

बिगफिन स्क्विड इतना दुर्लभ है कि इसे देख पाना वैज्ञानिकों के लिए भी किसी बड़ी घटना से कम नहीं होता. MBARI के मुताबिक, अब तक दुनिया भर में इस जीव के करीब 70 ऑब्जर्वेशन या कलेक्शन ही दर्ज किए गए हैं. MBARI की टीम ने इससे पहले 2001 में हवाई के पास इस तरह के स्क्विड को रिकॉर्ड किया था. वहीं, ओलिविया परेरा ने इस साल की शुरुआत में अटलांटिक महासागर के नीचे मौजूद मिड-अटलांटिक रिज के एक अभियान के दौरान भी दो बिगफिन स्क्विड देखे थे. इसका मतलब हर बार जब यह जीव कैमरे के सामने आता है, वैज्ञानिकों को समुद्र की उस दुनिया के बारे में कुछ नया जानने का मौका मिलता है, जो आज भी इंसानों के लिए काफी हद तक अनदेखी है.

समंदर में अभी बहुत कुछ बाकी

बिगफिन स्क्विड का यह वीडियो सिर्फ एक अजीब दिखने वाले समुद्री जीव की तस्वीर नहीं है. यह इस बात की याद भी दिलाता है कि धरती पर मौजूद समुद्रों की गहराई में आज भी ऐसी कई चीजें छिपी हुई हैं, जिनके बारे में इंसान बहुत कम जानता है. हजारों फीट नीचे अंधेरे और बेहद मुश्किल माहौल में रहने वाला यह जीव अपने लंबे टेंटेकल्स के साथ वैज्ञानिकों के लिए अब भी एक पहेली बना हुआ है. फिलहाल उसके 'एल्बो पोज' और शिकार करने के तरीके को लेकर रिसर्च जारी है. लेकिन इतना तय है कि कैमरे में कैद हुआ यह 'एलियन जैसा' बिगफिन स्क्विड एक बार फिर दिखा रहा है कि समंदर की गहराई में हमारी कल्पना से कहीं ज्यादा रहस्यमयी दुनिया मौजूद है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES