रील के चक्कर में पब्लिक प्लेस को बनाया स्टंट ग्राउंड: वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने ड्राइवर को दबोचा; लिखवाया माफीनामा
सोशल मीडिया पर फेमस होने या लोगों के सामने रौब जमाने के लिए कुछ लोग सड़क और पब्लिक प्लेस को स्टंट का मैदान बना लेते हैं. लेकिन ऐसा करना कितना भारी पड़ सकता है, इसकी एक मिसाल गुजरात के भरूच से सामने आई है. यहां हॉस्टल ग्राउंड में बलेनो कार से खतरनाक स्टंट करने वाले शख्स को पुलिस ने पकड़ लिया. वीडियो वायरल होने के बाद हुई इस कार्रवाई पर लोग भी जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
गुजरात के भरूच में एक शख्स को कार से स्टंट करना भारी पड़ गया. मामला हॉस्टल ग्राउंड का है, जहां एक बलेनो कार को तेजी से घुमाकर खतरनाक तरीके से चलाया जा रहा था. इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया.
वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा तो लोगों का ध्यान इस तरफ गया. पब्लिक प्लेस पर इस तरह कार चलाने को लेकर यूजर्स ने नाराजगी जताई. लोगों का कहना था कि कुछ सेकंड के रोमांच के लिए दूसरों की जान खतरे में डालना बिल्कुल गलत है.
वीडियो देखकर पुलिस ने शुरू की तलाश
मामला सामने आने के बाद भरूच सिटी 'ए' डिवीजन पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार और उसे चलाने वाले शख्स की पहचान करने की कोशिश की. जांच के बाद पुलिस ने मोटली गांव के रहने वाले ब्रजमानसिंह मुकेशसिंह सिकरवार को पकड़ लिया. जिस बलेनो कार से स्टंट किया गया था, उसे भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया.
थाने पहुंचते ही समझाई कानून की बात
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसे इस तरह के स्टंट के कानूनी नतीजों के बारे में बताया. उसे समझाया गया कि पब्लिक प्लेस पर खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि इससे किसी की जान भी जा सकती है. पुलिस ने उससे माफीनामा भी लिखवाया. इस कार्रवाई के बाद साफ संदेश दिया गया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के चक्कर में पब्लिक प्लेस पर इस तरह की हरकतें करना भारी पड़ सकता है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने ली चुटकी
पुलिस की कार्रवाई सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने कहा कि ऐसे स्टंट करने वालों के साथ सख्ती होनी चाहिए, क्योंकि उनकी एक गलती किसी राहगीर या वहां मौजूद व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकती है. एक यूजर ने लिखा कि ऐसे स्टंटबाजों का यही सही इलाज है. वहीं, दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि थाने पहुंचते ही सारी हेकड़ी निकल गई.
कुछ सेकंड का स्टंट बन सकता है बड़े हादसे की वजह
कार से स्टंट करना देखने में भले ही रोमांचक लगे, लेकिन इसके पीछे बड़ा खतरा छिपा होता है. तेज रफ्तार में गाड़ी का संतुलन बिगड़ने पर वह पलट सकती है या किसी दूसरे वाहन और व्यक्ति से टकरा सकती है. खासकर भीड़भाड़ वाली जगहों पर ऐसी हरकतें दूसरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन जाती हैं. सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट पाने की चाह में कई लोग इस बात को नजरअंदाज कर देते हैं. भरूच की यह घटना भी इसी तरफ ध्यान दिलाती है कि सड़क या किसी पब्लिक प्लेस को स्टंट दिखाने की जगह समझना ठीक नहीं है. कुछ पल की वाहवाही के लिए दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना समझदारी नहीं है.