फंस गई बेचारी: जॉब छोड़कर 6 महीने के लिए घूमने निकली ये लड़की, 2 हफ्ते में ही बोली- मुझे घर जाना है...
नौकरी छोड़कर 6 महीने के यूरोप ट्रिप पर निकली ऑस्ट्रेलियन लड़की को दो हफ्ते में ही अपनी गलती का पछतावा होने लगा. जानिए क्यों वह घर वापस जाना चाहती है.
सोशल मीडिया पर एक ऑस्ट्रेलियन लड़की की कहानी काफी वायरल हो रही है, जिसने अपनी शानदार नौकरी सिर्फ इसलिए छोड़ दी ताकि वह छह महीने तक यूरोप घूम सके. हालांकि, यूरोप पहुंचने के महज दो हफ्ते के अंदर ही उसका यह सपना टूट गया और उसे अपने फैसले पर भारी पछतावा होने लगा.
आज के समय में ऑफिस के स्ट्रेस से तंग आकर लोग अक्सर लंबी छुट्टियों या सोलो ट्रिप पर जाने का सपना देखते हैं. हाल ही में रेडिट पर एक ऑस्ट्रेलियन लड़की ने अपनी ऐसी ही कहानी शेयर की है जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है. इस 28 साल की लड़की ने फाइनेंस सेक्टर में पांच साल तक काम करने के बाद अपनी एक अच्छी-खासी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था. उसका सोचना था कि अभी उसकी जिम्मेदारियां कम हैं, इसलिए उसे अपनी इस जवानी के दिनों में पूरी दुनिया घूम लेनी चाहिए और अपने काम के बर्नआउट से राहत पाने के लिए यह सबसे सही समय है.
दो हफ्ते में ही उड़ गई हवाइयां
लड़की ने बड़े अरमानों के साथ अपना सारा सामान पैक किया और छह महीने के लंबे सोलो यूरोप ट्रिप पर निकल पड़ी. लेकिन उसका यह सपना बहुत जल्द एक डरावने सपने जैसा बन गया. यूरोप पहुंचने के केवल दो हफ्ते बाद ही उसे समझ आ गया कि उसने कितनी बड़ी गलती कर दी है. उसने अपना सफर ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना से शुरू किया था, लेकिन वहां के लोग उसे अपने देश यानी ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले काफी रूखे और अनफ्रेंडली लगे. इसके बाद जब वह इटली के रोम शहर पहुंची, तो वहां की हालत देखकर उसका दिल पूरी तरह से बैठ गया.
I regret quitting my job to travel Europe
by u/Aye-Sir in solotravel
रोम शहर और वहां के लोग आए पसंद
रोम के बारे में बात करते हुए उस लड़की ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिडनी, मेलबर्न या ब्रिस्बेन जैसे शहरों के मुकाबले उसे रोम काफी गंदा और असुरक्षित महसूस हुआ. उसने बताया कि वहां के लोगों का व्यवहार देखकर उसे ऐसा महसूस हुआ कि वह यहां बिल्कुल सेफ नहीं है. ऑफिस में हफ्ते के 50 घंटे लगातार कंप्यूटर स्क्रीन के आगे झुककर काम करने के दौरान उसने कभी इन बातों पर ध्यान नहीं दिया था, लेकिन अब उसे समझ आ रहा है कि उसने ऑस्ट्रेलिया की सुख-सुविधाओं को कितना हल्के में ले लिया था.
घर की याद और इंटरनेट पर छिड़ी बहस
अब आलम यह है कि छह महीने के लंबे ट्रिप पर निकली यह लड़की महज 14 दिन के अंदर ही अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर अपने घर वापस लौटने के बारे में सोचने लगी है. उसने सोशल मीडिया पर लिखा कि अब उसका मन सिर्फ अपने घर जाने का कर रहा है. उसकी इस पोस्ट पर इंटरनेट यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि यह केवल कल्चर शॉक है और कुछ हफ्तों में सब ठीक हो जाएगा, तो वहीं कुछ लोगों ने उसे सलाह दी कि अगर उसे रोम जैसी ऐतिहासिक जगह गंदी लगती है, तो शायद वर्ल्ड ट्रैवल उसके लिए बना ही नहीं है और उसे अपने घर पर ही रहना चाहिए.