भारत छोड़ते समय रो पड़ा अमेरिकी कपल: 5 हफ्ते की यात्रा के बाद VIDEO में बयां किया अपना दर्द; कही दिल छू लेने वाली बात
अमेरिका से भारत घूमने आए ब्रायन और एलिजाबेथ पांच हफ्तों तक देश के अलग-अलग शहरों और धार्मिक जगहों पर घूमे. ऋषिकेश में गंगा आरती देखी, कैंची धाम में वक्त बिताया और वृंदावन में दिवाली मनाई. अब जब दोनों वापस अपने देश लौट रहे हैं तो भारत की यादें उन्हें भावुक कर रही हैं. कपल ने कहा कि यहां बिताए पल किसी नए जीवन जैसे थे और वे अभी से अगली भारत यात्रा के सपने देखने लगे हैं.
किसी जगह की यात्रा खत्म होने पर अक्सर लोग घर लौटने की तैयारी करते हैं, लेकिन कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिनसे लौटने का मन ही नहीं करता. अमेरिकी कपल ब्रायन और एलिजाबेथ के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. भारत में करीब पांच हफ्ते बिताने के बाद जब दोनों अपने देश लौट रहे थे तो उनके लिए अलविदा कहना आसान नहीं था.
एलिजाबेथ ने सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा के कई वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं. इनमें कहीं दोनों मंदिरों में दर्शन करते नजर आते हैं तो कहीं भारतीय त्योहारों और यहां के माहौल का आनंद लेते दिखते हैं. उन्होंने भारत को 'मदर इंडिया' कहकर विदाई दी और बताया कि इस यात्रा ने उन्हें कई ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें वे लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे.
जागेश्वर महादेव मंदिर की खूबसूरती ने जीता दिल
भारत यात्रा के दौरान कपल उत्तराखंड भी पहुंचा. यहां उन्होंने अल्मोड़ा के पास स्थित प्राचीन जागेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए. एलिजाबेथ ने इस जगह को अपनी पसंदीदा जगहों में शामिल बताया. उनके अनुसार, मंदिर परिसर में एक अलग तरह की शांति और ऊर्जा महसूस होती है. कपल ने बताया कि जागेश्वर मंदिर परिसर में कई प्राचीन मंदिर हैं. यहां की बनावट, आसपास का प्राकृतिक माहौल और धार्मिक वातावरण उन्हें काफी पसंद आया. एलिजाबेथ ने अपनी पोस्ट में इस जगह को बेहद खूबसूरत और खास बताया.
कैंची धाम और ऋषिकेश में बिताए खास पल
ब्रायन और एलिजाबेथ की यात्रा में ऋषिकेश और कैंची धाम का भी खास स्थान रहा. दोनों ने ऋषिकेश में गंगा किनारे वक्त बिताया और गंगा आरती का अनुभव किया. उनके लिए यह सिर्फ घूमने-फिरने का मौका नहीं था, बल्कि यहां के माहौल और लोगों के साथ जुड़ने का भी अनुभव था. एलिजाबेथ ने बताया कि उन्होंने गंगा मां के साथ काफी समय बिताया. ऋषिकेश में बिताए पलों को याद करते हुए उन्होंने भावुक अंदाज में विदाई दी. इसके बाद दोनों कैंची धाम भी पहुंचे. इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए.
वृंदावन में दिवाली देखकर रह गए हैरान
इस कपल की भारत यात्रा का एक यादगार हिस्सा वृंदावन में दिवाली मनाना भी रहा. त्योहार के दौरान शहर में रोशनी, पटाखों और लोगों के उत्साह ने दोनों को काफी प्रभावित किया. एलिजाबेथ ने वीडियो में बताया कि भारत में दिवाली का जश्न देखकर वे हैरान रह गए. उन्होंने भारतीय पटाखों की तुलना अमेरिका में 4 जुलाई को होने वाले जश्न से भी की. एलिजाबेथ के अनुसार, यहां पटाखों की आवाज और उनका आकार अमेरिकी पटाखों से कहीं ज्यादा बड़ा और तेज लगा. उन्होंने कहा कि दिवाली जैसे बड़े त्योहार के दौरान भारत में मौजूद रहना उनके लिए खुशी की बात है. दोनों ने वृंदावन के अलग-अलग मंदिरों में भी दर्शन किए. वहां का माहौल और लोगों की भागीदारी उन्हें काफी पसंद आई. इसके बाद कपल जयपुर के महलों को देखने के लिए रवाना हुआ.
चाय, खाना और कीर्तन भी बने सफर की यादें
एलिजाबेथ ने अपनी पोस्ट में बताया कि भारत में उन्होंने खूब चाय पी और यहां के कई तरह के स्वादिष्ट पकवानों का मजा लिया. अपने पसंदीदा लोगों के साथ कीर्तन सुने, पुराने दोस्तों से मुलाकात की और नए दोस्त भी बनाए. नवरात्रि का अनुभव भी उनके लिए खास रहा. उन्होंने एक दिलचस्प घटना का जिक्र करते हुए बताया कि ब्रायन एक बड़े बबून के हमले से बाल-बाल बच गए थे. हालांकि, इस घटना के अलावा यात्रा में दोनों ने कई खूबसूरत पल बिताए. एलिजाबेथ ने कहा कि इन सभी अनुभवों के लिए वह दिल से आभारी हैं.
'BE' नाम से भी जुड़ा है खास संदेश
एलिजाबेथ का इंस्टाग्राम अकाउंट @yogi_dreamer नाम से है. वह और ब्रायन कई बार अपने नाम के शुरुआती अक्षरों 'BE' का इस्तेमाल करते हैं. एलिजाबेथ ने एक पोस्ट में इसकी वजह भी बताई. उनके अनुसार, 'BE' उनके दोनों नामों के शुरुआती अक्षर हैं. साथ ही, यह उन्हें वर्तमान पल में जीने की याद दिलाता है. यानी बीते कल की चिंता और आने वाले कल की फिक्र छोड़कर आज को पूरी तरह जीना. शायद यही सोच उनकी भारत यात्रा में भी नजर आई.
बोले- ऐसा लगा जैसे 1000 जन्म जी लिए हों
भारत से लौटते समय कपल ने अपने अनुभव को शब्दों में बयां करने की कोशिश की. एलिजाबेथ ने कहा कि इस यात्रा में उन्होंने इतना कुछ देखा और महसूस किया कि ऐसा लग रहा है जैसे उन्होंने 1000 जन्म जी लिए हों. उन्होंने यह भी बताया कि भारत से लौटने के बाद भी उनका मन यहीं अटका हुआ है और वे अगली यात्रा के बारे में सोचने लगे हैं. सोशल मीडिया पर उनकी कहानी देखने वाले लोग भी इस अनुभव से जुड़ाव महसूस कर रहे हैं. कई यूजर्स ने कपल के भारत प्रेम की तारीफ की है. कुछ लोगों ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती यहां की संस्कृति, त्योहारों और लोगों के अपनापन में है. पांच हफ्तों की यह यात्रा ब्रायन और एलिजाबेथ के लिए भले ही खत्म हो गई हो, लेकिन उनके लिए भारत की यादें अभी बाकी हैं. शायद इसीलिए देश छोड़ते वक्त उनका संदेश सिर्फ एक विदाई नहीं, बल्कि दोबारा लौटने की उम्मीद भी लेकर आया.
यह भी पढ़ें:- इजरायल में जन्म, भारत में गुरुकुल की पढ़ाई: 12 साल वैदिक शिक्षा लेकर अब दुनिया को सिखा रहा सनातन धर्म; VIDEO वायरल