)
पंजाब में इस समय नशा के खिलाफ युद्धस्तर पर एक्शन जारी है. इस बीच अमृतसर में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने यहां पर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए एक युवक को 3 किलो हेरोइन और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 15 करोड़ रुपये है.
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से तीन पिस्टल, दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. आरोपी के खिलाफ थाना अजनाला में मामला दर्ज किया गया है.
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का बयान सामने आया है, जिसमें पुलिस की ओर से कहा गया कि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी अजनाला से गुजरपुरा रोड की तरफ जा रहे थे. इस दौरान नेशनल हाईवे के निर्माणाधीन पुल के नीचे पुलिस टीम पहुंची, जहां पर एक युवक बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस भी पीछे गई.
पुलिस ने बताया कि शख्स ने अपनी पीठ पर काले रंग का भारी किट बैग लटकाया हुआ था और कुछ दूर पर जाकर उसकी बाइक गिर गई. मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शख्स को काबू में किया. तलाशी के दौरान पुलिस ने शख्स के बैग से 3 किलो हेरोइन बरामद की. पुलिस ने शख्स के बैग से एक .30 बोर पिस्टल, दो 9X19 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन, 43 जिंदा 9 mm कारतूस और 311/25 मार्किंग वाले 47 जिंदा कारतूस बरामद किए.
युवक के पास बरामद हथियारों और नशा के सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ अजनाला थाना में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि वह हेरोइन और हथियार कहां से लेकर आया था. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों को आगे कहां सप्लाई किया जाना था.