App

'दो बीघा जमीन बिक गई, शरीर बर्बाद हो गया...' ZEE NEWS के स्टिंग ऑपरेशन में बेनकाब हुआ नशे का 'साइलेंट किलर' नेटवर्क

देशभर में युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहे नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए ZEE ग्रुप ने 'नशा मुक्त भारत' अभियान शुरू किया है. यह ZEE MEDIA का नया राष्ट्रीय अभियान है, जिसे सोमवार से लॉन्च कर दिया गया.

'दो बीघा जमीन बिक गई, शरीर बर्बाद हो गया...' ZEE NEWS के स्टिंग ऑपरेशन में बेनकाब हुआ नशे का 'साइलेंट किलर' नेटवर्क
Image Credit: जी न्यूज ने देश में नशा मुक्त अभियान शुरू किया है (एआई इमेज)

हमारे देश में नशा, आतंकवाद और नक्सलवाद से भी खतरनाक बन चुका है. हमारी कोशिश है, जिस तरह देश से नक्सलवाद खत्म हुआ, उसी तरह देश से नशा भी खत्म होना चाहिए, क्योंकि नशा बिना गोला-बारूद के एक ऐसा साइलेंट किलर है. जो किसी व्यक्ति को रोज-रोज मारता है. ये हमारी युवा पीढ़ी को अंदर ही अंदर खत्म करता जा रहा है.

ये लड़ाई हम अकेले नहीं जीत सकते हैं. इस लड़ाई में हमें आपका भी सहयोग चाहिए.  हैशटैग नशा मुक्त भारत के साथ हमें सोशल मीडिया पर टैग कर सकते हैं. हम इन तस्वीरों को DNA में दिखाएंगे. ZEE NEWS पर दिखाएंगे. इस अभियान में आपके साथ की जरूरत इसलिए है क्योंकि नशे की लत पूरे देश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय समस्या बनती जा रही है.

भारत में 3 करोड़ से ज्यादा लोग नशे के आदी

भारत सरकार के सर्वेक्षण के मुताबिक, देश में 3 करोड़ से ज्यादा लोग गांजा और चरस के आदी हैं. 2 करोड़ 30 लाख लोग ओपिओइड यानी हेरोइन और ब्राउन शुगर जैसा नशा करते हैं. सबसे ज्यादा चिंता की बात ये है कि 10 से 17 साल की उम्र के करीब 40 लाख बच्चे ओपिओइड्स और 30 लाख बच्चे इनहेलेंट्स यानी सूंघने वाले ड्रग्स के आदी हैं.

NCRB के आंकड़े बताते हैं कि साल 2023 में भारत में 654 लोग ड्रग ओवरडोज की वजह से मारे गए. वहीं ग्लोबल बर्डेन ऑफ डिजीज के आंकड़े बताते हैं कि साल 2023 में ड्रग्स के इस्तेमाल से जुड़ी कुल मौतों का आंकड़ा करीब 50 हजार है.

नशा सिर्फ लोगों की जान ही नहीं ले रहा है, बल्कि ये विकसित भारत के सपने को भी साकार होने से रोक रहा है. एक अनुमान के मुताबिक नशे की लत और इसकी वजह से होने वाले नुकसान के चलते भारत की जीडीपी को करीब करीब ढाई फीसदी का नुकसान हो रहा है.

यानी नशा सिर्फ युवाओं की जिंदगी ही नहीं छीन रहा है, बल्कि ये देश की अर्थव्यवस्था पर भी एक बोझ बना हुआ है.

मध्य प्रदेश में पुलिस की नाक के नीचे हो रहा नशे का कारोबार

हमारे इस अभियान में हम नशे को लेकर कई खुलासे करेंगे. नशा बेचने वालों को एक्सपोज करेंगे. हम इस अभियान के जरिये लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगे. नशे के खिलाफ लड़ने वाले योद्धाओं की प्रेरक कहानी भी दिखाएंगे.

इस अभियान की शुरुआत हम हिंदुस्तान के दिल यानी मध्य प्रदेश से करने वाले हैं. आज आपको देखना चाहिए, एमपी में कैसे पुलिस की नाक के नीचे नशे का कारोबार हो रहा है. थाने और स्कूल के पास ड्रग्स बेचे जा रहे हैं. ड्रग्स का सेवन किया जा रहा है. हमारे संवाददाता प्रमोद शर्मा और कैमरामैन रजत दुबे की हिडन कैमरे से इस रिपोर्ट को कवर किया.

क्लासरूम बन गए ड्रग्स के सेवन के अड्डे

क्लासरूम ड्रग्स का अड्डा बन गए हैं. निर्माणाधीन इमारतों पर ड्रग्स करने वाले युवाओं का कब्जा है. शहर में जगह जगह ड्रग्स के खाली इंजेक्शन पड़े हैं. थाने के ठीक पीछे, ड्रग्स का कारोबार फल-फुल रहा है. बीच सड़क पर ड्रग्स की खरीद बिक्री चल रही है.

यह हाल मध्य प्रदेश के विदिशा शहर का है, जहां पर ड्रग्स ने युवाओं को अपने चंगुल में जकड़ लिया है. लेकिन विदिशा के इस नशा लोक की पूरी तस्वीर दिखाने के लिए इसके अंदर जाना जरूरी था. लिहाजा जी न्यूज ने एक ऐसे युवक को पकड़ा जो पहले इस नशा लोक का हिस्सा था.

इस युवक का नाम हम आपको नहीं बता सकते हैं.. इसीलिए हमने इसे एक बदला हुआ नाम दिया है.. दीपक. दीपक ने हाल ही में नशा छोड़ा है. लेकिन इस ड्रग लैंड में इसकी जान-पहचान आज भी है. लिहाजा हमने दीपक के जरिये ड्रग्स बेचने वाले गिरोह तक पहुंचने की कोशिश की.

दीपक को ड्रग्स बेचने वाले व्यक्ति ने एक गली में बुलाया. वहां दो लोग पुड़िया में हेरोइन लेकर पहुंचे. जिसे यहां आम बोलचाल की भाषा में स्मैक कहा जाता है. नशा बेचने वाले व्यक्ति ने पैसे लिए और मौत का सामान थमा दिया.

विदिशा में थाने के पीछे खुलेआम बिक रहा नशा

मौत की पुड़िया लेने के बाद जी न्यूज के रिपोर्टर उस जगह पहुंचे, जहां पर बैठकर नशा पीड़ित बेरोकटोक नशा करते हैं. यह जगह विदिशा में जो कोतवाली थाने के पीछे थी, जहां पर खुलेआम ड्रग्स बिक रहा था. रजत दूबे ने जान जोखिम में डालकर हिडन कैमरे से वहां की पूरी करतूत उजागर की.

इसके बाद जी न्यूज संवाददाता नशा पीड़ितों के बीच में खुद नशा पीड़ित बनकर पहुंचे.

सोर्स- हमारे भैया आए हैं, शौक है नशा करने का. थोड़ा बहुत ही करते हैं, ज्यादा नहीं करते हैं.

लोगों ने उन्हें देखकर उनपर भरोसा कर लिया. वहां पहुंचकर हमारे हिडन कैमरे में जो तस्वीर कैद हुई, उसे देखकर आप चौंक जाएंगे.

सोर्स- उनको दिखा तो दो, ये हमारे आदरणीय बड़े भाई हैं. मतलब ताऊ जी के लड़के हैं.

नशेड़ी- क्या देखना है, उसमें चढ़ रहा है या नहीं.

नशेड़ी- उसके अंदर भी बच जाता है.

नशेड़ी- ये देखो, चढ़ रहा है, कितना चढ़ रहा है.

रिपोर्टर- मैं देख रहा हूं, भारतीय मुद्रा.

रिपोर्टर- इसी से खरीदो और इसी से.

रिपोर्टर- हम इससे नहीं पीते हैं.

रिपोर्टर- दूसरा कहां से ले लिया.

नशेड़ी- नया निकालेंगे, अभी चलाना है.

रिपोर्टर- इससे बर्बाद हो रहा है जीवन, है ना.

सोर्स- अरे दो बीघा जमीन चली गई.

रिपोर्टर- क्यों, छोड़ेगा नहीं जब तक पी नहीं लेगा, तब तक बात नहीं करेगा.

रिपोर्टर- इससे जीवन बर्बाद हो रहा है.

नशेड़ी- हो ही गया.

रिपोर्टर- तुम्हारा कितना नुकसान होगा.

नशेड़ी- बहुत

नशेड़ी- 2016 से पी रहा हूं.

रिपोर्टर- अरे दो लगा चुके हो, अब मत लगवाओ. पहले ही दो लगा चुका है.

नशेड़ी- आप लगा लो.

नशेड़ी- एक लाइन लगी है अभी उसकी.

एक के बाद एक मौत की पुड़िया को खींचता ये व्यक्ति अपनी दो बीघा जमीन गंवा चुका है. लेकिन नशे ने इसे इस कदर अपने चंगुल में जकड़ लिया है.

रिपोर्टर- अगर नशा न करे तो क्या होता है?

नशेड़ी- यहां से लेकर यहां तक पैर दुखते हैं. घुटने से नीचे नीचे तक के. दिन में तो कुछ नहीं होता है. रात में नींद नहीं आती है. बहुत तेज दुखने लगता है.

रिपोर्टर- शरीर ऐसे ऐसे होता है.

नशेड़ी- कमर दुखती है. पड़े ही रहो बस.

शहर में नशे की लत से 6 महीने में 18 की मौत

विदिशा में ये स्थिति किसी एक युवा की नहीं है, बल्कि ये स्थिति हर गली मोहल्ले की होती जा रही है. यही वजह है कि बीते 6 महीने में नसे की लत की वजह से 18 युवाओं की मौत हो चुकी है. यानी ड्रग्स की डोज नहीं मिलने पर ऐसे युवा जीते जी मर रहे हैं. जबकि, ड्रग्स मिलने पर ओवरडोज की वजह से मारे जा रहे हैं.

ये हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं. आपको लग रहा होगा कि ये आपके घर में थोड़े ही हो रहा है. लेकिन याद रखिये, जिन घरों के लोग नशे की चपेट में आए हैं. उन्होंने भी कभी ऐसा ही सोचा होगा. इसीलिए हम कह रहे हैं..आपको भी हमारे इस अभियान से जुड़ने की जरूरत है. नशा मुक्त भारत का हमारा संकल्प तभी पूरा होगा, जब देश का हर व्यक्ति जुड़ेगा और नशा के खिलाफ लड़ेगा.

विदिशा में नशे के अड्डे पर एंट्री लेने के बाद हमारे संवाददाता को एक ऐसी तस्वीर दिखी, जो आपको अंदर तक झकझोर कर रख देगी. वहां एक युवक के हाथ में स्मैक था, लेकिन सामने बैठा एक व्यक्ति सिरिंज में कोई दवाई भर रहा था. एक व्यक्ति ने दूसरी सिरिंज में भी कुछ भरा और नशे की इस सिरिंज को अपने रगों में उतार लिया.

ये नशा हर उम्र के लोगों को अपनी चपेट में लेता जा रहा है. वीडियो में एक स्कूली छात्र भी कैद दिखाई दिया, जो एक इंजेक्शन में नशे की दवा भरकर हाथ में लगाता दिखा.

नशे की वजह से बढ़ रही सुसाइड की मानसिकता

ये संक्रमण पूरे देश में फैला हुआ है. देश की 2.8 प्रतिशत आबादी कैनाबिस यानी चरस और गांजे की चपेट में है. यानी 100 में से करीब 3 लोग चरस और गांजा का नशा करते हैं. हर 100 में से 2 लोग हेरोइन की लत के पीड़ित हैं. देश की 1 प्रतिशत से ज्यादा आबादी सेडेटिव्स यानी अवैध तरीके से बेहोशी की दवा लेती है.

NCRB के 2024 के आंकड़े कहते हैं कि देश में होने वाली आत्महत्याओं में से 7.6 प्रतिशत सुसाइड ड्रग एडिक्टस करते हैं. इस हिसाब से हर दिन लगभग 35 नशा पीड़ित अपनी जान खुद ले रहे हैं. 2024 की वर्ल्ड ड्रग रिपोर्ट बताती है कि हर 11 में से सिर्फ 1 ड्रग पीड़ित को ही सही इलाज मिल पाता है.

ये आंकड़े सच में डरावने हैं. भारत दुनिया का सबसे युवा देश है. लेकिन अगर ड्रग्स को जड़ से नहीं मिटाया गया तो इस युवा देश की युवा पीढ़ी अपने पांव पर ठीक से खड़ी तक नहीं हो पाएगी. इसीलिए हम भारत को नशा मुक्त करने तक अपना ये अभियान जारी रखेंगे. उम्मीद करते हैं कि इस अभियान में आपका साथ हमें मिलता रहेगा.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More