)
राजस्थान की राजधानी जयपुर अपने किलों, पुराने मंदिरों और रंग-बिरंगी गलियों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां घूमने आने वाले विदेशी पर्यटक अक्सर शहर के अलग-अलग रंगों को कैमरे में कैद करते हैं. लेकिन कभी-कभी सफर में ऐसे अनुभव भी मिल जाते हैं, जिनकी उम्मीद किसी को नहीं होती.
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में रहने वाली स्टैंड-अप कॉमेडियन और एक्ट्रेस व्रेन वुड्स भी इन दिनों भारत घूमने आई हुई हैं. वह सोशल मीडिया पर अपने सफर के वीडियो शेयर कर रही हैं. सात अक्टूबर को उन्होंने भारत आने के बाद अपना पहला वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह स्कूटी पर घूमती नजर आई थीं. इसके बाद वह जयपुर के गलता जी मंदिर पहुंचीं. इस जगह को मंकी टेंपल के नाम से भी जाना जाता है.
गलता जी मंदिर में बंदरों की मौजूदगी आम बात है. यहां आने वाले लोगों को अक्सर बंदरों के आसपास सावधानी बरतनी पड़ती है. व्रेन के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उनके वीडियो में एक बंदर उनके कंधे पर बैठा दिखाई देता है. पास खड़ा एक शख्स उसे खाने के लिए कुछ दे रहा होता है. तभी बंदर अचानक उनके बाल खींचता है और नीचे उतरने लगता है. इस दौरान व्रेन का संतुलन बिगड़ जाता है और वह गिरते-गिरते बचती हैं. उनके लिए यह अनुभव पहले ही काफी चौंकाने वाला था, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरी स्थिति को और मजेदार बना दिया.
वीडियो में कुछ देर बाद नीली टी-शर्ट पहने एक शख्स हाथ में केले लेकर व्रेन के पास आता है. वह उन्हें बंदर को खाना देने के लिए कहता है. व्रेन भी उसकी बात मानते हुए बंदर को खाने की चीज देने लगती हैं. इसी बीच दो बंदर एक साथ उनके पास पहुंच जाते हैं. दोनों उछलकर उनके कंधे पर चढ़ जाते हैं. व्रेन किसी तरह एक बंदर को अपने हाथ से खाना खिलाने की कोशिश करती हैं, लेकिन तभी दूसरा बंदर भी वहां पहुंच जाता है. इसके बाद दोनों के बीच लड़ाई शुरू हो जाती है. एक-दूसरे पर झपटते बंदरों को देखकर व्रेन घबरा जाती हैं और जोर से चिल्लाने लगती हैं. उनके चेहरे के भाव देखकर साफ लगता है कि उस वक्त उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर वह खुद को इस स्थिति से कैसे बाहर निकालें.
बंदरों की इस हरकत से परेशान होकर व्रेन वहां से जाने का फैसला करती हैं. वह उन्हें और खाना देने से मना करती हैं और आगे बढ़ने लगती हैं. लेकिन लगता है कि बंदरों का मन अभी भरा नहीं था. वहां से निकलते समय एक बंदर उनकी गर्दन की तरफ कूदता है, जबकि दूसरा उनके पेट पर चढ़ जाता है. व्रेन एक बार फिर जोर से चीख पड़ती हैं. यह पल वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है. अंत में वह 'हे भगवान' कहती हुई वहां से निकल जाती हैं. हालांकि, इस पूरे अनुभव के बावजूद व्रेन ने घटना को मजाकिया अंदाज में लिया. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए इसे 'आंतरिक शांति विकसित करने' का तरीका बताया. साथ ही मजाक में लिखा कि कई भाई होने का मतलब ऐसा ही होता है, क्योंकि वे हमेशा एक-दूसरे से लड़ते रहते हैं.
व्रेन का यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. लोगों को खास तौर पर बंदरों का एक-दूसरे पर झपटना और व्रेन का घबराना मजेदार लग रहा है. एक यूजर ने लिखा कि वीडियो का सबसे मजेदार पल लास्ट में आता है. दूसरे ने कमेंट किया कि यह देखकर उसकी हंसी नहीं रुक रही. एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा कि बंदरों ने इस मामले को निजी दुश्मनी बना लिया. एक यूजर ने उस पल का जिक्र किया, जब व्रेन को लगा कि अब सब ठीक है और उन्होंने खाना वापस कर दिया, लेकिन तभी बंदर फिर से उन पर झपट पड़ा.
वीडियो भले ही लोगों को हंसा रहा हो, लेकिन यह घटना पर्यटकों के लिए एक जरूरी बात भी याद दिलाती है. मंदिरों और पर्यटन स्थलों पर बंदरों के करीब जाते समय सावधानी बरतना जरूरी है. उन्हें हाथ से खाना खिलाने या उनके बहुत पास जाने पर वे अचानक झपट सकते हैं. बंदरों की हरकतों का अंदाजा लगाना हमेशा आसान नहीं होता. इसलिए बेहतर है कि उनसे दूरी बनाए रखें और खाने का सामान हाथ में लेकर उनके सामने न जाएं.
जयपुर घूमने पहुंचीं व्रेन वुड्स के लिए गलता जी मंदिर का यह अनुभव शायद उनके सफर की सबसे अनोखी यादों में शामिल हो गया है. जिस जगह पर वह मंदिर देखने और घूमने पहुंची थीं, वहां उन्हें बंदरों के बीच चल रही लड़ाई का हिस्सा बनना पड़ा. उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों का मनोरंजन कर रहा है. किसी को बंदरों की हरकतें मजेदार लग रही हैं तो किसी को व्रेन की घबराहट. लेकिन इस पूरे वाकये में सबसे दिलचस्प बात यही है कि उन्होंने इस परेशानी को भी हंसी-मजाक में बदल दिया.
(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)