कैंसर को हराकर बजाई जीत की घंटी: 3 साल की बच्ची के स्वागत में तालियों से गूंज उठा अस्पताल; VIDEO देख भर आएंगी आंखें
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ना किसी के लिए भी आसान नहीं होता, लेकिन अमेरिका की सिर्फ 3 साल की बच्ची ने हिम्मत की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने हर किसी का दिल छू लिया. लंबे इलाज, सर्जरी और कीमोथेरेपी के कई दौर से गुजरने के बाद बच्ची ने कैंसर को मात दे दी. जब वह अस्पताल में सेलिब्रेटरी बेल बजाने पहुंची तो डॉक्टरों और स्टाफ ने तालियों के साथ उसका स्वागत किया.
कई बार जिंदगी के सबसे बड़े पल बहुत छोटी-सी चीज में छिपे होते हैं. अमेरिका के टेक्सास में भी ऐसा ही एक नजारा देखने को मिला. यहां तीन साल की एक बच्ची ने कैंसर के खिलाफ लंबी लड़ाई जीतने के बाद अस्पताल में जीत की घंटी बजाई. इस खास मौके पर अस्पताल का माहौल कुछ ऐसा था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बच्ची अस्पताल के एक कमरे से बाहर निकलती दिखाई देती है. उसके स्वागत के लिए डॉक्टर और अस्पताल के दूसरे कर्मचारी पहले से ही लाइन में खड़े हैं. जैसे ही बच्ची बाहर आती है, वहां मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगते हैं.
सेलिब्रेटरी बेल बजाने के लिए बढ़ाए नन्हे कदम
वीडियो में बच्ची धीरे-धीरे उस जगह की तरफ बढ़ती है, जहां कैंसर के इलाज के बाद मरीज जीत की सेलिब्रेटरी बेल बजाते हैं. उसके हर कदम के साथ अस्पताल में मौजूद लोगों की तालियां और तेज होती जाती हैं. इसके बाद बच्ची बेल बजाती है. यह पल उसके परिवार के साथ-साथ वहां मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ के लिए भी बेहद खास था. जिस बच्ची को कुछ समय पहले तक बीमारी और इलाज के मुश्किल दौर से गुजरना पड़ रहा था, वह अब अपने इलाज के इस अहम पड़ाव को पूरा कर रही थी. इस पूरे पल को कैमरे में कैद किया गया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है.
सर्जरी और कीमोथेरेपी के कई दौर से गुजरी
ABC न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची का इलाज अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित एक अस्पताल में चल रहा था. कैंसर से लड़ाई के दौरान उसे कीमोथेरेपी के कई दौर से गुजरना पड़ा. इसके अलावा उसकी सर्जरी भी की गई. तीन साल की उम्र में इतने लंबे और मुश्किल इलाज का सामना करना आसान नहीं होता. इस दौरान परिवार के लिए भी हर दिन किसी चुनौती से कम नहीं रहा होगा. अंत में इलाज के बाद बच्ची कैंसर को मात देने में सफल रही. अस्पताल में सेलिब्रेटरी बेल बजाने की परंपरा ऐसे मरीजों के लिए खास मानी जाती है, जो कैंसर का इलाज पूरा कर लेते हैं या बीमारी के खिलाफ एक अहम पड़ाव पार करते हैं. यह बेल सिर्फ एक आवाज नहीं होती, बल्कि मरीज और उसके परिवार के लिए लंबे संघर्ष के बाद मिली राहत और उम्मीद का प्रतीक होती है.
सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
इस भावुक पल का वीडियो कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया है. वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग बच्ची की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने उसके बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाल भविष्य की कामना की है. लोगों का कहना है कि इतनी छोटी उम्र में बच्ची ने जिस मुश्किल दौर का सामना किया, वह अपने आप में बड़ी बात है. वहीं, कुछ यूजर्स ने इस पल को जिंदगी की खूबसूरती और उम्मीद से जोड़कर देखा.
सोशल मीडिया पर लोगों ने लुटाया प्यार
वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोगों ने बच्ची और उसके परिवार के लिए प्यार भरे संदेश लिखे. एक यूजर ने कहा कि जिंदगी आज भी खूबसूरत है और बच्ची के साथ उसके परिवार के लिए यह बेहद खुशी का पल है. एक अन्य यूजर ने लिखा कि 'वाह! भगवान का शुक्र है. उस प्यारी बच्ची को बहुत-बहुत बधाई.' वहीं, एक और यूजर ने बच्ची को राजकुमारी बताते हुए उसके और परिवार के लिए दुआ की. कई लोगों ने यह भी कहा कि बच्ची के अस्पताल से बाहर आने और घंटी बजाने का वीडियो देखकर उनकी आंखें भर आईं. लोगों के अनुसार, यह सिर्फ एक इलाज पूरा होने का पल नहीं, बल्कि एक परिवार के लंबे इंतजार और मुश्किल समय के बाद मिली खुशी की झलक है.
छोटी उम्र, लेकिन हौसले की बड़ी मिसाल
जहां कैंसर का नाम सुनते ही बड़े-बड़ों के मन में डर बैठ जाता है. ऐसे में तीन साल की बच्ची का इस बीमारी के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ना और इलाज के बाद घंटी बजाना लोगों को भावुक कर रहा है. वीडियो में बच्ची के चेहरे और उसके स्वागत के लिए खड़े लोगों का उत्साह साफ दिखाई देता है. यह पल याद दिलाता है कि मुश्किल वक्त में परिवार का साथ, डॉक्टरों की मेहनत और उम्मीद कितनी अहम होती है. फिलहाल सोशल मीडिया पर लोग बच्ची के लिए यही दुआ कर रहे हैं कि उसकी जिंदगी आगे खुशियों और अच्छी सेहत से भरी रहे. अस्पताल में गूंजती तालियां उसके और परिवार के लिए एक ऐसी याद बन गई हैं, जिसे शायद वे जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगे.
यह भी पढ़ें:- डॉलर में कमाई, डॉलर में महंगाई: 1 करोड़ तक सैलरी के बाद भी खुद को मिडिल क्लास मानती है महिला; बताया हर महीने का खर्च