)
हम सभी का बचपन से ही सपना रहता है कि काश अपने घर में सिनेमा हॉल रहे, और कहीं जाना न पड़े. ऐसे लोगों को सिनेमा हॉल का फील दिलाने के लिए भारतीय ब्रांड एक्सइलेक्ट्रॉन ने अपना नया फ्लैगशिप स्मार्ट प्रोजेक्टर इंडियन मार्केट में उतार दिया है. कंपनी ने इसे एक्सइलेक्ट्रॉन सिनेलक्स 4K नाम दिया है.
कुछ लोग ऐसे होते हैं जिन्हें घर पर फिल्मों, ओटीटी, लाइव स्पोर्ट्स और गेमिंग का मजा बड़ी स्क्रीन पर चाहिए होता है. कंपनी ने ऐसे लोगों के लिए ही ये डिवाइस बनाया है.
इसमें असली 4K अल्ट्रा एचडी रेजोल्यूशन के साथ 4,000 एएनएसआई लुमेंस की तेज ब्राइटनेस मिलती है. कंपनी ने अच्छे सॉफ्टवेयर के लिए एंड्रॉयड 13 और दमदार अवाज के लिए डॉल्बी ऑडियो का सपोर्ट भी दिया है.
अब आपके मन में भी सवाल आ रहा होगा कि इसकी वीडियो क्वालिटी कैसी है, तो ये प्रोजेक्टर 300 इंच तक के बड़े स्क्रीन साइज को सपोर्ट करता है. इसमें 2160p का असली 4K रेजोल्यूशन, एचडीआर सपोर्ट और 10,000:1 का डायनामिक कंट्रास्ट रेशियो दिया गया है.
इस प्रोजेक्टर में रंग काफी साफ दिखाई देते हैं. जिससे पिक्चर की क्वालिटी समझ आती है. ये डिवाइस एंड्रॉयड 13 ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है, जिससे यूजर्स अपने पसंदीदा एंटरटेनमेंट ऐप्स को आराम से चला सकते हैं.
अगर आपको तेज परफॉर्मेस चाहिए तो इसमें A55 क्वाड-कोर 64-बिट प्रोसेसर लगाया गया है, जिसके साथ 2 जीबी रैम और 32 जीबी की इंटरनल स्टोरेज मिलती है.
आप अगर नॉर्मल प्रोजेक्टर घर लाते हैं तो उसे सेट करने में बहुत समय लग जाता है. लेकिन इस प्रोजेक्टर में ऐसी कोई समस्या नहीं आएगी. कंपनी ने इस मॉडल में ऑटो फोकस, ऑटो कीस्टोन करेक्शन और ऑटो स्क्रीन फिट जैसे कई स्मार्ट फीचर्स दिए हैं.
इसके साथ-साथ इसमें ऑटो ऑब्सटैकल अवॉइडेंस और ऑटो टिल्ट करेक्शन हैं. इसकी मदद से प्रोजेक्टर सामने आने वाली समस्याओं को पहचानकर अपने आप तस्वीर को दीवार या पर्दे पर सही आकार में सेट कर लेता है. यानी आपको बार-बार हाथ से सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
कंपनी ने इसके मजबूती पर बहुत ध्यान दिया है. कभी-कभी होता है कि प्रोजेक्टर के अंदर धूल जमा हो जाता है. जिसकी वजह से तस्वीर धुंधली पड़ने का खतरा रहता है.
लेकिन इस प्रोजेक्टर में धूल से बचाव करने वाला खास ऑप्टिकल इंजन लगाया गया है, जिससे अंदर गंदगी जमा नहीं होती है.
इसके लैंप की लाइफ को लेकर कंपनी ने कहा है कि ये 50,000 घंटे से ज्यादा समय तक आसानी से चल सकता है. लंबे समय तक रोजाना इस्तेमाल करने पर भी इसकी क्वालिटी बनी रहती है, जिससे बार-बार लैंप बदलने का खर्च बचता है.
बड़ी स्क्रीन के साथ दमदार आवाज के लिए इसमें 10-10 वॉट के दो फुल-फ्रीक्वेंसी स्पीकर दिए गए हैं, जो कुल 20 वॉट का आउटपुट देते हैं. बेहतर साउंड अनुभव के लिए इसमें डॉल्बी ऑडियो और डीटीएस डिकोडिंग का सपोर्ट भी मिलता है.
कनेक्टिविटी की बात करें तो इसमें तेज इंटरनेट के लिए वाई-फाई 6 और ब्लूटूथ 5.0 दिया गया है. इसके साथ ही दो एचडीएमआई पोर्ट, यूएसबी, लैन और 3.5 एमएम ऑडियो जैक भी मौजूद हैं.
फोन या लैपटॉप की स्क्रीन शेयर करने के लिए यह एचडीएमआई एआरसी, एयरप्ले और मिराकास्ट को भी सपोर्ट करता है.
भारत में एक्सइलेक्ट्रॉन सिनेलक्स 4K स्मार्ट प्रोजेक्टर की कीमत लॉन्च ऑफर के तहत 49,990 रुपये रखी गई है. जो ग्राहक इसे खरीदना चाहते हैं, वे इसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन इंडिया और फ्लिपकार्ट से ऑर्डर कर सकते हैं.
इसके अलावा ये कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध है. कंपनी इस प्रोडक्ट के साथ एक साल की मैन्युफैक्चरर वारंटी भी दे रही है, जिससे ग्राहकों को सर्विस को लेकर भी चिंता करने की जरूरत नहीं है.