WhatsApp को अब और भी आसान बनाने की तैयारी में CEO कुनाल, AI से जुड़े नए फीचर्स लाने का भी दिए संकेत!
WhatsApp को पहले से ज्यादा आसान और काम का बनाने की तैयारी हो रही है. कंपनी के नए CEO कुनाल शाह ने ऐप के भविष्य को लेकर अपना प्लान बताया है. इसमें मौजूदा फीचर्स को बेहतर बनाने के साथ AI की मदद से काम को आसान बनाना है.
WhatsApp में आने वाले समय में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. कंपनी के नए CEO Kunal Shah ने मैसेजिंग ऐप को लेकर अपना प्लान दुनिया के सामने पेश कर दिया है. कुनाल का कहना है कि WhatsApp को ऐसा बनाया जाएगा, जहां लोग आसानी से एक-दूसरे से कनेक्ट हो सकें और अपने डेली लाइफ के काम को भी आसान बनाकर पूरा कर सकें. इसके लिए कंपनी ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल भी बढ़ाने की तैयारी में है.
लगभग चार महीने पहले Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने CRED के फाउंडर कुनाल शाह को WhatsApp की जिम्मेदारी सौंपी थी. अब शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए बताया है कि इन चार महीनों में उन्होंने यूजर्स की जरूरतों को समझने की कोशिश की है. उनके मुताबिक, लोग चाहते हैं कि WhatsApp के जरिए अपनों से जुड़े रहना और अपने काम निपटाना दोनों आसान हो. शाह ने WhatsApp को तीन अरब से ज्यादा लोगों की साझा भाषा बताया. उनका कहना है कि इस प्लेटफॉर्म को इस्तेमाल करने वाले लोग ही तय करते हैं कि इसमें आगे क्या बदलाव होने चाहिए.
WhatsApp में क्या-क्या बदलने वाला है?
कुनाल शाह ने WhatsApp के लिए अपनी तीन बड़ी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी है. पहली प्राथमिकता ऐप के मौजूदा फीचर्स को बेहतर बनाना है. कंपनी चाहती है कि वॉइस मैसेज, ग्रुप, स्टिकर और वीडियो का इस्तेमाल पहले से ज्यादा आसान हो. उनका मानना है कि लोग अलग-अलग तरीकों से अपनी बात कहते हैं और अपनों से जुड़े रहते हैं. WhatsApp पर हर दिन 10 अरब से ज्यादा वॉइस मैसेज और 4 अरब से ज्यादा स्टिकर सेंड किए जाते हैं.
दूसरी प्राथमिकता ऐप पर डेली लाइफ के कामों को आसान बनाना है. शाह के मुताबिक, लोग अक्सर किसी बिल का पेमेंट करने या पैसे उधार लेने जैसे कामों की शुरुआत WhatsApp चैट से करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए दूसरे ऐप या वेबसाइट पर जाना पड़ता है. इससे काम में समय लगता है.
अब कंपनी चाहती है कि ऐसे काम WhatsApp के अंदर ही आसानी से पूरे किए जा सकें. इसके लिए वह फाइनेंशियल सर्विस और टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है. हालांकि, शाह ने अभी इन कंपनियों के नाम या नए फीचर्स की लॉन्चिंग की तारीख नहीं बताई है.
AI की मदद से अपने आप होंगे कई काम
WhatsApp की तीसरी प्राथमिकता AI से जुड़ी है. Kunal Shah का कहना है कि कंपनी AI का इस्तेमाल इस तरह करना चाहती है कि यह बैकग्राउंड में रहकर यूजर्स के काम आसान करे. यूजर को जरूरी जानकारी ढूंढने, बुकिंग करने या किसी अपॉइंटमेंट को याद रखने में मदद मिले. शाह के मुताबिक, अच्छी टेक्नोलॉजी वही है जो लोगों का समय बचाए, जिससे वे जरूरी लोगों से बातचीत करने पर ज्यादा ध्यान दे सकें. फिलहाल WhatsApp पर Meta AI चैटबॉट की सुविधा पहले से मौजूद है. लेकिन, कंपनी ने आने वाले AI फीचर्स के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है.
(ये भी पढे़ंः क्या वाकई सेफ हैं आपके पर्सनल मैसेज? Google AI ने WhatsApp और Signal की सीक्रेट चैट्स पर किया बड़ा खुलासा! )
प्राइवेसी और सिक्योरिटी में नहीं होगा बदलाव
नए फीचर्स के साथ WhatsApp ने यूजर्स की प्राइवेसी और सिक्योरिटी को भी खास बताया है. शाह के अनुसार, कंपनी ऐप को आसान और भरोसेमंद बनाए रखने के साथ यूजर्स की पर्सनल चैट की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी. WhatsApp पर भेजे जाने वाले निजी मैसेज और कॉल पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे. बता दें कि मार्क जुकरबर्ग ने जून में कुनाल शाह को WhatsApp की जिम्मेदारी देते हुए कहा था कि वह कंपनी में नई सोच और कारोबार से जुड़े नए मौके तलाशने में मदद करेंगे. शाह ने 2018 में CRED की शुरुआत की थी. इससे पहले वह डिजिटल पेमेंट कंपनी FreeCharge भी बना चुके हैं.
(ये भी पढ़ेंः Urban Vibe Pod: दमदार ऑडियो, AI ट्रांसलेशन और अनोखा ओपन-ईयर डिजाइन, जानिए कितना खास है यह बजट ईयरबड?)