SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अब WhatsApp नहीं रहेगा FREE? 1 अक्टूबर से प्रति मैसेज लगेंगे 14 पैसे, जानें किसे देना होगा चार्ज

Meta ने WhatsApp बिजनेस प्लेटफॉर्म की प्राइसिंग में बड़ा बदलाव किया है. 1 अक्टूबर 2026 से कंपनियों को ऑर्डर अपडेट जैसे यूटिलिटी मैसेज के लिए भी पैसे चुकाने होंगे. हालांकि, आम यूजर्स के लिए यह सर्विस फ्री रहेगी.

Written By Udbhav Tripathi
Published: Sep 29, 2026, 03:09 PM IST | Updated: Sep 29, 2026, 06:05 PM IST
Image Credit: WhatsApp बिजनेस मैसेज चार्ज
Join

अगर आप किसी बिजनेस के लिए WhatsApp Business प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं, तो अगले महीने की पहली तारीख यानी 1 अक्टूबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है. मेटा 1 अक्टूबर 2026 से भारत में WhatsApp Business प्लेटफॉर्म की मैसेजिंग कीमतों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. इसके बाद कुछ ऐसे मैसेज के लिए भी बिजनेस को पैसे देने होंगे, जो अभी तक फ्री भेजे जा सकते हैं. खास बात यह है कि इसका असर आम WhatsApp यूजर्स पर नहीं होगा. यह बदलाव सिर्फ WhatsApp Business प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने वाले यूजर्स पर ही लागू होगा. WhatsApp Business ऐप और नॉर्मल WhatsApp यूजर्स पर इसका कोई असर नहीं होगा.

24 घंटे के अंदर भी लगेगा चार्ज

अभी WhatsApp Business प्लेटफॉर्म पर कोई कस्टमर किसी बिजनेस को मैसेज करता है, तो उसके बाद अगले 24 घंटे तक बिजनेस कस्टमर को कई तरह के जवाब और अपडेट बिना मैसेजिंग चार्ज के भेज सकता है. इसमें कस्टमर के सवालों का जवाब देने के साथ ही ऑर्डर कन्फर्मेशन और डिलीवरी अपडेट जैसे मैसेज भी शामिल हैं. लेकिन 1 अक्टूबर से यह नियम बदल जाएगा. अब 24 घंटे की इस विंडो के अंदर भेजे गए ऑर्डर अपडेट और दूसरे यूटिलिटी मैसेज के लिए भी मेटा चार्ज लेगा.

लेकिन कस्टमर्स के सवालों के जवाब देने वाले सर्विस मैसेज के लिए 1,000 मैसेज हर महीने फ्री रहेंगे. यह लिमिट हर बिजनेस फोन नंबर के हिसाब से होगी. 1,000 मैसेज की लिमिट पूरी होने के बाद अतिरिक्त सर्विस मैसेज पर चार्ज देना होगा.

एक मैसेज के लिए कितना पैसा लगेगा?

भारत में Meta ने यूटिलिटी मैसेज के लिए 0.115 रुपये प्रति डिलीवर मैसेज की स्टैंडर्ड दर तय की है. यह कीमत GST के बिना है. 18 प्रतिशत GST जोड़ने के बाद एक मैसेज की लागत करीब 0.136 रुपये हो जाएगी.
इसे सरल शब्दों में इस तरह समझते हैं- अगर कोई बिजनेस एक महीने में 1,000 ऑर्डर अपडेट भेजता है, तो उसे GST से पहले 115 रुपये देने होंगे. 18 प्रतिशत GST जोड़ने पर यह रकम करीब 135.70 रुपये हो जाएगी.

यह चार्ज ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी अपडेट जैसे यूटिलिटी मैसेज पर लागू होगा. 24 घंटे की विंडो के बाहर भेजे जाने वाले यूटिलिटी मैसेज पहले से ही चार्जेबल थे, इसलिए उस नियम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

मार्केटिंग मैसेज के लिए ज्यादा चार्ज

WhatsApp Business प्लेटफॉर्म पर हर तरह के मैसेज की कीमत एक जैसी नहीं है. मेटा के अनुसार भारत में मार्केटिंग मैसेज के लिए 0.8631 रुपये प्रति मैसेज का रेट है. इसमें प्रमोशनल ऑफर और सेल से जुड़े मैसेज शामिल हैं. वहीं ऑथेंटिकेशन मैसेज, जैसे OTP भेजने के लिए 0.115 रुपये प्रति मैसेज का चार्ज है. GST के साथ कुल कीमत 14 पैसे रहने वाली है.

1,000 सर्विस मैसेज रहेंगे फ्री

1 अक्टूबर से हर बिजनेस फोन नंबर पर हर महीने शुरुआती 1,000 सर्विस रिप्लाई फ्री रहेंगे. इसके बाद भेजे जाने वाले अतिरिक्त सर्विस मैसेज पर चार्ज लगेगा. इसे सरल शब्दों में समझते हैं- अगर किसी बिजनेस ने एक महीने में 1,500 सर्विस रिप्लाई भेजे. इनमें से पहले 1,000 मैसेज फ्री होंगे. बाकी 500 मैसेज पर 0.115 रुपये प्रति मैसेज के हिसाब से 57.50 रुपये देने होंगे. 18 प्रतिशत GST जोड़ने के बाद यह रकम करीब 67.85 रुपये हो जाएगी.

(ये भी पढ़ेंः 18 साल से कम उम्र के बच्चों की सोशल मीडिया पर बंद हो सकती है एंट्री! सुप्रीम कोर्ट के सवाल पर केंद्र सरकार ने दिया बड़ा संकेत)

कस्टमर्स को नहीं देना होगा कोई पैसा

मेटा के इन बदलावों के बाद भी WhatsApp इस्तेमाल करने वाले कस्टमर्स के लिए कोई नया चार्ज नहीं लगाया जा रहा है. कस्टमर बिजनेस को मैसेज भेज सकते हैं और बिजनेस की तरफ से आने वाले रिप्लाई या अपडेट भी उन्हें मुफ्त मिलेंगे.

इसके साथ ही मेटा ने Click-to-WhatsApp विज्ञापनों और Facebook Pages के कॉल-टू-एक्शन बटन से आने वाले मैसेज के लिए 72 घंटे की फ्री विंडो भी जारी रखी है. इस दौरान बिजनेस ग्राहकों को बिना Meta मैसेजिंग चार्ज दिए मैसेज भेज सकेंगे.

(ये भी पढ़ेंः Festive Season Sale: भारी डिस्काउंट के चक्कर में कहीं पैसा तो नहीं कर रहे बर्बाद? ऑर्डर से पहले जान लें ये जरूरी टिप्स)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES