App

85 हजार रुपये में मिलेगा Temple वियरेबल, डॉक्टर से भी शेयर कर सकेंगे डेटा; दीपिंदर गोयल ने बताई खासियत

दीपिंदर गोयल का नया टेक वेंचर Temple 1 नवंबर से प्री-ऑर्डर के लिए आ रहा है. 85,000 रुपये की कीमत वाला यह ब्रेन-ट्रैकिंग वियरेबल सीधे आपके दिमाग के सिग्नल्स को ट्रैक करेगा, जिसका डेटा यूज़र्स अपने डॉक्टरों के साथ भी शेयर कर सकेंगे.

85 हजार रुपये में मिलेगा Temple वियरेबल, डॉक्टर से भी शेयर कर सकेंगे डेटा; दीपिंदर गोयल ने बताई खासियत
Image Credit: Temple ब्रेन ट्रैकिंग डिवाइस

जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल का नया टेक डिवाइस Temple मार्केट में एंट्री के लिए तैयार है! टेम्पल एक खास तरह का ब्रेन-ट्रैकिंग वियरेबल डिवाइस है, जिसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग 1 नवंबर से शुरू हो जाएगी. लॉन्चिंग से ठीक पहले खुद दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया पर एक्टिव होकर यूजर्स को इसको लेकर कुछ बड़ी जानकारी दी है साथ ही यूजर्स के सवालों का जवाब भी दीपिंदर ने दिया है. उन्होंने बताया कि Temple यूजर्स अपने डिवाइस से मिलने वाला डेटा डॉक्टर के साथ शेयर कर सकेंगे. इसके साथ ही उन्होंने डिवाइस रिप्लेसमेंट से जुड़ी शर्तों के बारे में भी जानकारी दी है.

डॉक्टर के साथ शेयर कर सकेंगे डेटा

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने दीपिंदर गोयल से सवाल किया कि क्या Temple से मिलने वाले डेटा को भविष्य में डॉक्टर के साथ शेयर किया जा सकेगा. इस पर गोयल ने हां में जवाब दिया. इससे साफ है कि यूजर्स को अपने डेटा को डॉक्टर के साथ शेयर करने का ऑप्शन मिलेगा. लेकिन, कंपनी ने अभी यह विस्तार से नहीं बताया है कि डेटा शेयर करने की सुविधा किस तरह काम करेगी और इसके लिए ऐप में कौन से ऑप्शन दिए जाएंगे.

एक दूसरे यूजर ने डिवाइस रिप्लेसमेंट को लेकर सवाल किया. Temple की वेबसाइट पर मामूली चार्ज देकर डिवाइस बदलने की बात लिखी गई है. यूजर जानना चाहता था कि क्या इसके जरिए नए मॉडल में अपग्रेड भी किया जा सकेगा. इस पर गोयल ने साफ किया कि यह सुविधा खोए हुए डिवाइस को बदलने के लिए है. नए मॉडल में अपग्रेड करने के लिए यह ऑफर लागू नहीं होगा.

दिमाग से जुड़े संकेतों को ट्रैक करेगा टेम्पल

टेम्पल दूसरे फिटनेस वियरेबल्स से अलग तरीके से काम करता है. जहां ज्यादातर स्मार्टवॉच कदम, हार्ट रेट और नींद जैसी चीजों पर नजर रखती हैं, वहीं टेम्पल का पोकसम दिमाग से जुड़े संकेतों पर होता है. कंपनी के अनुसार, यह डिवाइस दिमाग में खून के फ्लो में होने वाले बदलाव, ऑक्सीजन की उपलब्धता से जुड़े संकेतों और मेंटल एक्टिविटी के दौरान शरीर पर पड़ने वाले असर को ट्रैक करता है. इसका मकसद यूजर्स को यह समझने में मदद करना है कि तनाव, एक्सरसाइज और रिकवरी के दौरान उनका शरीर किस तरह प्रतिक्रिया देता है.

इसमें Entropy Score नाम का एक स्कोर भी दिया गया है, जिसकी रेंज 1 से 250 तक है. यह स्कोर शरीर पर पड़ने वाले शारीरिक दबाव का अंदाजा देने के लिए बनाया गया है. नींद, एक्सरसाइज, तनाव और कैफीन जैसी चीजें इस स्कोर को प्रभावित कर सकती हैं. कंपनी का कहना है कि Temple का इस्तेमाल वेलनेस और रिसर्च के लिए किया गया है. यह किसी बीमारी की पहचान करने या मेडिकल जांच का ऑप्शन बनने के लिए नहीं है.

रनिंग और स्विमिंग के दौरान भी पहन सकेंगे

Temple को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसे रोजमर्रा के कामों और वर्कआउट के दौरान पहना जा सके. यह स्किन पर चिपकने वाली खास टेप के जरिए अपनी जगह पर टिका रहता है. इन टेप को Grips कहा जाता है और इन्हें इस्तेमाल के बाद बदला जा सकता है. दीपिंदर गोयल के अनुसार, यूजर्स इसे दौडने, स्विमिंग करने और यहां तक कि नहाते समय भी पहन सकते हैं. कंपनी का दावा है कि इसका छोटा डिजाइन ऐसा है कि इसे चश्मे के साथ भी आराम से पहना जा सकता है.

Temple के साथ कंपनी लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी दे रही है. इसमें ऐप के सभी फीचर्स का इस्तेमाल और डिवाइस को समझने के लिए व्यक्तिगत ऑनबोर्डिंग की सुविधा शामिल होगी.

85 हजार रुपये है पहली खेप की कीमत

Temple की पहली खेप की कीमत 85,000 रुपये रखी गई है. इसे छह कलर्स ऑप्शन में पेश किया जाएगा. इनमें True Gold, Rose Gold, Black Mirror, Real Jade, Deep Blue और Purple Funk शामिल हैं. कंपनी के मुताबिक, Real Jade, Deep Blue और Purple Funk लिमिटेड एडिशन रंग होंगे. डिवाइस के लिए प्री-ऑर्डर 1 नवंबर से शुरू होने वाले हैं. लेकिन, इसकी कीमत को देखते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि यूजर्स इस तरह के ब्रेन ट्रैकिंग वियरेबल में कितनी दिलचस्पी दिखाते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More