App

पेप्सी और चिप्स से भी कम कीमत में मिल रहा इंटरनेट, एयरटेल फाउंडर बोले- अब 350 रुपये होना चाहिए महीने का रिचार्ज

एयरटेल प्रमुख सुनील भारती मित्तल का मानना है कि चिप्स और कोल्ड ड्रिंक से भी सस्ते मोबाइल रिचार्ज का दौर अब बदलना चाहिए. नेटवर्क इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और 5G के बेहतर रिटर्न के लिए महीने के रिचार्ज को बढ़ाने की बात कही है.

पेप्सी और चिप्स से भी कम कीमत में मिल रहा इंटरनेट, एयरटेल फाउंडर बोले- अब 350 रुपये होना चाहिए महीने का रिचार्ज

मोबाइल रिचार्ज की कीमतों को लेकर एक बार फिर से बड़ी चर्चा शुरू हो गई है. भारती एयरटेल के फाउंडर सुनील भारती मित्तल का मानना है कि भारत में मोबाइल रिचार्ज बहुत ज्यादा सस्ती हैं. उन्होंने मोबाइल टैरिफ बढ़ाने की बात कही है.

उनका कहना है कि यूजर को अब हर महीने औसतन 350 रुपये खर्च करने चाहिए. मित्तल ने इसकी तुलना रोज की छोटी-छोटी चीजों से की है. उन्होंने कहा कि आज बाजार में एक बोतल पेप्सी या चिप्स का पैकेट खरीदने में इससे ज्यादा पैसे खर्च हो जाते हैं.

भारती एंटरप्राइजेज के 50 साल पूरे होने के मौके पर दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने ये बात कही. उनका मानना है कि लोगों को बहुत सस्ते रिचार्ज की आदत पड़ गई है, जबकि आज फोन हमारे रोज के कामों का सबसे जरूरी हिस्सा बन चुका है.

रोज के 10-12 रुपये में मिलती है डिजिटल दुनिया की ताकत

सुनील मित्तल ने अपनी बात को आसान तरीके से समझाया है. उन्होंने कहा कि महीने का 350 रुपये खर्च करने का मतलब रोज के सिर्फ 10 से 12 रुपये बैठता है.

इतनी कम कीमत में लोगों को बैंकिंग, यूपीआई पेमेंट, ऑनलाइन पढ़ाई और सरकारी योजनाओं का फायदा मिल रहा है. इसके अलावा सेहत से जुड़े रिकॉर्ड और यूट्यूब व इंस्टाग्राम जैसे मनोरंजन के साधन भी इसी इंटरनेट से चलते हैं.

मित्तल ने याद दिलाया कि करीब 10 साल पहले उन्होंने 300 रुपये महीने के औसत की बात कही थी. लेकिन अब वक्त बदल चुका है और महंगाई भी काफी बढ़ गई है.

मोबाइल नेटवर्क को सुचारू रूप से चलाने के लिए बिजली, डीजल, कर्मचारियों की सैलरी और दूसरे खर्चे भी पहले से बहुत ज्यादा हो गए हैं.

चीन से मुकाबला करने के लिए देश में चाहिए दोगुने टावर

टेलीकॉम सेक्टर की दिक्कतों पर बात करते हुए उन्होंने भारत और चीन का उदाहरण दिया. चीन में आज 10 लाख से ज्यादा मोबाइल टावर काम कर रहे हैं, जबकि भारत में इनकी संख्या महज 3.5 लाख के आसपास है. मित्तल के मुताबिक, भारत को अपनी मौजूदा टावर क्षमता को कम से कम दोगुना करना ही होगा.

इसके साथ ही तेज इंटरनेट के लिए फाइबर कनेक्टिविटी और समुद्र के नीचे बिछने वाली केबल नेटवर्क पर भी भारी पैसा खर्च करना पड़ेगा.

उन्होंने ये भी साफ किया कि कंपनियों ने 5जी टेक्नोलॉजी पर लाखों करोड़ रुपये लगा दिए हैं, लेकिन उस हिसाब से उन्हें मुनाफा या रिटर्न नहीं मिल पा रहा है.

कब बढ़ेंगे दाम?

जब उनसे यह पूछा गया कि 350 रुपये प्रति यूजर का ये आंकड़ा कब तक आएगा, तो उन्होंने कहा कि अभी इसकी कोई तय तारीख नहीं है. वैसे बाजार में पहले से ही इस बात की चर्चा है कि रिचार्ज प्लान जल्द महंगे हो सकते हैं.

इससे पहले जून 2024 में सभी कंपनियों ने मिलकर दामों में 10 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी. सितंबर तिमाही में एयरटेल की प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी एआरपीयू 271 रुपये रही है, जो पिछले साल इसी समय 256 रुपये थी.

अगर इसे 350 रुपये तक पहुंचाना है, तो कंपनियों को कीमतों में करीब 29 प्रतिशत तक का इजाफा करना होगा.

एयरटेल को वापस क्यों लाना पड़ा 299 का पैक?

ग्राहकों को जोड़े रखने और बाजार में पकड़ मजबूत करने के लिए एयरटेल ने हाल ही में कुछ नए कदम उठाए हैं. कंपनी ने अगस्त के महीने में बिना किसी बड़े शोरगुल के अपने कुछ शुरुआती और सस्ते प्लान बंद कर दिए थे.

लेकिन इसका असर ये हुआ कि नए ग्राहकों के जुड़ने की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई. इसके बाद कंपनी को मजबूर होकर इसी महीने अपना पुराना 299 रुपये वाला प्रीपेड प्लान फिर से बाजार में उतारना पड़ा.

इससे ये साफ हो जाता है कि कंपनियां अपनी कमाई तो बढ़ाना चाहती हैं, लेकिन उन्हें अपने ग्राहक हाथ से निकलने का डर भी सता रहा है.

टेलीकॉम सेक्टर के लिए तीन मजबूत कंपनियों का होना जरूरी

सुनील मित्तल ने देश के पूरे टेलीकॉम बाजार की सेहत को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की है. उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश में कम से कम तीन मजबूत प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों का होना बहुत जरूरी है.

उन्होंने वोडाफोन आइडिया और बीएसएनएल की मौजूदा आर्थिक स्थिति को काफी चुनौतीपूर्ण बताया. मित्तल का ये भी मानना है कि देश में कभी भी उस पुराने दौर को वापस नहीं लौटना चाहिए जब एक साथ एक दर्जन से ज्यादा कंपनियां आपस में लड़ती थीं.

उस समय गलाकाट मुकाबले की वजह से कंपनियों की कमाई डूब गई थी और नया नेटवर्क खड़ा करने के लिए निवेश पूरी तरह रुक गया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More