)
आप सो रहे हों और अचानक कान के पास मच्छर भिनभिनाने लगे. उसको मारने के लिए आप क्या-क्या नहीं करते... ऑल-आउट ऑन करते हैं, कॉइल जलाते हैं या मच्छर मारने वाला रैकेट लेकर पूरे घर में दोड़ते रहते हैं. लेकिन चीन ने इसका भी हल निकाल डाला है. चीन के एक स्टार्टअप Photon Matrix ने एक ऐसा गैजेट बनाया है जो किसी साइंस-फिक्शन फिल्म के हथियार जैसा दिखता है. यह गैजेट कोई नॉर्मल केमिकल स्प्रे या इलेक्ट्रिक रैकेट नहीं है, बल्कि एक ऐसा AI-पावर्ड लेजर मॉस्किटो किलर है जिसकी कीमत लगभग $1,088 (यानी करीब 1,03,074 रुपये) है. यह डिवाइस हवा में उड़ते मच्छर को ट्रैक करता है, उस पर निशाना साधता है और चंद मिलीसेकंड में एक पावरफुल लेजर बीम से उसके पंख जलाकर राख कर देता है.
यह टेक्नोलॉजी है क्या?
Photon Matrix के ऑफिस में जब इस डिवाइस का लाइव डेमो दिखाया गया, तो लोग हैरान रह गए. कमरे में मच्छर उड़ रहे थे और यह छोटी सी मशीन चुपचाप स्कैनिंग कर रही थी. जैसे ही कोई मच्छर दायरे में आता, एक नीली या हरी रोशनी चमकती, हल्की सी 'पॉप' की आवाज आती और मच्छर फर्श पर गिर जाता.
कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस केवल 3 मिलीसेकंड (0.003 सेकंड) में मच्छर को डिटेक्ट कर लेता है. इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि यह एक सेकंड में 30 मच्छरों को टारगेट करके खत्म कर सकता है. और यह सब कुछ बिना किसी बदबूदार केमिकल, धुएं या तेज शोर के होता है. यह बिल्कुल शांति से अपना काम करता है, वो भी घने अंधेरे में.
दो मॉडल्स में आता है यह Sci-Fi गैजेट: जानिए कितनी है कीमत?
कंपनी ने इस AI लेजर किलर के दो अलग-अलग वेरिएंट पेश किए हैं, जिन्हें आप अपनी जरूरत के हिसाब से चुन सकते हैं.
Outdoor Blue Laser Model: इसकी कीमत $1,088 (लगभग 95,000 रुपये) है. इस मॉडल में एक विजिबल नीली लेजर बीम निकलती है, जो मच्छर पर फायर करते समय साफ दिखाई देती है. इसे गार्डन, बालकनी या पेटियो (Patio) के लिए डिजाइन किया गया है.
Indoor Infrared Laser Model: इसकी कीमत $988 (लगभग 87,000 रुपये) है. यह मॉडल इंडोर यूज यानी बेडरूम या होटल के कमरों के लिए बना है. इसमें 976nm की अदृश्य (Invisible) इंफ्रारेड लेजर बीम का इस्तेमाल होता है, ताकि सोते समय आपकी आंखों में रोशनी न चुभे.
इन दोनों ही मॉडल्स के साथ आपको एक rotating base मिलता है जो 360-डिग्री कवरेज देता है. साथ ही 12 महीने की वारंटी और 20,000mAh का पावरबैंक मिलता है, जिससे अगर बिजली चली भी जाए तो यह बिना रुके 4 घंटे तक काम कर सकता है.
LiDAR और AI Vision: यह मच्छर को ढूंढकर मारता कैसे है?
अब आपके मन में सवाल आ रहा होगा कि आखिर यह नन्हे से मच्छर को इतने सटीक तरीके से कैसे ढूंढ लेता है? दरअसल, इसके अंदर LiDAR (Light Detection and Ranging) टेक्नोलॉजी लगी है. यही वही सेंसर है जो सेल्फ-ड्राइविंग कारों को रास्ता देखने और एक्सीडेंट से बचाने में मदद करता है.
- यह डिवाइस अपने सामने एक फ्लैट लाइट प्लेन स्कैन करता है और आसपास की दीवारों और चीजों से अपनी दूरी नापता रहता है.
- जैसे ही 2 मिमी से 20 मिमी साइज का कोई भी छोटा कीड़ा इस लाइट प्लेन को क्रॉस करता है, सेंसर तुरंत दूरी में आए बदलाव को पकड़ लेता है.
- AI सिस्टम तुरंत कीड़े की स्पीड और साइज का एनालिसिस करता है.
- जैसे ही AI कन्फर्म करता है कि यह मच्छर ही है, अंदर लगा Galvanometer Mirror लेजर बीम को सीधे मच्छर के पंखों पर फोकस कर देता है.
- इसकी रेंज 6 मीटर की दूरी तक है और यह 90-डिग्री के आर्क में स्कैनिंग करता है.
ऐप में मिलेगा मच्छर मारने का लीडरबोर्ड!
Photon Matrix ऐप के जरिए आप अपने फोन पर यह देख सकते हैं कि आज आपके डिवाइस ने कितने मच्छर मारे हैं. ऐप में एक Mosquito Heat Map भी मिलता है, जिससे आपको पता चलता है कि आपके घर के किस कोने में मच्छरों का सबसे ज्यादा आतंक है. इतना ही नहीं, इसमें एक Global Leaderboard भी है, जहां आप पूरी दुनिया के यूजर्स के साथ कॉम्पिटिशन कर सकते हैं कि किसका लेजर किलर ज्यादा मच्छर मार रहा है.
क्या यह लेजर आंखों या पालतू जानवरों के लिए खतरनाक है?
जब बात घर के अंदर क्लास 4 लेजर चलाने की आती है, तो सेफ्टी को लेकर सवाल उठना लाजमी है. अगर लेजर गलती से किसी इंसान या पालतू जानवर की आंख में लग जाए, तो क्या होगा? कंपनी का दावा है कि उन्होंने सेफ्टी का पूरा ध्यान रखा है.
बैकग्राउंड सेंसिंग: यह डिवाइस तभी फायर करता है जब इसके सामने कोई सॉलिड बैकग्राउंड (जैसे दीवार) होती है. अगर सामने खाली जगह है या कोई इंसान आ जाता है, तो लेजर ऑटोमैटिक बंद हो जाता है.
स्मार्ट AI आइडेंटिफिकेशन: यह AI की मदद से मच्छर और तितली जैसे नुकसान न पहुंचाने वाले कीड़ों में फर्क कर सकता है. यह तितलियों या मधुमक्खियों पर फायर नहीं करता.
सेफ्टी सर्टिफिकेट्स: कंपनी का कहना है कि उन्होंने ह्यूमन्स, पेट्स और बर्ड्स के लिए सेफ्टी क्लीयरेंस ले ली है.
हालांकि, एक बात ध्यान रखने वाली है: ये सारे दावे अभी तक सिर्फ कंपनी के अपने आंकड़े हैं. किसी भी थर्ड-पार्टी या इंडिपेंडेंट लैब ने अभी तक इन सेफ्टी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
2006 के स्टार वार्स आइडिया से लेकर 2026 के कमर्शियल प्रोडक्ट तक का सफर
मच्छरों को लेजर से उड़ाने का यह आइडिया नया नहीं है. इसकी शुरुआत 2006 में हुई थी, जब अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के मिसाइल डिफेंस प्रोग्राम में काम कर चुके एक एस्ट्रोफिजिसिस्ट ने इस कांसेप्ट को दुनिया के सामने रखा था.
2010 में 50 मीटर की रेंज वाला एक प्रोटोटाइप भी दिखाया गया था, लेकिन उस समय इसे बनाने में बहुत ज्यादा खर्च आ रहा था. फिर 2024 के आसपास Photon Matrix ने इस प्रोजेक्ट को हाथ में लिया और Indiegogo पर एक क्राउडफंडिंग कैंपेन शुरू किया.
कंपनी का टारगेट सिर्फ $20,000 जुटाने का था, लेकिन लोगों को यह आइडिया इतना पसंद आया कि उन्होंने $2.7 मिलियन (लगभग 22 करोड़ रुपये) से ज्यादा की फंडिंग दे दी. 4,000 से ज्यादा लोगों ने इसके लिए प्री-ऑर्डर किया. सेंसर कैलिब्रेशन और सेफ्टी अप्रूवल की वजह से इस प्रोजेक्ट में काफी देरी हुई, लेकिन अब इसका मास प्रोडक्शन शुरू हो चुका है.