)
अगर आप भी अक्सर अपना कंप्यूटर या लैपटॉप ऑन करके ही बाहर निकल जाते हैं, तो टेक जगत की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट आपके लिए एक जबरदस्त फीचर पर काम कर रहा है. कंपनी अपने फोन लिंक इकोसिस्टम का दायरा बढ़ाते हुए एक नया अपडेट लाने की तैयारी कर रही है. जिसकी सहायता से आप अपने एंड्रॉयड फोन के जरिए दूर बैठे ही अपने विंडोज पीसी को शटडाउन, रिस्टार्ट या फिर स्लीप मोड में डाल सकेंगे.
माइक्रोसॉफ्ट अपने एंड्रॉयड फोन और विंडोज पीसी के बीच के कनेक्शन को और मजबूत करने पर लगातार काम कर रहा है. कंपनी अपने फोन लिंक इकोसिस्टम में धीरे-धीरे नए फीचर्स ला रही है. इस इंटीग्रेशन की सहायता से यूजर्स अपने फोन और कंप्यूटर के कई फीचर्स को एक-दूसरे से कंट्रोल कर पाते हैं, जिससे बार-बार स्क्रीन बदलने की परेशानी खत्म हो जाती है.
अब एक नया फीचर सामने आया है, जो डेस्क से दूर रहने पर भी आपके पीसी को मैनेज करना और आसान बना सकता है. हालांकि यह फीचर अभी सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट के एंड्रॉयड कम्पैनियन ऐप में इसके संकेत मिले हैं. इससे साफ है कि आने वाले समय में आपका स्मार्टफोन, आपके विंडोज पीसी को रिमोटली कंट्रोल करने में और भी बड़ी भूमिका निभाएगा.
माइक्रोसॉफ्ट के लिंक टू विंडोज एंड्रॉयड ऐप के कोड में यह बात सामने आई है कि यूजर्स जल्द ही अपने एंड्रॉयड फोन से ही विंडोज पीसी को रिमोटली शटडाउन, रिस्टार्ट या स्लीप मोड में डाल सकेंगे.
कोड में मिले कमांड्स में सिर्फ नॉर्मल शटडाउन ही नहीं, बल्कि रिस्टार्ट एंड इंस्टॉल एन अपडेट यानी रिस्टार्ट करके अपडेट इंस्टॉल करना और शटडाउन एंड इंस्टॉल एन अपडेट यानी शटडाउन करके अपडेट इंस्टॉल करना जैसे ऑप्शंस भी शामिल हैं.
इस फीचर की जानकारी विंडोज लेटेस्ट से किए गए एक एपीके टियरडाउन के दौरान मिली है. फिलहाल लिंक टू विंडोज ऐप के जरिए यूजर्स अपने कंप्यूटर को रिमोटली लॉक तो कर सकते हैं, लेकिन उसे ऑफ करने, रिस्टार्ट करने या स्लीप मोड में डालने का कोई ऑप्शन नहीं मिलता है. यह नया फीचर इसी मौजूदा रिमोट-कंट्रोल क्षमता को आगे बढ़ाने का काम करेगा.
माइक्रोसॉफ्ट लगातार विंडोज 11 में एंड्रॉयड इंटीग्रेशन को बढ़ा रहा है. हाल ही में फोन लिंक और अन्य माध्यमों के जरिए एंड्रॉयड के फीचर्स व जानकारियों को विंडोज के और करीब लाने के कई प्रयोग किए गए हैं.
रिमोट कंट्रोल के इस नए सिस्टम में कुछ सेफ्टी वॉर्निंग भी दी जाएंगी, जिससे गलती से पीसी बंद न हो. अगर आप अपने फोन से पीसी को शटडाउन या रिस्टार्ट करने का ऑप्शन चुनते हैं, तो ऐप आपको चेतावनी देगा कि बिना सेव किया गया काम मिट सकता है. यह वॉर्निंग तब बहुत काम आएगी जब आप अपने कंप्यूटर से दूर हों और यह न देख पा रहे हों कि कौन से ऐप्स खुले हैं.
पीसी को स्लीप मोड में डालने पर भी एक अलग वॉर्निंग दिखाई देगी, क्योंकि ऐसा करते ही फोन का कनेक्ट फोन लिंक ऐप से टूट जाएगा. इसके बाद कंप्यूटर को फिर से कनेक्ट करने के लिए आपको उसे खुद जाकर यानी मैनुअली ऑन करना होगा.
इसके साथ ही, अगर पीसी में कोई अपडेट इंस्टॉल हो रहा होगा, तो ऐप एक चेतावनी मैसेज में बताएगा कि अपडेट पूरा करने के लिए रिस्टार्ट जरूरी है और खुले हुए ऐप्स में काम सेव न होने पर नुकसान हो सकता है.
यूजर इस बात का ध्यान रखें कि ये पावर कंट्रोल्स अभी लिंक टू विंडोज ऐप में लाइव नहीं किए गए हैं. यह जानकारी एपीके टियरडाउन के जरिए कोड देखकर निकाली गई है, इसलिए माइक्रोसॉफ्ट ने अभी तक इसके रोलआउट की पुष्टि नहीं की है. ऐसे में यह पक्का नहीं कहा जा सकता कि यह फीचर आम यूजर्स तक कब और किस रूप में पहुंचेगा.