)
आज के इस AI के जमाने में प्राइवेसी सबसे बड़ा सिरदर्द बन चुकी है. बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां अपने AI मॉडल्स को और ज्यादा स्मार्ट बनाने के लिए हम जैसे यूजर्स के डेटा का जमकर इस्तेमाल कर रही हैं. कई बार तो हमें पता भी नहीं चलता और नए अपडेट्स के बाद कंपनी की डिफॉल्ट सेटिंग्स हमारे पर्सनल डेटा को बैकएंड में यूज करने लगती हैं.
हाल ही में Google ने अपने सर्च फीचर में दो नए प्राइवेसी कंट्रोल्स रोलआउट किए हैं. इसका सीधा मतलब यह है कि जब भी आप Google Search, Google Lens या Search Live में कोई फोटो, वीडियो, ऑडियो या फाइल अपलोड करते हैं, तो वह Google के सर्वर पर सेव हो सकती है. कंपनी इस डेटा का इस्तेमाल अपने AI मॉडल्स और सेफ्टी सिस्टम को ट्रेन करने के लिए कर सकती है. अगर आप नहीं चाहते कि आपकी प्राइवेट फोटोज से Google का AI ट्रेनिंग ले, तो इस सेटिंग को तुरंत बंद करने में ही भलाई है. चलिए जानते हैं इसका पूरा स्टेप-बाय-स्टेप तरीका.
Google का नया प्राइवेसी कंट्रोल और इसका क्या असर होगा?
Google अपने यूजर्स के लिए दो नए प्राइवेसी ऑप्शंस ला रहा है- Search Services History और Personalized Recommendations. यह नया अपडेट धीरे-धीरे सभी यूजर्स के अकाउंट्स पर दिखेगा. पहले यह सब कुछ 'Web & App Activity' नाम की एक ही सेटिंग के अंदर मैनेज होता था. लेकिन अब Google इन्हें My Google Activity के अंदर अलग-अलग ऑप्शंस के रूप में दिखा रहा है.
सर्च सर्विसेज हिस्ट्री वाली नई सेटिंग में एक ऑप्शन है जो सर्च के दौरान आपके द्वारा अपलोड किए गए मीडिया को सेव कर लेता है. Google का कहना है कि वह इस डेटा से Google Lens और Search Live जैसे फीचर्स का यूजर एक्सपीरियंस बेहतर बनाता है. लेकिन इस पूरे अपडेट का सबसे बड़ा पंगा यह है कि Google इन सेव की गई फाइल्स का यूज अपने AI मॉडल्स को ट्रेन करने के लिए भी कर सकता है. यानी अगर यह सेटिंग ऑन है, तो आपकी अपलोड की गई हर इमेज और वीडियो AI के काम आ रही है.
अगर आपकी सेटिंग्स पहले से ऑफ थीं, तो क्या होगा?
Google ने इस बात का भरोसा दिया है कि जिन यूजर्स ने इस अपडेट से पहले ही अपनी 'Web & App Activity' और 'Search Personalization' को बंद कर रखा था, उनकी सेटिंग्स डिसेबल ही रहेंगी. हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि अब ये सारे कंट्रोल्स अलग-अलग काम करेंगे. इसका मतलब यह है कि अगर आप किसी एक ऑप्शन को बंद करते हैं, तो दूसरा ऑप्शन अपने आप बंद नहीं होगा. इसलिए अपनी प्राइवेसी की सेफ्टी के लिए आपको खुद जाकर एक बार ये सेटिंग्स चेक कर लेनी चाहिए.
Google को अपनी सर्च मीडिया सेव करने से कैसे रोकें?
अगर आप नहीं चाहते कि आपकी अपलोड की गई फाइल्स Google के पास सेव रहें या AI ट्रेनिंग में यूज हों, तो इसे आसानी से बंद कर सकते हैं:
1. अपने फोन या लैपटॉप के ब्राउजर में अपना Google Account ओपन करें.
2. इसके बाद My Google Activity वाले पेज पर जाएं.
3. वहां आपको Search Services History का ऑप्शन दिखेगा, उस पर क्लिक करें.
4. अब Save Media (मीडिया सेव करें) वाले ऑप्शन को अनचेक (Uncheck) यानी डिसेबल कर दें.
पुराना सेव डेटा और फाइल्स कैसे डिलीट करें?
सिर्फ आगे के लिए डेटा रोकना ही काफी नहीं है. आपने पहले Google Lens या सर्च में जो भी फोटोज अपलोड की होंगी, वे भी Google के सर्वर पर पड़ी हो सकती हैं. उन्हें हटाने की ट्रिक यह है:
1. उसी प्राइवेसी पेज पर रहें जहां आपने Search Services History ओपन किया था.
2. वहां View and delete saved history का ऑप्शन दिखाई देगा, उस पर टैप करें.
3. यहां आपको अपनी पुरानी सर्च एक्टिविटी और अपलोड की गई मीडिया फाइल्स की लिस्ट मिल जाएगी.
4. जिस फोटो, वीडियो या फाइल को आप अपने अकाउंट से हटाना चाहते हैं, उसे सिलेक्ट करें और डिलीट कर दें.
अपनी प्राइवेसी को सेफ रखना क्यों जरूरी है?
जब भी हम लेंस से कोई कपड़ा सर्च करते हैं या कोई डॉक्युमेंट स्कैन करते हैं, तो हमें लगता है कि हमारा काम हो गया. लेकिन पर्दे के पीछे वह डेटा सर्वर पर प्रोसेस होता रहता है. जब तक आप खुद एक्टिव होकर इन सेटिंग्स को ऑफ नहीं करेंगे, तब तक आपका डेटा अनजाने में ही सही, AI को ट्रेन करने के काम आता रहेगा. इसलिए 2 मिनट का टाइम निकालें और आज ही अपने Google अकाउंट की एक्टिविटी सेटिंग्स को चेक करके इस ऑप्शन को ऑफ कर दें.