)
क्या आपने कभी सोचा है कि आप रास्ते में कैब या मेट्रो में बैठे-बैठे सिर्फ बोलकर अपने ऑफिस की प्रेजेंटेशन तैयार करवा लें या ईमेल ड्राफ्ट कर लें? जी हां, अब आप इसे बहुत ही आसानी से कर सकते हैं. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI कंपनी OpenAI ने ChatGPT को लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट जारी किया है. अब तक हम AI से सिर्फ चैट करते थे या सवाल-जवाब करते थे, लेकिन अब ChatGPT सिर्फ आपका चैटबॉट नहीं, बल्कि आपका पर्सनल डिजिटल असिस्टेंट बनने के लिए पूरी तरह तैयार है. आइए जानते हैं कि इस नए अपडेट में क्या कुछ खास बदला है और यह आपके डेली काम को कैसे आसान बनाने वाला है.
ओपनएआई ने चैटजीपीटी के वाइस फीचर में बड़ा बदलाव किया है. अब यूजर्स सिर्फ चैटजीपीटी से बात ही नहीं कर सकेंगे, बल्कि बोलकर उसे कई तरह के काम करने के लिए भी कह सकेंगे. कंपनी ने चैटजीपीटी के एजेंट वाले फीचर्स को Voice एक्सपीरियंस के साथ जोड़ दिया है. यह सुविधा वेब और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होगी.
इस अपडेट के बाद ChatGPT Voice सिर्फ सवालों के जवाब देने या बातचीत करने तक सीमित नहीं रहेगा. यूजर अपनी जरूरत बताकर AI से किसी काम को पूरा करने के लिए कह सकता है. चैटजीपीटी में मौजूद टूल और यूजर के प्लान के हिसाब से AI डॉक्यूमेंट तैयार करने, वेब ब्राउज करने, कनेक्टेड ऐप्स के साथ काम करने, इमेज बनाने और दूसरे काम करने में मदद कर सकता है.
यानी अगर आप घर से बाहर हैं या सफर कर रहे हैं, तब भी चैटजीपीटी को बोलकर अपना काम शुरू कर सकते हैं. बाद में डेस्क पर लौटकर उसी बातचीत को खोलकर काम को आगे बढाया जा सकता है.
ओपनएआई के अनुसार Plus और Pro यूजर्स मोबाइल पर Work टैब में Voice का इस्तेमाल करके डॉक्यूमेंट, प्रेजेंटेशन और स्प्रेडशीट तैयार कर सकते हैं. इसके अलावा क्लाउड ब्राउजर, इमेज जनरेशन, कनेक्टेड प्लगइन्स और ChatGPT में उपलब्ध दूसरे टूल्स का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
जैसे यूजर बोलकर ईमेल का ड्राफ्ट तैयार करने, Slack के मैसेज के साथ काम करने या Finance टूल्स से जानकारी जुटाने के लिए ChatGPT को कह सकता है. Free और Go यूजर्स भी चैट टैब में Voice का इस्तेमाल कर पाएंगे. हालांकि उनके लिए वही टूल, कनेक्टेड ऐप्स और प्लगइन्स उपलब्ध होंगे, जिनका इस्तेमाल वे ChatGPT के टेक्स्ट एक्सपीरियंस कर सकते हैं.
OpenAI ने Voice और Text के बीच स्विच करना भी आसान किया है. अब Voice बातचीत के दौरान ChatGPT टेक्स्ट में जवाब और फाइलें भी दिखा सकता है. इसका मतलब है कि जरूरी जानकारी सिर्फ सुननी नहीं पडेगी, उसे स्क्रीन पर भी देखा जा सकेगा. यूजर Voice से Text पर जा सकता है और बाद में उसी बातचीत में वापस आकर काम जारी रख सकता है. इससे किसी काम को सफर के दौरान शुरू करके बाद में ऑफिस या घर पहुंचने के बाद पूरा करना आसान हो जाएगा.
इस नए फीचर का इस्तेमाल करने के लिए ChatGPT के वेब या मोबाइल ऐप में Voice बातचीत शुरू करनी होगी. इसके बाद यूजर सामान्य तरीके से बोलकर ChatGPT को अपना काम बता सकता है. हालांकि ChatGPT कौन से काम कर पाएगा, यह यूजर के प्लान और उसके अकाउंट से जुडे ऐप्स, प्लगइन्स और दूसरे उपलब्ध टूल्स पर निर्भर करेगा.
ओपनएआई के अनुसार Voice को एक तरह के डिजिटल असिस्टेंट की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है. जैसे- सफर के दौरान दिन की तैयारी करना, मीटिंग के बीच जरूरी कामों की जानकारी लेना, ईमेल, Slack या Drive से जानकारी जुटाना, आइडिया पर चर्चा करना और फिर उस बातचीत को डॉक्यूमेंट में बदलना जैसे काम किए जा सकते हैं.
इस अपडेट के साथ ChatGPT Voice का इस्तेमाल सिर्फ बातचीत के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा के कामों को पूरा करने के लिए भी किया जा सकता है.