बैंक फॉर्म हो या सरकारी डॉक्यूमेंट, सब कुछ स्कैन करना होगा आसान; भारत में बनी टेक्नोलॉजी 'पत्रम 1.5' हुआ लॉन्च
भारतजेन ने 26 नवंबर 2026 को पत्रम 1.5 लॉन्च किया है, जिसे खास तौर पर सरकारी डॉक्यूमेंट, हाथ से लिखी पर्चियों और अलग-अलग भाषा वाले कागजों को पढ़ने के लिए बनाया गया है. ये सिस्टम धुंधली या उलझी जानकारी पर तुक्का लगाने के बजाय साफ जवाब देता है और बैंक, अस्पताल व सरकारी दफ्तरों में प्राइवेसी के साथ अपने सर्वर पर भी चल सकता है.
भारत में कागजी काम निपटाना अक्सर सिरदर्द बन जाता है. बैंक के फॉर्म हों, अस्पताल की पर्चियां या सरकारी डॉक्यूमेंट, कई बार स्कैन ठीक से नहीं होता है. ऊपर से मुहर लगी होती है और हाथ से लिखा भी होता है. स्कैन ठीक से न होने की वजह से आपके कई जरूरी काम रुक जाते हैं. इसी रोज की परेशानी को दूर करने के लिए भारतजेन ने पत्रम 1.5 उतारा है.
ये भारत में बना एक नया मॉडल है. इसे खास तौर पर भारतीय डॉक्यूमेंट और फोटोज को समझने के लिए बनाया गया है. 26 नवंबर 2026 को आए इस मॉडल में 7 अरब पैरामीटर हैं. ये पत्रम सीरीज का नया रूप है, जिसकी शुरुआत जून 2025 में पत्रम 1 से हुई थी. ये कागजों के साथ टेबल, चार्ट, फॉर्म और डायग्राम भी पढ़ सकता है. एक ही बार में ये कई फोटोज पर भी काम कर लेता है.
एक ही बार में फोटो देखकर समझता है पूरा मतलब
डाक्युमेंट को स्कैन करने वाली पुरानी टेक्नोलॉजी दो अलग-अलग तरीके से काम करती है. पहले सिस्टम स्कैन किए गए पन्ने को साधारण टेक्स्ट में बदलता है और फिर दूसरा सिस्टम उससे जुड़े सवालों के जवाब देता है.
इस तरीके में पन्ने पर लगी मुहर, हाथ से लिखे नोट्स या टेबल का ढांचा अक्सर छूट जाता है. पत्रम 1.5 इन दोनों कामों को एक साथ जोड़ देता है. ये पूरे पन्ने को एक तस्वीर की तरह देखता है, उसे पढ़ता है और एक ही बार में उसका सही मतलब निकाल लेता है.
इसमें ओसीआर 3.0 टेक्नोलॉजी दी गई है, जिससे यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से केवल खास जानकारी ही निकाल सकते हैं.
गलत अंदाजा लगाने के बजाय पूछ लेता है सवाल
बैंकिंग, स्वास्थ्य और सरकारी कामकाज में एक छोटी सी गलत एंट्री भी बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए पत्रम 1.5 को ऐसा बनाया गया है कि ये खुद से कोई तुक्का न लगाए. अगर फॉर्म का कोई हिस्सा खाली है या कोई नंबर धुंधला है, तो ये साफ बता देता है कि वो इसे क्यों नहीं पढ़ पा रहा है.
जहां थोड़ा-बहुत अंदाजा लगा सकता है, वहां ये जानकारी देने के साथ इंसान से जांच करने के लिए भी बोल देता है. अगर बिजली के बिल पर कई तारीखें लिखी हैं और आप सिर्फ तारीख पूछते हैं, तो ये खुद सवाल करता है कि आपको कौन सी तारीख चाहिए.
कठिन परीक्षाओं में साबित की अपनी काबिलियत
भारतजेन ने इस नई टेक्नोलॉजी को बाजार में उतारने से पहले 49 अलग-अलग तरीको से परखा है. इसमें 34 सार्वजनिक परीक्षाएं और पत्रमबेंच के 15 खास काम शामिल थे. इस जांच के लिए भारतीय दस्तावेजों के 8,773 पन्नों से लिए गए 11828 नमूनों का इस्तेमाल किया गया.
इसकी तुलना दुनिया के 20 अन्य बड़े विजन मॉडल और 7 खास ओसीआर सिस्टम के साथ की गई. इन सभी परीक्षणों में इस स्वदेशी टेक्नोलॉजी ने मुश्किल से मुश्किल भारतीय कागजातों को पढ़ने में बेहतरीन प्रदर्शन किया है.
आम लोग भी कर सकते हैं इसका सीधा इस्तेमाल
कोई भी व्यक्ति भारतजेन प्लेग्राउंड पर जाकर चैट के जरिए पत्रम 1.5 का इस्तेमाल कर सकता है. इसके लिए बस किसी दस्तावेज या फोटो को अपलोड करना होगा. इस प्लेटफॉर्म पर जानकारी निकालने, छांटने और अलग-अलग हिस्सों में बांटने जैसे तैयार टूल भी दिए गए हैं.
जल्द ही इसमें अनुवाद और एडिटिंग की सुविधा भी जुड़ने वाली है. भारतजेन के सीईओ ऋषि बल और आईआईआईटी हैदराबाद के प्रोफेसर रवि किरण सर्वदेवभटला का मानना है कि ये सिस्टम वित्त, स्वास्थ्य और कानूनी टीमों के लिए केवाईसी जैसे कामों को बेहद आसान बना देगा.
प्राइवेसी का रखा गया है पूरा ख्याल
ये टेक्नोलॉजी हगिंग फेस पर ओपन वेट के रूप में उपलब्ध कराई गई है. इसका आकार इतना छोटा और किफायती है कि बैंक, अस्पताल और सरकारी दफ्तर इसे अपने खुद के सर्वर पर चला सकते हैं. इससे प्राइवेट फाइलें बाहर नहीं जातीं और लोगों की प्राइवेसी पूरी तरह सुरक्षित रहती है.