SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जेब से फोन निकाले बिना होंगे सारे काम, सिरी की ताकत के साथ आ रहा एप्पल का नया स्मार्ट चश्मा; जानें क्या होगा खास?

एप्पल जून 2027 में अपना पहला स्मार्ट चश्मा पेश करने की तैयारी कर रहा है. सिरी के वॉयस कमांड से चलने वाले इस चश्मे के जरिए यूजर बिना आईफोन निकाले कैब बुक करने से लेकर कॉफी ऑर्डर करने तक के काम कर सकेंगे.

Written By Harsh Singh
Published: Nov 16, 2026, 18:26 IST | Updated: Nov 16, 2026, 19:04 IST
Join

टेक की दुनिया में अब स्मार्ट चश्मों का दौर तेजी से आगे बढ़ रहा है. मेटा और गूगल जैसी कंपनियों को सीधी टक्कर देने के लिए एप्पल भी अपने पहले स्मार्ट ग्लास की तैयारी में जुट गया है. ब्लूमबर्ग की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल अपने इस खास चश्मे के लिए सिरी को सबसे बड़ा हथियार बनाने जा रहा है.

कंपनी इस प्रोजेक्ट पर N50 कोडनेम के साथ काम कर रही है. उम्मीद है कि जून 2027 में होने वाले डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस में इस चश्मे की पहली झलक देखने को मिलेगी. वैसे इसका प्रोडक्शन इस साल के अंत तक ही शुरू होने की खबर है.

बिना फोन छुए पूरे होंगे रोज के काम

एप्पल का प्लान इस स्मार्ट चश्मे के जरिए लोगों के रोज के कामों को बेहद आसान बनाना है. रिपोर्ट के अनुसार, यूजर सिर्फ अपनी आवाज यानी वॉयस कमांड देकर ही कई बड़े काम कर सकेंगे.

इस चश्मे की मदद से आप उबर या लिफ्ट पर कैब बुक कर पाएंगे. इसके अलावा रेस्तरां में टेबल रिजर्व करना, कॉफी ऑर्डर करना और फिल्म के टिकट बुक करना भी बेहद आसान होगा.

खास बात ये है कि इन कामों के लिए आपको जेब से आईफोन बाहर निकालने या कोई ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

चरणों में मिलेगा बाहरी ऐप्स का सपोर्ट

इस स्मार्ट चश्मे में फीचर्स को जोड़ने का काम धीरे-धीरे पूरा किया जाएगा. दिसंबर 2026 में आने वाले iOS 27.3 अपडेट के साथ एप्पल सबसे पहले अपने खुद के ऐप्स का सपोर्ट शुरू करेगा.

इसके बाद थर्ड-पार्टी यानी बाहरी ऐप्स को इस सिस्टम से जोड़ा जाएगा. कंपनी ऐप डेवलपर्स को पूरा समय देना चाहती है ताकि वे अपनी सेवाओं को चश्मे के हिसाब से ढाल सकें.

ये चश्मा आपके आईफोन से जुड़कर काम करेगा और सारे बाहरी ऐप्स सीधे चश्मे के बजाय आपके फोन पर ही चलेंगे.

चश्मे में नहीं होगी डिस्प्ले स्क्रीन

पहली पीढ़ी के इस स्मार्ट चश्मे में आंखों के सामने दिखने वाली कोई ऑगमेंटेड रियलिटी स्क्रीन नहीं दी जाएगी. इसके बजाय कंपनी ने इसमें काम के स्मार्ट फीचर्स देने पर ज्यादा ध्यान लगाया है.

इस चश्मे की मदद से आप रास्ते का नेविगेशन देख सकेंगे, कॉल पर बात कर सकेंगे और मैसेज भी भेज पाएंगे. साथ ही इसमें लाइव ट्रांसलेशन, नोटिफिकेशन अलर्ट और घर के स्मार्ट प्रोडक्ट को कंट्रोल करने की सुविधा भी मिलेगी.

इसे चलाने के लिए कंपनी पुराने एप्पल वॉच चिप पर आधारित प्रोसेसर और खास विजनओएस 28 की टेस्टिंग कर रही है.

अगले फोल्डेबल फोन की भी तैयारी तेज

स्मार्ट चश्मे के साथ-साथ एप्पल अपने दूसरे फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ 2 पर भी तेजी से काम कर रहा है. इसे कंपनी के अंदर V78 कोडनेम दिया गया है.

खबर है कि कंपनी इस नए फोल्डेबल फोन की बाहरी स्क्रीन में फेस आईडी टेक्नोलॉजी देने की योजना बना रही है.

इसके शुरुआती प्रोटोटाइप तैयार भी कर लिए गए हैं. इसके अलावा फोन में जगह बचाने के लिए एक्शन बटन को कैमरा कंट्रोल बटन के साथ जोड़ने पर विचार चल रहा है.

पतले डिजाइन और कैमरे पर भी फोकस

नए फोल्डेबल आईफोन में फेस आईडी शामिल होगी या नहीं, इस पर अभी पूरी तरह कनफर्ममेशन नहीं है.

अगर कंपनी इसे अगले साल के अंत तक बाजार में लाती है, तो इंजीनियरों के पास इस टेक्नोलॉजी को पूरा करने के लिए बहुत कम समय बचा है.

कंपनी इस फोन को पहले से ज्यादा पतला और हल्का बनाने के साथ-साथ इसमें टेलीफोटो कैमरा जोड़ने पर भी काम कर रही है. वैसे पहले फोल्डेबल फोन पर ग्राहकों के सुझावों का बड़ा असर इसके तीसरे मॉडल में ही देखने को मिलेगा.

ये भी पढ़ें: आईफोन 18 खरीदने का बना रहे हैं मन, जानिए क्यों हुई लॉन्चिंग में देरी, भारत में कितनी होगी कीमत और क्या मिलेंगे नए फीचर्स?

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES