App

आईफोन 18 खरीदने का बना रहे हैं मन, जानिए क्यों हुई लॉन्चिंग में देरी, भारत में कितनी होगी कीमत और क्या मिलेंगे नए फीचर्स?

एप्पल ने सितंबर इवेंट में आईफोन 18 प्रो और फोल्डेबल आईफोन डुओ तो उतार दिए, लेकिन स्टैंडर्ड आईफोन 18 को अगले साल तक टाल दिया है. इस खबर में हम जानेंगे कि अगले साल ये फोन कब तक देखने को मिल सकता है.

आईफोन 18 खरीदने का बना रहे हैं मन, जानिए क्यों हुई लॉन्चिंग में देरी, भारत में कितनी होगी कीमत और क्या मिलेंगे नए फीचर्स?

एप्पल ने सितंबर में आईफोन 18 प्रो सीरीज और अपना पहला फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ बाजार में उतार दिया है. लेकिन इस लॉन्च में स्टैंडर्ड आईफोन 18 नहीं था. इस साल कंपनी ने नया रास्ता अपनाते हुए सभी मॉडल्स को अलग-अलग समय पर लाने का मन बनाया है.

भारत में इस साल बहुत लोग ऐसे थे, जो आईफोन 18 लेने का मन बनाकर बैठे थे. फोन के लॉन्च न होने के कारण फैंस को बहुत निराशा हुई थी.

अगर आप भी स्टैंडर्ड आईफोन 18 लेने की सोच रहे हैं, तो इस खबर में हम आपको बताएंगे कि ये फोन कब तक आएगा, इसकी कीमत क्या होगी और इसमें कौन-कौन से नए फीचर्स मिल सकते हैं.

कब होगी आईफोन 18 की एंट्री?

ताजा खबरों की मानें तो एप्पल अपने स्टैंडर्ड आईफोन 18 को साल 2027 की शुरुआत में पेश करने की तैयारी कर रहा है. माना जा रहा है कि इसे आईफोन 18e और नए आईफोन एयर के साथ ही बाजार में उतारा जाएगा.

जानकारों का कहना है कि ये लॉन्च फरवरी से अप्रैल के बीच कभी भी हो सकता है, लेकिन मार्च का महीना सबसे ज्यादा पक्का लग रहा है. कंपनी की सोच ये है कि दो अलग-अलग हिस्सों में फोन लाने से हर मॉडल पर लोगों का पूरा ध्यान जाएगा.

देरी के पीछे सामने आई ये बड़ी वजह

आपके दिमाग में ये बात जरूर आ रही होगी कि आखिर इस बार बेस मॉडल को लाने में इतनी देर क्यों लगाई जा रही है. दरअसल, एप्पल के पहले फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ को बनाने में सप्लाई चेन पर काफी बोझ पड़ रहा है.

जरूरी पुर्जों की कमी और प्रोडक्शन की दिक्कतों के कारण कंपनी को अपने प्लान को बदलना पड़ा. ऐसे में स्टैंडर्ड मॉडल को अगले साल तक टालना एप्पल के लिए समझदारी भरा कदम साबित हो रहा है.

भारत में इतनी हो सकती है नए फोन की कीमत

एप्पल ने अभी तक अपने आने वाले इस फोन की कीमतों को लेकर कोई पक्का ऐलान नहीं किया है. फिर भी टेक मार्केट के जानकारों के अनुमान से इसके दाम का साफ अंदाजा मिल जाता है.

भारत में स्टैंडर्ड आईफोन 18 की शुरुआती कीमत करीब 99,900 रुपये के आसपास रखी जा सकती है. स्टोरेज की बात करें तो कंपनी इसे 256GB और 512GB के दो ऑप्शन में उतार सकती है. अगर आपको 1TB जैसा बड़ा स्टोरेज चाहिए, तो फिर प्रो मॉडल ही खरीदना होगा.

नया प्रोसेसर और बड़ी बैटरी बनाएगी इसे खास

बाहरी बनावट के मामले में आईफोन 18 में कोई बहुत बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. लेकिन अंदर से यह फोन पहले के मुकाबले काफी ज्यादा ताकतवर होने वाला है.

इसमें कंपनी की बिल्कुल नई A20 चिप मिल सकती है जो एडवांस 2nm टेक्नोलॉजी पर बनी है. इसका सीधा मतलब ये है कि फोन की रफ्तार मक्खन जैसी तेज होगी और बैटरी भी कम खर्च होगी.

इसके अलावा पुराने आईफोन 17 से बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है, जिससे एक बार चार्ज करने पर फोन लंबे समय तक साथ देगा.

तगड़ा डिस्प्ले, कैमरा और तेज नेटवर्क का मिलेगा मजा

स्क्रीन की बात करें तो इसमें पहले जैसा ही 6.3-इंच का OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ बेहद स्मूद चलेगा. ऊपर की तरफ डायनेमिक आइलैंड का कटआउट पहले से थोड़ा छोटा हो सकता है.

फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए पीछे की तरफ 48-मेगापिक्सल के दो बेहतरीन कैमरे मिलने की उम्मीद है. साथ ही बेहतर सिग्नल और 15 फीसदी कम बैटरी खपत के लिए इसमें नया C2 मॉडेम और 8GB से 9GB तक की रैम दी जा सकती है.

ये सभी बातें शुरुआती रिपोर्ट्स पर आधारित हैं, इसलिए पक्की जानकारी के लिए एप्पल के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More