App

'ऐसी कौन-सी मजबूरी थी कि...', रामराजा मंदिर के खजाने को गुपचुप खोलने पर पूर्व सीएम ने उठाए सवाल, अब मचा सियासी बवाल

ओरछा के रामराजा मंदिर का खजाने पर ताले काटकर गुपचुप खोलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. जबकि मंदिर व्यवस्थापक ने ताले काटने की बात को भ्रामक बताया है.

'ऐसी कौन-सी मजबूरी थी कि...', रामराजा मंदिर के खजाने को गुपचुप खोलने पर पूर्व सीएम ने उठाए सवाल, अब मचा सियासी बवाल
Image Credit: ZEE CREATIVE

बुंदेलखंड की दूसरी अयोध्या कहे जाने वाली भगवान रामराजा की नगरी ओरछा में स्थित भगवान रामराजा मंदिर के खजाने को जिला प्रशासन द्वारा ताले काटकर गुपचुप खोले जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ट्वीट ने सियासी बहस और तेज कर दी है. दिग्विजय सिंह ने ट्वीट में प्रशासन से पूछा है की ऐसी क्या आवश्यकता आ गई थी कि खंजाने के ताले काटने पड़ गए. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सनातन यात्रा 26 नवंबर को ओरछा पहुंचेगी, जहां वे इस मामले को उठायेंगे.

वहीं अब इस पूरे मामले में जिला प्रशासन बचाव की मुद्रा में आ गया है. खजाना खोले जाने और उसकी वीडियोग्राफी कराने के साथ साथ सत्यापन कराने की बात स्वीकार कर रहा है. तहसीलदार और स्थानीय मंदिर व्यवस्थापक जगदीश रंधावा का कहना है कि ताले काटे जाने की बात असत्य व भ्रामक है. जिला कलेक्टर के निर्देश पर 6 सदस्यीय एक कमेटी बनाई गई थी, जिसने जो दान में आभूषण या अन्य सामग्री मंदिर को प्राप्त हुई है, उसका सत्यापन किया है.

पहले भी हो चुका है सत्यापन

गौरतलब है कि रामराजा मंदिर की देखभाल व व्यवस्था के लिए शासकीय ट्रस्ट बना हुआ है, जिसमें मुख्य व्यवस्थापक जिले का कलेक्टर होता है. स्थानीय स्तर पर कलेक्टर की ओर से ओरछा के तहसीलदार पूरा काम देखते हैं. यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व जब निवाड़ी जिला नहीं बना था, तब निवाड़ी टीकमगढ़ जिले के अंतर्गत आता था. उस समय तत्कालीन भाजपा की सुंदरलाल पटवा सरकार में मंदिर का खजाना खोलकर खजाने का सत्यापन कराया गया था.

पहले भी लग चुके हैं ऐसे आरोप

उस दौरान भी इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगे थे, जिसके बाद 2007 व 2008 में तत्कालीन कलेक्टर टीकमगढ़ के समय भी खजाना खोलने की तैयारियां की गई थीं, लेकिन विरोध होने पर इसे रोक दिया गया था. इसके बाद वर्तमान निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े ने हाल ही में 6 सदस्यीय टीम बनाकर 1 नवंबर 2026 को इस खजाने को दोबारा खोलने और दान में मिले आभूषण व अन्य सामग्रियों के सत्यापन का आदेश जारी किया था.

कब काटे गए गेट के ताले ?

इसके बाद 2 और 3 नवंबर को गुपचुप तरीके से ताले काटकर इसे खोला गया, जिसके बाद यह सारा विवाद उठ खड़ा हुआ है. विवाद के बाद से निवाड़ी जिले की कलेक्टर जमुना भिड़े न तो मीडियाकर्मियों के फोन उठा रही हैं और न ही वे आज सोमवार कार्यालयीन दिन होने के बाद दफ्तर पहुंची हैं. वहीं, बंगले से जवाब मिलता है कि वे ऑफिस में हैं और ऑफिस से उत्तर मिलता है कि अभी कार्यालय नहीं आई हैं.

स्थानीय लोगों में भी काफी रोष

वहीं, मंदिर प्रशासन द्वारा गुपचुप तरीके से ताला काटकर खजाना खोले जाने की खबर से सियासत के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी भारी रोष देखने को मिल रहा है. स्थानीय लोगों कपिल मिश्रा, राम नरेश दास महाराज का कहना है कि भगवान के गर्भगृह की तिजोरी में बहुमूल्य हीरे-जवाहरात और आभूषण रखे हुए हैं और भगवान के खजाने को इस तरह प्रशासन द्वारा गुपचुप तरीके से खोला जाना जिला प्रशासन की नीयत पर संशय और शंका खड़ी करता है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए.

कांग्रेस और ज्यादा आक्रामक

इस पूरे मामले में कांग्रेस पार्टी दिग्विजय सिंह के ट्वीट के बाद और ज्यादा आक्रामक हो गई है. कांग्रेस प्रवक्ता अवनीश बुंदेला ने भोपाल से बयान जारी कर बुंदेलखंड के ओरछा स्थित रामराजा मंदिर को सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर की चेस्ट (तिजोरी) का ताला तोड़कर प्रशासन द्वारा मनमाने तरीके से खोला जाना कई सवाल खड़े करता है. उन्होंने आशंका जताई कि कहीं ओरछा मंदिर में भी अयोध्या जैसी चंदा चोरी या चढ़ावे और खजाने में चोरी तो नहीं की जा रही है. वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी सवाल उठाया कि 7 नवंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ओरछा पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने इस मामले का संज्ञान क्यों नहीं लिया.

(रिपोर्टः सत्येंद्र परमार, निवाड़ी)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More