SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

आपकी एक-एक बात सुनेगा, समझेगा और फिर खुद बनाएगा शॉपिंग लिस्ट, जानिए क्या है Amazon के नए AI गैजेट्स का राज

Amazon ने अपने दो नए AI डिवाइसेज Bee Frontier और Bee Eclipse लॉन्च किए हैं जो आपकी बातें सुनकर समरी, रिमाइंडर और टू-डू लिस्ट खुद तैयार करेंगे. सात से इक्कीस दिनों की बैटरी लाइफ और गजब के प्राइवेसी फीचर्स के साथ यह आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को बहुत आसान बना देंगे.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Oct 16, 2026, 12:41 PM IST | Updated: Oct 16, 2026, 12:47 PM IST
Image Credit: Amazon Bee Frontier
Join

Amazon दो ऐसे AI डिवाइसेज लेकर आया है, जो आपकी हर बातचीत को याद रखेंगे. Amazon Bee Frontier और Amazon Bee Eclipse नाम के ये गैजेट्स आपके डेली रूटीन को आसान बनाने के लिए तैयार किए गए हैं. आइए जानते हैं इसमें यूजर्स के लिए क्या-क्या फीचर्स मिलेंगे...

अमेजन लाया नया AI
भागदौड़ भरी लाइफ में बहुत सारी चीजें याद रखना बहुत मुश्किल काम हो गया है. इसी प्रॉब्लम को सॉल्व करने के लिए अमेजन ने दो स्मार्ट AI डिवाइसेज लॉन्च किए हैं. इनके नाम हैं Bee Frontier और Bee Eclipse. ये डिवाइस आपकी रोजाना की बातचीत को आसानी से समरी, रिमाइंडर और काम की लिस्ट में बदल देते हैं. इसका मतलब है कि अब आपको कुछ भी अलग से नोट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

वियरेबल भी और स्टाइलिश भी: Bee Frontier
सबसे पहले बात करते हैं Amazon Bee Frontier की. यह एक बहुत ही हल्का और ट्रेंडी वियरेबल डिवाइस है जिसे आप अपनी कलाई पर बांध सकते हैं या फिर अपने कपड़ों पर क्लिप कर सकते हैं. इसमें आपको सॉफ्ट सिलिकॉन बैंड मिलता है जो दिखने में बहुत प्रीमियम लगता है. यह तीन खूबसूरत कलर्स - लेवेंडर, सेज और ऑनिक्स में आता है.

यह डिवाइस IP67 वॉटर-रेजिस्टेंस रेटिंग के साथ आता है. इसमें आपको USB-C चार्जिंग मिलती है और इसकी बैटरी पूरे 7 दिनों तक आसानी से चल जाती है. भीड़-भाड़ वाली जगह जैसे रेस्टोरेंट या ऑफिस में भी आपकी आवाज साफ रिकॉर्ड करने के लिए इसमें नॉइज फिल्टरिंग वाले दो दमदार माइक्रोफोन दिए गए हैं.

क्रेडिट कार्ड जैसा स्लिम: Bee Eclipse
अगर आप कलाई पर कुछ पहनना पसंद नहीं करते तो Amazon Bee Eclipse आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है. यह एक बहुत ही पतला और हल्का डिवाइस है, जिसका साइज लगभग एक क्रेडिट कार्ड जितना ही है. यह मैग्नेट की मदद से सीधे आपके स्मार्टफोन के पीछे चिपक जाता है.

इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी पावरफुल बैटरी है. Amazon का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर यह डिवाइस 21 दिनों से भी ज्यादा समय तक बिना रुके काम कर सकता है. यह उन लोगों के लिए एकदम सही है जो बार-बार चार्जिंग के झंझट से बचना चाहते हैं.

बातें याद रखेगा और ईमेल भी लिखेगा
ये दोनों ही Bee AI डिवाइसेज आपकी मीटिंग्स, पर्सनल प्लान्स और टास्क को ट्रैक करने के लिए बनाए गए हैं. आप अपनी बातचीत के सारे मुख्य पॉइंट्स और समरी Bee के मोबाइल ऐप या नए डेस्कटॉप ऐप पर आराम से देख सकते हैं.

यह सॉफ्टवेयर इतना स्मार्ट है कि यह बार-बार होने वाली चर्चाओं को पहचान लेता है और आपको सही लक्ष्य या सुझाव भी देता है. सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसे Gmail, Google Calendar और Microsoft Outlook जैसे ऐप्स से कनेक्ट कर सकते हैं. आपकी बातों के हिसाब से यह अपने आप टू-डू लिस्ट बना सकता है, फॉलो-अप ईमेल्स का ड्राफ्ट तैयार कर सकता है और कैलेंडर में इनवाइट भी सेट कर सकता है. इसके अलावा आप इसे अपने Apple HealthKit और फोटोज से भी जोड़ सकते हैं.

Alexa+ और शॉपिंग का नया एक्सपीरियंस
Amazon ने इन AI डिवाइसेज को केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग तक ही सीमित नहीं रखा है. कंपनी ने इसे Alexa+ और Amazon.com के साथ भी सीधे जोड़ दिया है. अगर आप Bee को Alexa+ से कनेक्ट करते हैं, तो आपको अपना फोन उठाने की भी जरूरत नहीं है. आप सीधे बोलकर अपनी मीटिंग की समरी मांग सकते हैं या अपनी टू-डू लिस्ट सुन सकते हैं.

इसके अलावा शॉपिंग का अनुभव भी काफी पर्सनल होने वाला है. अगर आप बातचीत के दौरान किसी सामान का जिक्र करते हैं जिसे आप खरीदना चाहते हैं, तो Bee अपने आप उस प्रोडक्ट के ऑप्शन आपको Amazon के होमपेज और ऐप पर दिखाना शुरू कर देगा.

प्राइवेसी का रखा गया है पूरा ध्यान
जब भी बात आवाज रिकॉर्ड करने वाले डिवाइसेज की आती है, तो प्राइवेसी को लेकर मन में सवाल जरूर उठता है. Amazon ने इस बात का पूरा ख्याल रखा है. दोनों ही डिवाइसेज में एक फिजिकल बटन दिया गया है जिससे आप जब चाहें ऑडियो प्रोसेसिंग को बंद या चालू कर सकते हैं. जब भी डिवाइस एक्टिव होता है, तो उस पर एक लाइट जलती है जिससे आपको पता चल जाएगा कि माइक ऑन है.

कंपनी का कहना है कि ऑडियो को रियल-टाइम में प्रोसेस किया जाता है और काम पूरा होने के बाद उसे तुरंत डिलीट कर दिया जाता है. इसे बाद के लिए कहीं भी स्टोर नहीं किया जाता. इसके साथ ही जब भी आप रिकॉर्डिंग शुरू करेंगे, तो यह आपको सामने वाले इंसान से इजाजत लेने के लिए भी कहेगा. फिलहाल Amazon ने इन दोनों AI डिवाइसेज की कीमत और मार्केट में मिलने की तारीख का खुलासा नहीं किया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES