सैमसन या वैभव... अफगानिस्तान के खिलाफ कौन करेगा ओपन, दोनों खेले तो कैसी होगी टीम इंडिया की प्लेइंग XI?
भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की T20I सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होगा. हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक को बतौर ओपनर चुनने की कठिन चुनौती होगी.
अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की T20I सीरीज में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर को एक कठिन फैसला लेना होगा. दोनों के सामने बेहतर ओपनिंग विकल्प चुनने की चुनौती होगी. अभिषेक शर्मा तो पिछले दो सालों से सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे हैं, लेकिन इस दौरान उनका जोड़ीदार बदलता रहा है. 15 साल के युवा धुरंधर वैभव सूर्यवंशी ने भी ओपनिंग के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है. जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में उन्होंने दो अर्धशतक ठोके और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 3 मैचों में 50.33 की औसत और 196.10 के स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए थे.
जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के लिए ओपनिंग का रास्ता इसलिए खुला क्योंकि अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन को आराम दिया गया था. हालांकि, अब संजू ने टीम में वापसी कर ली है. इसी साल टी20 वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने में सैमसन का सबसे बड़ा योगदान रहा था. इस लिहाज से देखें तो टीम मैनेजमेंट के लिए दोनों में से किसी एक को चुनना बिल्कुल आसान नहीं होगा.
इंग्लैंड में हुए रोटेट, जिम्बाब्वे में संजू बाहर
आईपीएल 2026 में तहलका मचाने के बाद वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम इंडिया का दरवाजा खुला. उन्हें यूके दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया. ऐसी उम्मीद लगाई गई थी कि आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में वैभव डेब्यू करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. वो बेंच पर बैठे और संजू सैमसन को तीनों मैचों में ओपनिंग करने का मौका मिला. हालांकि, संजू तीनों मैचों में फ्लॉप साबित हुए. आयरलैंड ने 2-0 से सीरीज पर कब्जा किया.
इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ हुए 5 मैचों की T20I सीरीज में भी पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ा. मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे मुकाबले में उनकी किस्मत चमकी और आखिरकार उन्हें डेब्यू करने का मौका मिला. वैभव के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट की पहली सीरीज यादगार नहीं रही. वो इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों में सिर्फ 42 रन ही बना सके. आखिरी मैच में उन्हें ड्रॉप कर संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली.
जिम्बाब्वे में सूर्यवंशी ने दिखाया अपना 'वैभव'
आयरलैंड और इंग्लैंड में सीरीज हारकर श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम जिम्बाब्वे दौरे पर गई. संजू सैमसन को आराम दिया गया, इसलिए वैभव सूर्यवंशी को लगातार 3 मैचों में ओपनिंग करने का मौका मिला. 15 साल के विस्फोटक बल्लेबाज ने इस मौके को दोनों हाथ से भुनाते हुए बल्ले से तहलका मचाया और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए. अब गंभीर-श्रेयस के सामने बड़ी चुनौती ये है कि संजू भी टीम का हिस्सा हैं. अभी तक सैमसन और वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए एक साथ नहीं खेले हैं. दोनों में से किसी एक को ही प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है.
दोनों खेले तो कैसी होगी प्लेइंग इलेवन?
अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज में टीम मैनेजमेंट के सामने वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को साथ में खिलाने का रास्ता भी खुला है. हालांकि, ये फैसला भी आसान नहीं होगा. अगर ऐसा होता है तो बैटिंग ऑर्डर में बदलाव करनी होगी. इस स्थिति में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और ईशान किशन में से किसी 3 को ही प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाया जा सकता है. नंबर-4 पर श्रेयस अय्यर और नंबर-5 पर तिलक वर्मा खेल सकते हैं.
आईपीएल में नंबर-3 पर खेलते हैं सैमसन
अगर टीम मैनेजमेंट चाहे तो अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी से ओपनिंग और संजू सैमसन को नंबर-3 पर भेज सकते हैं. संजू आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए ज्यादातर इसी पोजिशन पर खेले हैं. वहीं, वैभव सूर्यवंशी को नंबर-3 पर भेजना बेईमानी होगी, क्योंकि वो आईपीएल में भी ओपनिंग करते हैं और पावरप्ले में चौके-छक्के लगाने में माहिर हैं. हालांकि, भारत के लिए नंबर-3 पर फिलहाल ईशान किशन ने अपनी सीट कन्फर्म कर रखी है और उन्हें इस पोजिशन से हिलाना आसान नहीं होगा.
वैभव-सैमसन खेले तो ये हो सकती है प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह.
अभिषेक के लिए भी खतरा बन सकते हैं वैभव सूर्यवंशी?
एक सोच वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के साथ ओपनिंग करने की भी हो सकती है. ऐसा होता है तो अभिषेक शर्मा की मुश्किलें बढ़ सकती है, जिनका हालिया फॉर्म अच्छा नहीं रहा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ही अभिषेक उस अंदाज में नहीं खेल रहे हैं, जैसा पिछले साल खेल रहे थे. जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए आखिरी सीरीज में एक तरफ वैभव बल्ले से तबाही मचा रहे थे तो दूसरी तरफ अभिषेक एक-एक रन के लिए तरसते दिखे. तीन मैचों में वो सिर्फ 11 रन ही बना सके. इससे भी चिंताजनक बात ये है कि अभिषेक शर्मा इस साल अभी तक 9 टी20 मैचों में बिना खाता खोले आउट हुए हैं.
भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होगा. दूसरा मुकाबला 15 सितंबर और तीसरा 17 सितंबर को खेला जाएगा. ये तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे.
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (C), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (VC), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर*, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा*
नोट: * का मतलब है कि इन खिलाड़ियों का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा